उत्तराखंड: महक क्रांति नीति लांच, 23 हजार हेक्टयर भूमि पर होगी सुगंधित खेती, पांच सैटेलाइट सेंटर का शिलान्यास
महक क्रांति नीति की शुरूआत करने के साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पांच सेटेलाइट सेंटरों का शिलान्यास किया। महक क्रांति नीति में आने वाले 10 वर्षों में 91 हजार किसानों को सगंध खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
विस्तार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सगंध पौध केंद्र सेलाकुई में उत्तराखंड महक क्रांति नीति 2026-36 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सैटेलाइट सेंटर भाऊवाला का लोकार्पण और सगंध पौध केंद्र सेलाकुई में एएमएस प्रयोगशाला का शिलान्यास किया। सीएम धामी ने कहा कि इस नीति से प्रदेश में 23 हजार हेक्टेयर भूमि सुगंधित खेती से महकेगी। साथ ही एक लाख से अधिक किसानों को इससे जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने परसारी(चमोली), रैथल(उत्तरकाशी), भैसोड़ी(अल्मोड़ा), खतेड़ा(चंपावत) एवं विषाड(पिथौरागढ़) के सैटेलाइट सेंटरों का शिलान्यास किया। इस दाैरान सगंध पौध केंद्र व डाबर इंडिया के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत विस्तार, अनुसंधान एवं विकास, मानव संसाधन विकास, मार्केटिंग आदि के क्षेत्र में कैप और डाबर के बीच सहयोग के लिए एक रूपरेखा तैयार होगी।
कैप के संस्थापक वैज्ञानिकों एवं लेमनग्रास व तुलसी की खेती करने वाले किसानों को भी सीएम धामी ने सम्मानित किया। उन्होंने परफ्यूमरी प्रयोगशाला का भ्रमण किया। महक क्रांति नीति को ऐतिहासिक बताते हुए सीएम ने कहा कि इसके तहत सात एरोमा वैलियों को विकसित करने की शुरुआत होगी। प्रथम चरण में पिथौरागढ़ में तिमूर वैली, चमोली एवं अल्मोड़ा में डैमस्क रोज वैली, ऊधमसिंह नगर में मिन्ट वैली, चम्पावत और नैनीताल में सिनेमन वैली तथा हरिद्वार और पौड़ी में लेमनग्रास एवं मिन्ट वैली विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा इस नीति के तहत पौधशाला विकास सहयोग, खेती के लिए अनुदान, प्रशिक्षण एवं क्षमता-विकास, फसल बीमा और पैकेजिंग और ब्रांडिंग जैसी आवश्यकताओं की व्यवस्था की जाएगी।
ये भी पढे़ं...Chamoli: बर्फबारी के बाद हिमस्खलन पर कैमरों से रहेगी नजर, रैणी आपदा से लिया कंपनी ने सबक, नियमित होगी निगरानी
सुगंधित फसलों की खेती के टर्नओवर को साै से बढ़ाकर 1200 करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 वर्षों में राज्य में सुगंधित फसलों की खेती के टर्नओवर को 100 करोड़ रुपये से बढ़ाकर लगभग 1200 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी, विधायक सहदेव पुंडीर, उपाध्यक्ष जड़ी बूटी सलाहकार समिति भुवन विक्रम डबराल, नृपेन्द्र सिंह चौहान, डॉ. सौरभ लाल, जिला अध्यक्ष भाजपा मीता सिंह, गिरीश डोभाल, सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे, एसेंशियल ऑयल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सचिव पीके जैन, अध्यक्ष नगर पंचायत सुमित चौधरी मौजूद रहे।