युवराज का चयनकर्ताओं को करारा जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप के लिए घोषित 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची में जगह नहीं मिलने के बाद भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह चयनकर्ताओं को लगातार करारा जवाब दे रहे हैं। युवराज सौराष्ट्र के खिलाफ रविवार से शुरू हुए रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ मैच के पहले दिन इस सत्र में लगातार तीसरे शतक के करीब पहुंच गए हैं। युवराज के नाबाद 95 और मंदीप सिंह के बेहतरीन नाबाद 154 रन की मदद से पंजाब ने दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 327 रन बना लिए हैं। दोनों चौथे विकेट के लिए अब तक 227 रन जोड़ चुके हैं। युवराज इस सत्र में तीन मैचों में दो शतक और दो अर्द्धशतक के साथ 433 रन बनाकर सबसे आगे चल रहे हैं। इस दौरान वह सर्वाधिक 57 चौके और 10 छक्के भी ठोक चुके हैं। साथ ही युवराज के शानदार प्रदर्शन के दम पर पंजाब की टीम भी ग्रुप ‘बी’ में 15 अंकों के साथ शीर्ष पर चल रही है।
हिमाचल ने की ठोस शुरुआत
गुवाहाटी। असम के खिलाफ हिमाचल प्रदेश ने ग्रुप ‘सी’ मैच के पहले दिन दो विकेट पर 282 रन बनाकर ठोस शुरुआत की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी असम को ओपनर अंकुश बैंस (नाबाद 156) और आकाश वशिष्ठ (30) ने 87 रन की साझेदारी कर ठोस शुरुआत दिलाई। इसके बाद अंकित कल्शी हालांकि मात्र चार रन बनाकर आउट हो गए लेकिन बैंस और पारस डोगरा (नाबाद 76) ने स्टंप तक 180 रन की साझेदारी कर टीम को संभाल लिया।
उड़ीसा ने हरियाणा को 127 पर समेटा
रोहतक। उड़ीसा के खिलाफ हरियाणा की टीम घरेलू मैदान पर ग्रुप ‘बी’ में 127 रन पर ढेर हो गई। 65 रन तक ही हरियाणा के सात विकेट गिर गए थे लेकिन इसके बाद अभिमन्यु (38) ने जोगिंदर शर्मा (14) के साथ आठवें विकेट के लिए 30 और फिर जोगिंदर ने मोहित शर्मा (19) ने के साथ नौवें विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी कर टीम को 100 रन के भीतर सिमटने से बचा लिया। अवि बरोट ने 21 और सचिन राणा ने 18 रन बनाए।
उन्मुक्त भी लगातार दूसरे शतक के करीब
नई दिल्ली (ब्यूरो)। गुजरात के खिलाफ ग्रुप ‘बी’ के ही एक अन्य मैच में दिल्ली के ओपनर उन्मुक्त चंद लगातार दूसरे शतक के करीब पहुंच गए हैं। उन्मुक्त के नाबाद 97 और कप्तान गौतम गंभीर के 66 रन की मदद से दिल्ली ने दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 178 रन बना लिए हैं। उन्मुक्त के साथ वीरेंद्र सहवाग दो रन बनाकर खेल रहे हैं। इस बीच खराब मौसम के कारण पहले दिन 53 ओवर का ही खेल हो सका।
खराब मौसम के बीच यूपी की ठोस शुरुआत
कानपुर। जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश के बीच यहां के ग्रीन पार्क स्टेडियम में शुरू हुए मैच के पहले दिन खराब मौसम के कारण 29 ओवर का ही खेल हो सका। हालांकि धुंध के कारण देर से शुरू हुए मैच में उत्तर प्रदेश ने बढ़िया शुरुआत की और दिन का खेल समाप्त होने तक बगैर नुकसान के 113 रन बना लिए। स्टंप के समय तन्मय श्रीवास्तव 56 और आकाश वर्मा 55 रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों ने शमिउल्लाह बेग की जमकर क्लास ली और 10 ओवर में 53 रन कूट डाले। तन्मय अपनी पारी में अब तक 10 चौके जबकि आकाश पांच चौके और दो बेहतरीन छक्के लगा चुके हैं।