{"_id":"61d6dc73a8b2145aa3291031","slug":"you-guys-are-giving-me-a-bloody-heart-attack-every-over-man-says-umpire-marais-erasmus-on-3rd-day-of-ind-vs-sa-2nd-test","type":"story","status":"publish","title_hn":"IND Vs SA: तुम लोग मुझे हर ओवर में हार्ट अटैक दे रहे हो, जानें अंपायर इरासमस ने भारतीय खिलाड़ियों से ऐसा क्यों कहा","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IND Vs SA: तुम लोग मुझे हर ओवर में हार्ट अटैक दे रहे हो, जानें अंपायर इरासमस ने भारतीय खिलाड़ियों से ऐसा क्यों कहा
Thu, 06 Jan 2022 06:21 PM IST
Rajeev Rai
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Rajeev Rai
Updated Thu, 06 Jan 2022 06:21 PM IST
सार
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच रोमांचक स्थिति में बना हुआ है। चौथे दिन का खेल समय से शुरू नहीं हो पाया लेकिन तीसरे दिन के खेल से अंपायर मराइस इरासमस द्वारा टीम इंडिया को कही गई बात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
मराइस इरासमस
- फोटो : social media
विस्तार
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच रोमांचक स्थिति में बना हुआ है। जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में चल रहे मुकाबले में चौथे दिन के खेल का पहला सत्र बारिश की वजह से धुल गया। हालांकि इससे पहले तीसरे दिन का खेल बेहद उतार-चढ़ाव और विवादों भरा रहा। खिलाड़ियों के बीच गहमागहमी भी देखने को मिली जिसे अंपायरों ने बीच-बचाव कर शांत भी करवाया। इसी दौरान मैदानी अंपायर मराइस इरासमस द्वारा टीम इंडिया को कही गई बात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
तीसरे दिन के खेल के आखिरी सत्र में भारतीय गेंदबाज पूरी ताकत के साथ गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को आउट करने की पूरी कोशिश कर रहे थे। विकेट की तलाश में टीम इंडिया ने कई करीबी मामलों के लिए जमकर अपील की। इसकी वजह से वहां मौजूद अंपायरों को भी काफी चौकन्ना रहना पड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद अनुभवी अंपायर मराइस इरासमस भारतीय गेंदबाजों से अपनी परेशानी बताते नजर आए। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों से कहा कि आप लोग मुझे हर ओवर में हार्ट अटैक दे रहे हो।
विज्ञापन
Marais Erasmus 🤣 pic.twitter.com/xAC0yT8Uef
— Benaam Baadshah (@BenaamBaadshah4) January 5, 2022
विज्ञापन
क्या था पूरा मामला?
दरअसल शार्दुल ठाकुर 10वें ओवर में गेंदबाजी पर थे और उनके सामने एडेन मार्करम बल्लेबाजी कर रहे थे। शार्दुल ठाकुर ने इस ओवर की तीसरी-चौथी गेंद पर एलबीडब्ल्यू और पांचवीं गेंद पर विकेट के पीछे कैच की अपील की। इसके बाद आखिरी गेंद पर मार्करम आउट हो गए। शार्दुल ने इसके बाद 12वें ओवर में भी जबरदस्त गेंदबाजी की और इस बार डीन एल्गर को कई बार छकाया और आउट होने के मौके बनाए।
मैदान पर लगातार होती अपील को देखकर अंपायर मराइस इरासमस ने ओवर खत्म होने के बाद हल्के-फुल्के अंदाज में भारतीय खिलाड़ियों से कहा कि आप लोग मुझे हर ओवर में हार्ट अटैक दे रहे हो। उनकी यह बात स्टंप माइक में रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद कॉमेंट्री बॉक्स में बैठे कॉमेंटेटर ने भी इस पर ध्यान दिलाया जिसने मामले को और मजेदार बना दिया। देखते-देखते इस पूरे वाकये का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
मैच की बात करें तो दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत के लिए अभी 122 रनों की दरकार है। भारत ने उसे 240 रन का लक्ष्य दिया था, जिसका पीछा करते हुए उसने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 118 रन बना लिए थे।