अग्निकांड: मौत सामने देख पिता से की फोन पर बात, जानें आखिरी बार क्या कहा
न्यू अनाज मंडी स्थित इमारत में आग लगने के बाद जब लपटें अपने कमरे की ओर आती देखी तो उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी इमरान ने अपने पिता जमील अहमद को फोन लगा दिया।
परिजनों के मुताबिक, उस समय तड़के करीब साढ़े चार बजे थे। पिता से फोन पर बस यही बात हुई कि इमारत में आग लग गई है। उन्हें डर लग रहा है, वे बच नहीं पाएंगे। इसके बाद कॉल कट गई।
जमील ने अपने बेटे को कई बार फोन लगाया, लेकिन फोन नहीं लग सका। पिता ने घबराते हुए भजनपुरा स्थित अपने रिश्तेदारों को फोन किया और घटना की जानकारी दी। इसके बाद अनाज मंडी पहुंचे रिश्तेदार जुबेर ने पाया कि मृतकों और घायलों को लोकनायक अस्पताल लेकर गए हैं।
अस्तपाल में मिली मौत की जानकारी
जुबेर जब लोकनायक अस्पताल पहुंचे तो काफी देर बाद उन्हें इमरान (35), उसके छोटे भाई इकराम (33) और चचेरे भाई समीर (20) की मौत मिलने की जानकारी मिली।
जुबेर के अनुसार, इमरान कई साल से यहां काम कर रहा था। उसने कभी यहां की खामियों के बारे में किसी को नहीं बताया। न ही कोई चर्चा की। कुछ समय पहले उसने अपने छोटे भाई को यहां नौकरी पर बुला लिया था। इमरान और इकराम के अलावा उनके दो चचेरे भाई भी यहां नौकरी कर रहे थे। इन चार में से तीन की मौत हो चुकी है।