{"_id":"63c49c1355f5bc1ca436fc65","slug":"after-the-kanjhawala-incident-questions-are-being-raised-on-delhi-police-pcr-system-2023-01-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi Police : व्यवस्था होगी लचर तो कैसे होगी दिल्ली की सुरक्षा, कंझावला कांड के बाद पीसीआर पर लगे सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi Police : व्यवस्था होगी लचर तो कैसे होगी दिल्ली की सुरक्षा, कंझावला कांड के बाद पीसीआर पर लगे सवाल
Mon, 16 Jan 2023 06:06 AM IST
Jeet Kumar
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
Published by: Jeet Kumar
Updated Mon, 16 Jan 2023 06:06 AM IST
सार
पीसीआर सिस्टम को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अमर उजाला के छह संवाददाताओं ने छह अलग-अलग रूट पर पीसीआर वैन का रियलिटी चेक किया। ज्यादातर जगहों पर स्थिति बहुत ही दयनीय मिली।
विज्ञापन
फाइल फोटो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कंझावला कांड के बाद पीसीआर व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। 31 दिसंबर की रात में 13 किलोमीटर, सुल्तानपुरी से कंझावला के बीच, पांच प्वाइंट पर पीसीआर वैन तैनात थी। अंजलि को कार से घसीटते हुए देखकर राहगीरों ने 17 पीसीआर कॉल की। युवती को कार से घसीटने की सूचना मिलने के बाद दो पीसीआर के स्टाफ ने एरिया नहीं होने की बात कर रूट पर जाने से इन्कार कर दिया।
विज्ञापन
इसके बाद तीन पीसीआर ने भी इधर-उधर चक्कर काटने के बाद सड़क पर कुछ नहीं मिलने की बात कहीं। इन सबके बाद पूरे पीसीआर सिस्टम पर सवाल उठने लगे। दरअसल पूर्व पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने पीसीआर यूनिट को खत्म कर पीसीआर वैन को थानों से अटैच कर दिया था।
विज्ञापन
इसके बाद पीसीआर वैन पर तैनात स्टाफ थाना एरिया को लेकर झगड़ा करने लगा। पुराने सिस्टम में कॉल मिलने पर पूरे जिले में तैनात पीसीआर वैन किसी भी थाने के एरिया में चली जाती थी। कंझावला कांड के बाद पूरे पीसीआर सिस्टम को दोबारा से रिव्यू करने के लिए कहा जाने लगा।
विज्ञापन
पीसीआर सिस्टम को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अमर उजाला के छह संवाददाताओं ने छह अलग-अलग रूट पर पीसीआर वैन का रियलिटी चेक किया। ज्यादातर जगहों पर स्थिति बहुत ही दयनीय मिली। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कैसे दिल्ली वासियों की सुरक्षा होगी।
पुलिस मुख्यालय की सुरक्षा में तैनात पीसीआर दिखी
जगह : ग्रेटर कैलाश से गोल डाकखाना
समय : सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच
रूट: करीब 15 किलोमीटर
ग्रेटर कैलाश से गोल डाकखाना के बीच महज एक स्थान पर पीसीआर वैन तैनात मिली। वह भी अशोक रोड स्थित पुलिस मुख्यालय के बाहर तैनात थी। यहां पुलिस मुख्यालय के सामने भी पीसीआर सिर्फ खड़ी दिखाई दे रही थी। ग्रेटर कैलाश-1 थाने से पीसीआर वैन का जायजा लेना शुरू किया। कुछ दूर चलने पर जीके-1 में एम-ब्लाॅक में पीसीआर वैन (रजिस्ट्रेशन नंबर-7721) जाती हुई दिखाई दी।
ऐसा लग रहा था कि पीसीआर वैन वहां तैनात होने के बजाय वहां से गुजर रही है। बाद में मूलचंद फ्लाईओवर पर लाला लाजपत राय मार्ग होते हुए ओबराय होटल, जाकिर हुसैन मार्ग व इंडिया गेट के आसपास कहीं भी पीसीआर वैन तैनात नहीं थी। इंडिया गेट पर कर्तव्य पथ पर एक पीसीआर वैन तैनात थी। इसके बाद इंडिया गेट से लेकर गोल डाकखाने पर कहीं भी पीसीआर तैनात नहीं दिखाई दी। सिर्फ पुलिस मुख्यालय के सामने पीसीआर वैन (रजिस्ट्रेशन नंबर-3606) तैनात दिखाई दी। इन रूट पर मूलचंद सेंट्रल स्कूल के सामने और अशोक रोड पर कोठी नंबर-36 के सामने ट्रैफिक पुलिसकर्मी चालान काटते नजर आए।
11 किमी तक नहीं दिखी एक भी पीसीआर
स्थान: लक्ष्मी नगर से मंदिर मार्ग, कनाट प्लेस
समय: सुबह 11.30 बजे से 12 बजे के बीच
रूट: करीब 11 किलोमीटर
लक्ष्मी नगर के विकास मार्ग पर पहले पीसीआर वैन लगातार दिख जाती थी, लेकिन रविवार को एक भी पीसीआर वैन नजर नहीं आई। लक्ष्मी नगर और शकरपुर थाने के बाद इस मार्ग पर आईपी इस्टेट थाना भी है। लक्ष्मी नगर से आईटीओ तक कोई पीसीआर वैन घूमती हुई भी नजर नहीं आई। मंदिर मार्ग जाने के दौरान दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर जाएजा लेने के दौरान एक पीसीआर वैन भाजपा मुख्यालय पर तैनात दिखी। जो पहले से वहां मौजूद रहती है। इसके बाद मिंटो रोड, कनॉट प्लेस पर एक भी पीसीआर वैन नहीं दिखी। शिवाजी स्टेडियम से पेशवा रोड होते हुए मंदिर मार्ग तक आने के दौरान एक भी पीसीआर की वैन नहीं दिखी।
20 किमी की सुरक्षा सिर्फ एक पीसआर के जिम्मे
स्थान: नजफगढ़ से जयपुर हाईवे
समय: सुबह 11.00 बजे से 12 बजे के बीच
रूट: करीब 20 किलोमीटर
सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के दौरान नजफगढ़ से जयपुर हाईवे तक करीब 20 किलोमीटर के रास्ते में दिल्ली पुलिस की एक ही पीसीआर वैन मिली। सुबह 11 से 11:10 बजे तक नजफगढ़ से द्वारका मोड़, सुबह 11:10 सेे 11.15 बजे तक द्वारका मोड़ से द्वारका सेक्टर-तीन, सुबह 11:15 से 11:30 बजे तक द्वारका सेक्टर-तीन से एक तक केवल राजापुरी में दोनों तरफ पीसीआर वैन खड़ी मिली, वहीं सुबह 11:30 तक 12 बजे तक द्वारका सेक्टर-एक से जयपुर हाईवे तक एक भी पीसीआर वैन न तो खड़ी हुई मिली और गश्त करते दिखाई थी। इस मार्ग के मध्य मंगलापुरी में झपटमार की वारदात होती रहती है। इसके अलावा टी-वन एयरपोर्ट भी है।
अपने प्वाइंट से नदारद मिली पीसीआर
स्थान: जामिया नगर से हजरत निजामुद्दीन
समय: दोपहर 12.15 बजे से 1.00 बजे के बीच
रूट: करीब 10 किलोमीटर
अमूमन जामिया नगर थाने के बाहर हमेशा ही पीसीआर वैन तैनात रहती है, लेकिन रविवार दोपहर 12 बजे यहां से पीसीआर वैन नदारद थी। जामिया नगर यूनिवर्सिटी के बाद पिकेट पर भी पीसीआर मौजूद नहीं थी। इसके बाद सराय जुलैना, सूर्या होटल के सामने, मथुरा रोड-न्यू फ्रेंड्स कालोनी, आश्रम, भोगल अस्पताल रोड पर भी पीसीआर वैन नहीं मिली। यहां तक रविवार होने के बावजूद निजामुद्दीन गोलचक्कर की पीसीआर वैन भी वहां से गायब मिली।
वाहनों की तलाशी लेती नजर आई पुलिस
स्थान: मयूर विहार से गोल डाकखाना
समय: सुबह 10 बजे से 11 बजे
रूट: करीब 12 किलोमीटर
नोएडा-दिल्ली लिंक रोड पर अक्षरधाम फ्लाईओवर से पहले बैरिकेडिंग कर वाहनों की तलाशी लेती पुलिस नजर आई। कई वाहनों को साइड में लगवाकर पुलिस डिग्गी खोलकर तलाशी करती दिखी। वाहनों के कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की जा रही थी। थोड़ा आगे बढ़ने पर अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के सामने पीसीआर खड़ी थी। हल्की बैरिकेडिंग भी थी, लेकिन वाहनों का बगैर रोकटोक आवागमन हो रहा था। आईटीओ की तरफ बढ़ने पर यमुना पुल से पहले भी पेट्रोलिंग बाइक लिए पुलिस के जवान खड़े नजर आए। यहां से आगे आईटीओ, मंडी हाउस, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन, गुरुद्वारा बंग्ला साहिब से गोल डाकखाना तक यातायात सुगम तरीके से चल रहा था। लेकिन यहां भी पीसीआर वैन तैनात नहीं थी।
इन जगहों पर भी पीसीआर नहीं दिखाई दीं
स्थान: नजफगढ़ से नेहरू पार्क
समय: सुबह 10:30 बजे से 12.30 बजे
रूट करीब 30 किलोमीटर
सुबह साढ़े 10 बजे नजफगढ़ के बहादुरगढ़ रोड से चले, कुछ दूर अनाज मंडी के पास एक खाली पीसीआर दिखी। इससे कुछ आगे गुप्ता मार्केट के पास अक्सर पीसीआर खड़ी रहती है, लेकिन रविवार को नहीं दिखी। करीब पौने 11 बजे नजफगढ़, दिल्ली गेट के पास स्थित चौकी में पुलिस दिखी। पुराना ककरोला रोड पर कही भी पीसीआर नहीं दिखी। नाले के पास बनी चौकी पर पुलिस थी। सेक्टर 14 मेट्रो स्टेशन से होते हुए। सेक्टर 13 लाल बत्ती के पास चौकी के पास भी पुलिस नहीं दिखी। इसके द्वारका रोड़, पालम रोड, एयरपोर्ट रोड, एयरपोर्ट टर्मिनल-1 से मोतीलाल कॉलेज तक कोई पीसीआर नहीं दिखी। उसके बाद करीब साढ़े 12 बजे मोतीबाग से पीएसओआई तक कोई पीसीआर वैन नहीं दिखी।
सिर्फ यहां मुस्तैद दिखी पीसीआर वैन
स्थान: झंडे वालान मेट्रो स्टेशन से रिज रोड
समय: शाम 7:15 बजे से 8.00 बजे
रूट: करीब पांच किलोमीटर
झंडेवालान मेट्रो स्टेशन से आगे बढ़ने पर पुलिस की तैनाती दिखाई दी। वंदेमातरम मार्ग पर जाते समय पीसीआर वहां तैनात दिखी। इसके अलावा सड़क पर दो पीसीआर पेट्रोलिंग भी कर रही थीं। यहां पुलिस बकायदा मुस्तैद दिखाई की। शंकर रोड गोल चक्कर के पास भी पीसीआर मौजूद थी। इस इलाके में पुलिस खासी मुस्तैद दिखी।