दिल्ली: 2.04 करोड़ हो चुका है टीकाकरण, 1.29 करोड़ ने ली है पहली खुराक, धीमी पड़ी रफ्तार
गुरुवार को पूरे दिन में 55 हजार ही टीकाकरण हो पाया है। शाम छह बजे तक 55,116 लोगों को टीकाकरण दर्ज किया गया। यह स्थिति तब है जब दिल्ली सहित पूरे देश में वैक्सीन आपूर्ति में सुधार हुआ है।
विस्तार
एक तरफ दिल्ली के 10 में से सात लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर एंटीबॉडी हासिल कर चुके हैं, वहीं दूसरी ओर वैक्सीन के जरिए एंटीबॉडी देने का सिलसिला कम हुआ है। अगर कोरोना टीकाकरण के आंकड़ों को देखें तो बीते 30 में से 10 ही दिन एक लाख या उससे अधिक कोरोना टीकाकरण हुआ है। जबकि बीते 11 दिन से लगातार टीकाकरण की संख्या एक लाख से कम ही दर्ज की जा रही है।
अगर गुरुवार की स्थिति देखें तो पूरे दिन में 55 हजार ही टीकाकरण हो पाया है। शाम छह बजे तक 55,116 लोगों को टीकाकरण दर्ज किया गया। यह स्थिति तब है जब दिल्ली सहित पूरे देश में वैक्सीन आपूर्ति में सुधार हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार राज्यों के पास वैक्सीन का भंडारण 11.80 करोड़ से अधिक है। दिल्ली में भी वैक्सीन अगले 15 दिन के हिसाब से उपलब्ध कराई गई है।
टीकाकरण में आई कमी को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कोई कारण नहीं बताया लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली में अचानक से टीकाकरण की गति मंद हुई है जोकि किसी भी लिहाज से उचित नहीं है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. शांतनु सेन ने बताया कि दिल्ली में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु वालों की कुल आबादी 1.50 करोड़ के आसपास है।
यह संख्या और भी अधिक हो सकती है क्योंकि दिल्ली चुनाव कार्यालय और 2011 की जनसंख्या के आधार पर यह संभावित आबादी है। अगर इसी आंकड़े को ही सही मान लिया जाए तो दिल्ली में अभी 1.50 में से 1.29 करोड़ लोग ही वैक्सीन ले पाए हैं। अभी भी 20 लाख से कहीं ज्यादा लोग वैक्सीन की एक भी खुराक नहीं ले पाए हैं। इन लोगों की तलाश करना और इन्हें वैक्सीन देना बहुत जरूरी है क्योंकि इतनी संख्या में वैक्सीन न लेने वाले भविष्य में संक्रमण कैरियर भी हो सकते हैं।
कोविन वेबसाइट के अनुसार 28 सितंबर से 27 अक्तूबर के बीच 10 दिन कोरोना का टीकाकरण एक लाख से अधिक रहा है। दिल्ली ने एक-एक दिन में 2 से 2.50 लाख तक टीकाकरण किया है जबकि कुल क्षमता तीन लाख से भी अधिक है। बृहस्पतिवार को दिल्ली के 1356 केंद्रों पर वैक्सीन दिया गया जिनमें 1200 से ज्यादा सरकारी केंद्र ही शामिल थे जहां निशुल्क वैक्सीन दी जा रही थी। वेबसाइट के अनुसार 17 अक्तूबर के बाद से टीकाकरण का ग्राफ ऊपर नहीं बढ़ा है।