उत्तराखंड: कपकोट में तेज बारिश से उफान पर आया बरसाती नाला, ओलावृष्टि और बर्फबारी से मौसम में आई ठंडक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम ने एक बाद फिर करवट बदली। कुमाऊं में बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा रही है। बृहस्पतिवार को भी कुमाऊं के पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। इससे तापमान भी काफी गिर गया। बारिश के कारण मलबा आने से पिथौरागढ़ की तीन सड़कें बंद हो गई हैं। बारिश के चलते नाचनी-तेजम-सामा, डीडीहाट-कनालीछीना और घाट-पिथौरागढ़ मार्ग भारी मलबा आने से बंद हो गए।
पिथौरागढ़ जिले में बृहस्पतिवार को भी जिला मुख्यालय सहित कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। शाम को मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि से तापमान गिर गया। बागेश्वर जिले में कपकोट में तेज बारिश से गधेरे (नाले) उफान पर आ गए।
जिला मुख्यालय में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे से कपकोट में तेज बारिश हुई। गरुड़ तहसील क्षेत्र में भी बृहस्पतिवार को दोपहर बाद तेज बारिश होने से फसल को भारी क्षति पहुंची है। गेहूं के खेत पानी से लबालब भर गए हैं। उधर, नाचनी क्षेत्र में ओलावृष्टि के साथ मूसलाधार बारिश हुई। ओलों की चपेट में आने से एक घोड़े की मौत हो गई।
सतगढ़ गांव में ओलावृष्टि के कारण बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गई। नींबू प्रजाति के सभी फलदार पौधों को काफी नुकसान पहुंचा है। इधर हल्द्वानी में शाम को आधे घंटे की झमाझम बारिश ने उमस और गर्मी से राहत दी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों में कुमाऊं में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है, जबकि राज्य के शेष जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा।
बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब में हुई बर्फबारी
चमोली जिले में बृहस्पतिवार को बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश-बर्फबारी से मौसम में ठंडक आ गई है। पोखरी, गोपेश्वर, पीपलकोटी, घाट क्षेत्र में करीब एक घंटे तक ओलावृष्टि भी हुई, जिससे गेहूं की फसल बर्बाद हो गई है।
बारिश और ओले से पेड़ों को नुकसान
बृहस्पतिवार शाम को कर्णप्रयाग, गौचर, लंगासू, सिमली, थराली, देवाल और आदिबदरी क्षेत्र में तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया और नालियां चोक हो गईं। देवाल और थराली में ओलावृष्टि और बारिश होने से नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ों पर लगे फल बारिश और ओले से झड़ गए हैं। आदिबदरी में बारिश से फसलों और फलों के पेड़ों को नुकसान हुआ।