Alert : दिल्ली में कैश भरने वाले ही पासवर्ड हैक कर एटीएम से निकालने लगे थे रकम, 50 लाख पार
आरोपियों ने दक्षिण दिल्ली में स्थित चार एटीएम से 50 लाख रुपये निकाल लिए थे। आरोपी एटीएम का पासवर्ड हैक कर उसे खोल लेते थे और उसमें से कैश निकाल लेते थे। दक्षिण जेल की नेबसराय थाना पुलिस ने कंपनी के दो पूर्व कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटीएम क्योस्क में कैश डालने वाली कंपनी के कर्मचारी ही एटीएम से कैश निकालने में लगे हुए थे। आरोपियों ने दक्षिण दिल्ली में स्थित चार एटीएम से 50 लाख रुपये निकाल लिए थे। आरोपी एटीएम का पासवर्ड हैक कर उसे खोल लेते थे और उसमें से कैश निकाल लेते थे। दक्षिण जेल की नेबसराय थाना पुलिस ने कंपनी के दो पूर्व कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की रकम से 10 लाख व 20 हजार रुपये बरामद किए है। दोनों आरोपी दुबई भागने की फिराक में थे। ये फरार होने के लिए वीजा लगा रहे थे। बहन की शादी में हुए कर्जे को उतारने के लिए ये पैसे चुराने लगे थे।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि शनि बाजार रोड, संगम विहार स्थित एक एटीएम कियोस्क से नकदी चोरी/गायब होने के संबंध में एक पीसीआर कॉल छह-सात जुलाई को मिली थी। सूचना के बाद एसआई अजीत व एसआई विनीत तुरंत मौके पर पहुंचे। फोन करने वाले कैश डालने वाली एएस इंडिया लि. कंपनी के कर्मचारी ने बताया कि उसने कैशियर के साथ एक जुलाई, 23 की शाम 6 बजे एटीएम में 7,00,000 रुपये जमा किए। इससे एटीएम में कुल रकम 23,21,600 रुपये हो गई। इसके अलावा ५ जुलाई को 2 एटीएम से नकदी नहीं निकली थी। पता लगा कि एक एटीएम से 18,40,000 रुपये दूसरे एटीएम से 12,50,000 रुपये गायब मिले। ये एटीएम शनिबाजार रोड, तिगड़ी, मांडी गांव व फतेहपुर बेरी में स्थित हैं। सहायक प्रबंधक की ओर से दर्ज कराई शिकायत में कहा गया है कि चार एटीएम में करीब 51 लाख रुपये गायब मिले।
मामला दर्जकर एसआई अजीत, एसआई विनीत, हवलदार विक्रम व सिपाही सुनील की टीम ने जांच शुरू की। हवलदार विक्रम को विशेष तौर पर मोबाइल सर्विलांस पर लगाया गया। पुलिस टीम ने एटीएम में कैश जमा कराने वाली कंपनी के कर्मचारियों व हाल ही में नौकरी छोड़ कर गए कर्मचारियों से पूछताद की। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने पर कंपनी के दो कर्मचारी विवेक कुमार व शाहिल रजा अंसारी और एक इनके साथी (पहचान नहीं हुई) को एटीएम से नकदी निकालते हुए पाया गया।
छह मोबाइल व 13 सिम बदले
पता लगा कि विवेक व शाहिल रजा अंसारी गायब हैं। हवलदार विक्रम को मोबाइल सर्विलांस से पता लगा कि आरोपी जल्दी-जल्दी अपनी जगह बदल रहे हैं। ये फरारी के दौरान आजमगढ़ व असम गए। विवेक ने कुछ ही दिनों में छह मोबाइल व 13 सिम का इस्तेमाल किया। इसके बाद एसआई अजीत की टीम ने दोनों को मीठापुर से गिरफ्तार कर लिया। शाहिल रजा अंसारी पुत्र जहरुद्दीन अंसारी (28)ग्राम बीबीपुर, तहसील गोसी, थाना मधुबन, जिला-मऊ, यूपी का रहने वाला है।
एटीएम को खराब कर कंपनी से पासवर्ड ले लिया
आरोपियों ने बताया कि वह एटीएम में कैश डालने वाली एएस इंडिया कंपनी में काम करते थे। जब भी वे नकदी लोड करते थे या नकदी वितरण संबंधी कॉल आती थी, कंपनी उन्हें ओटीपी साझा करती थी, जिसके द्वारा एटीएम मशीनें खोली जाती थीं। आरोपियों ने एक से दो जुलाई के बीच एटीएम से डिस्पेंसर तार हटा दिया। इसके लिए कंपनी को अपने मुख्य कार्यालय से डिस्पेंसिंग इश्यू कॉल प्राप्त हुई और वही कॉल आरोपी विवेक को सौंपी गई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के आधिकारिक तौर पर ओटीपी की मदद से एटीएम खोले और एटीएम से नकदी चुरा ली थी। एक तरह इन्होंने पासवर्ड हैक कर लिया था।
इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन परिसर से कैश वैन का चालक 51 लाख रुपये लेकर फरार
उत्तरी जिला के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में रुपये डालने आया वैन चालक 51 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के समय उसके साथ मौजूद कर्मचारी एटीएम में पैसे डालने गए थे। चालक ने वैन में मौजूद बक्से का ताला तोड़कर उससे नकदी निकाल ली और अपने एक साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। उत्तरी जिला और मेट्रो पुलिस के बीच कुछ देर तक सीमा विवाद होता रहा। इसके बाद नेताजी सुभाष प्लेस मेट्रो थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर एटीएम में रुपये डालने वाली सीएमएस कंपनी की वैन इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन परिसर में स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में पैसे डालने के लिए पहुंची। वैन को पार्किंग एरिया में खड़ी करने के बाद गार्ड और कस्टोडियन पैसे का एक बॉक्स लेकर एटीएम में चले गए। जबकि चालक वैन में ही बैठा रहा। कस्टोडियन सूरज ने पुलिस को बताया कि किसी वजह से एटीएम में रुपये नहीं डाले जा रहे थे। वे वापस वैन के पास पहुंचे। उन्होंने दूर से ही देखा कि वैन का चालक एक बाइक पर बैठकर वहां से भाग रहा है। सूरज तुरंत कैश वैन के पास पहुंचा। उसने देखा कि वैन में रखे बॉक्स के ताले को तोड़कर चालक उसमें रखे 51 लाख रुपये को लेकर फरार हो गया है।
सूरज ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूत्रों का कहना है कि सूचना मिलते ही सराय रोहिल्ला थाना और नेताजी सुभाष प्लेस मेट्रो स्टेशन थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों थानों के बीच सीमा को लेकर कुछ देर तक विवाद चलता रहा। आला अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद नेताजी सुभाष प्लेस मेट्रो थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कंपनी के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय बॉक्स में कितने रुपये थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी चालक को दबोचने के लिए पांच टीमें गठित कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे और तकनीकी जांच की मदद से आरोपी को दबोचने के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।