सौ वार्डों में पांच हजार लोगों को डोर टू डाेर राशन देने का अभियान शुरू - पूर्व विधायक पंडित अमर पाल शर्मा ने शुरू किया अभियान - साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र की टीम ने चिन्हित किए अपात्र परिवार माई सिटी रिपोर्टर साहिबाबाद। लॉकडाउन में गरीब व असहाय लोगों की राशन संबंधित परेशानी को खत्म करने के लिए साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक पंडित अमरपाल शर्मा ने डोर-टू डोर राशन बंटवाने के लिए अभियान चलाया है। जो लॉकडाउन खत्म होने तक जारी रहेगी। न्यायखंड -1 में अमरपाल शर्मा ने कुछ लोगों को राशन देकर अभियान का शुभारंभ किया। मीडिया कोर्डिनेटर राहुल शर्मा ने बताया कि एक हफ्ते की कड़ी मशक्कत के बाद पांच हजार अपात्र लोगों को चिन्हित किया गया है। जो रोजमर्रा के काम करके अपने परिवारों का भरण पोषण करते हैं। मगर लॉकडाउन में अब उनके परिवारों को खाने-पीने की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। इस विकट समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन के निर्देश पर पांच हजार लोगों को राशन बांटने का अभियान शुरू किया है। जिसमें प्रत्येक परिवार को पांच किलो चावल, 15 किलोग्राम आटा, दो किलो दाल और एक बोतल सैनिटाइजर व छह मास्क का पैकेट के अलावा अन्य सामान शामिल है, जिसे उन्हें सौंपा जाएगा।
बताया कि डोर-टू डोर राशन बांटने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक की टीम दिन में घर पहुंचकर यह सामान देगी। अभियान के शुभारंभ के दौरान अमरपाल शर्मा ने लोगों से पीएम की अपील पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लॉकडाउन को सख्ती से निभाने की अपील की।