{"_id":"64ee9056b4c94947d1046603","slug":"biden-jaleba-will-sweeten-the-mouth-of-the-guests-during-g-20-summit-2023-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"G-20 Summit : मेहमानों का मुंह मीठा करेगा बाइडेन जलेबा, तीखा अहसास कराएगा जिनपिंग कांजी वड़ा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
G-20 Summit : मेहमानों का मुंह मीठा करेगा बाइडेन जलेबा, तीखा अहसास कराएगा जिनपिंग कांजी वड़ा
Wed, 30 Aug 2023 06:12 AM IST
दुष्यंत शर्मा
राकेश शर्मा/नवनीत शरण, नई दिल्ली
राकेश शर्मा/नवनीत शरण, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 30 Aug 2023 06:12 AM IST
सार
दरअसल चांदनी चौक के व्यापारियों ने मेहमानों के सम्मान में अपने पारंपरिक व्यंजनों के नाम उन पर रखे हैं। व्यापारियों का कहना है कि आयोजन के दौरान सभी राष्ट्राध्यक्ष व अन्य हमारे मेहमान हैं। इन्हें देश का स्वाद देने के लिए बाजार पूरी तरह से तैयार हैं।
विज्ञापन
ये है जलेबा...
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने आ रहे विदेशी मेहमानों का बाइडेन जलेबा मुंह मीठा करेगा, जबकि तीखापन का स्वाद शी जिनपिंग कांजी वड़ा देगा। दरअसल चांदनी चौक के व्यापारियों ने मेहमानों के सम्मान में अपने पारंपरिक व्यंजनों के नाम उन पर रखे हैं। व्यापारियों का कहना है कि आयोजन के दौरान सभी राष्ट्राध्यक्ष व अन्य हमारे मेहमान हैं। इन्हें देश का स्वाद देने के लिए बाजार पूरी तरह से तैयार हैं।
विज्ञापन
चांदनी चौक में जलेबा और रबड़ी परोस रहे रमाकांत शर्मा ने बताया कि 110 साल से परिवार जलेबा और रबड़ी खिला रहा है और वह चौथी पीड़ी है। विदेशी मेहमान दिल्ली आ रहे हैं, ऐसे में उनके सम्मान में अपने उत्पाद का नाम बाइडेन जलेबा रखा है। स्वाद में मीठा जलेबा रबड़ी के साथ मुंह में जाते ही एक नया स्वाद देता है। हमें उम्मीद है अमेरिकी मेहमान यहां आएंगे।
विज्ञापन
चांदनी चौक में पिछले 26 साल से कांजी वड़ा परोस रहे दिनेश कुमार ने बताया कि राई से तैयार तीखा पानी मूंग की दाल से बने वड़ा के साथ परोस रहे हैं। यह खाने में हल्का तीखा होता है और गले से नीचे उतरते हुए कई स्वाद देता है। इसका नाम शी जिनपिंग कांजी वड़ा रखा है। विदेशी मेहमानों को यह काफी पसंद आएगा। चांदनी चौक में 40 साल से मटका रबड़ी परोस रहे शैलभ जैन ने बताया कि जी-20 के लिए खास तैयारी की है। रबड़ी को खास धीमी आंच में पकाया जाता है। इसमें स्वाद को बढ़ाने के लिए विशेष मेवे, ड्राई फ्रूट डाला जा रहा है।
विज्ञापन
कारोबारियों का कहना है कि ऋषि सुनक मटका रबड़ी को खास विदेशी मेहमानों के लिए तैयार कर रहे हैं। चांदनी चौक में 36 साल से छोले भटूरे परोस रहे अमित जैन ने बताया कि छोले भटूरे दिल्ली की शान हैं। इस बार विदेशी मेहमानों को देखते हुए विशेष भटूरे बना रहे हैं जो आकार में दोगुना हैं। इस भटूरे का नाम शाह सलमान रखा है।
मोदी समोसे भी रहेंगे खास, आकार में छोटे पर स्वाद सबसे अलग
200 साल से चांदनी चौक में भल्ला पापड़ी की दुकान चला रहे परिवार की सातवीं पीढ़ी तरुण कुमार ने बताया कि दिल्ली जो भी आता है, वह पुरानी दिल्ली में भल्ले पापड़ी का स्वाद जरूर लेता है। इस बार जी-20 के लिए विशेष स्वाद तैयार किया है। इसका नाम पुतिन भल्ला रखा है जो लोगों को पुरानी दिल्ली का चटपटा और तीखा स्वाद देगा। चांदनी चौक में कई साल से समोसे परोस रहे अभिषेक जैन ने बताया कि उन्होंने खास मोदी समोसे तैयार किए हैं। यह आकार में छोटे हैं लेकिन स्वाद सबसे अलग है।
व्यापारियों ने पोते पोतियों को बुलाया
विदेशी मेहमानों से बात करने के लिए व्यापारियों ने अपने पोते-पोतियों को भी बुलाया है। सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि आयोजन के दौरान विदेशी मेहमान दिल्ली आएंगे। ऐसे में उनसे अंग्रेजी में बात करने के लिए व्यापारियों के पोते-पोतियां भी आ रहे हैं। इसके अलावा व्यापारी खुद भी अंग्रेजी सीख रहे हैं। कुछ लोगों ने गाइड भी हायर करने की तैयारी कर ली है।
देसी मिलेट्स वाली इडली और डोसा चखेंगे विदेशी मेहमान
विदेशी मेहमानों के स्वागत की तैयारियां जोरों पर है। उनके खानपान के लिए भी विशेष तैयारियां होटलों में की जा रही हैं। हर तरह के व्यंजन के साथ ही स्पेशल देसी मिलेट्स वाली इडली और डोसा भी परोसा जाएगा। फाइव स्टार होटलों को खासतौर पर हिदायत दी गई है कि मिलेट्स वाला दो तरीके का पकवान अपने व्यंजनों में जरूर शामिल करें। दरअसल इंटरनेशनल मिलेट्स ऑफ द ईयर 2023 को घोषित किया गया है।
फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष व होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ नार्दर्न इंडिया के अध्यक्ष गिरिश ओबेरॉय ने बताया कि दूतावासों से जो भी प्रोटोकॉल आता है उसके अनुसार फाइव स्टार होटलों के बावर्चियों को ट्रेनिंग दी जाती है। मिलेट्स फूड्स के स्पेशल काउंटर होंगे।
मेहमानों के खानसामा भी होंगे खास
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत सभी को ठहराने के लिए फाइव स्टार होटलों का चयन किया गया है। ज्यादातर मेहमान होटलों के प्रेसिडेंशियल सुइट में रुकेंगे। कई देशों के खानसामा भी उनके लिए पहुंचेंगे। अमेरिका, चीन, सऊदी अरब, फ्रांस के राजनयिकों के लिए खाद्य सामग्री भी उसी देश से पहुंचेगी। विदेशी खानसामे के साथ कुछ खानसामा भारतीय होटलों के भी होंगे।