{"_id":"635e9160957fd773e57f6609","slug":"t20-world-cup-2022-south-africa-defeats-india-by-5-wickets-david-miller-arshdeep-markram-surykumar-news-update","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IND vs SA: टी20 विश्व कप में 13 साल बाद दक्षिण अफ्रीका से हारा भारत, पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IND vs SA: टी20 विश्व कप में 13 साल बाद दक्षिण अफ्रीका से हारा भारत, पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल
Mon, 31 Oct 2022 05:53 AM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पर्थ
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पर्थ
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Mon, 31 Oct 2022 05:53 AM IST
सार
IND vs SA Highlights: एक वक्त दक्षिण अफ्रीका ने 24 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मार्करम और मिलर ने 76 रन की साझेदारी निभाई और मैच पलट दिया। मार्करम के आउट होने के बाद मिलर ने दक्षिण अफ्रीका को जिता कर ही दम लिया।
विज्ञापन
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
टी20 वर्ल्ड कप में सुपर-12 राउंड के ग्रुप-2 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पांच विकेट से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 133 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 40 गेंदों में 68 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने चार विकेट लिए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 19.4 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
मैच में भारतीय फील्डर्स ने निराश किया। रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ने आउट के कई मौके गंवा दिए। मार्करम को कई जीवनदान मिले। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने 41 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली। वहीं, डेविड मिलर ने 46 गेंदों पर 59 रन बनाए और नाबाद रहे। मार्करम ने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, मिलर ने चार चौके और तीन छक्के लगाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका ने की जबरदस्त वापसी
एडेन मार्करम और डेविड मिलर
- फोटो : सोशल मीडिया
एक वक्त दक्षिण अफ्रीका ने 24 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मार्करम और मिलर ने 76 रन की साझेदारी निभाई और मैच पलट दिया। मार्करम के आउट होने के बाद मिलर ने दक्षिण अफ्रीका को जिता कर ही दम लिया। वह मैदान पर जमे रहे। आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए छह रन चाहिए थे। भुवनेश्वर के ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार दो चौके लगाकर दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत दिलाई। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए।
टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका की भारत पर दूसरी जीत
भारतीय टीम की यह 2009 टी20 वर्ल्ड कप के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस टूर्नामेंट में पहली हार है। दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप में छह बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से भारत ने चार और दक्षिण अफ्रीका ने दो मुकाबले जीते हैं। वहीं, किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका की यह 11 साल में भारत के खिलाफ पहली जीत है। भारत पिछली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट में 2011 वनडे विश्व कप (नागपुर) में दक्षिण अफ्रीका से हारा था।
टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका की भारत पर दूसरी जीत
भारतीय टीम की यह 2009 टी20 वर्ल्ड कप के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस टूर्नामेंट में पहली हार है। दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप में छह बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से भारत ने चार और दक्षिण अफ्रीका ने दो मुकाबले जीते हैं। वहीं, किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका की यह 11 साल में भारत के खिलाफ पहली जीत है। भारत पिछली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट में 2011 वनडे विश्व कप (नागपुर) में दक्षिण अफ्रीका से हारा था।
पॉइंट्स टेबल का हाल, सेमीफाइनल के लिए किसका दावा मजबूत
इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम ग्रुप-2 के पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है। दक्षिण अफ्रीका के तीन मैचों में दो जीत के साथ पांच अंक हैं। अफ्रीका का एक मैच बारिश से धुल गया था। वहीं, भारत के तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक हैं। बांग्लादेश की टीम भी चार अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। अफ्रीका की जीत से पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदों को झटका लगा है। उसके तीन मैचों के बाद दो हार और एक जीत के साथ दो अंक हैं।
पॉइंट्स टेबल ग्रुप-2 (फोटो क्रेडिट: ICC)
भारत को अगला मैच दो नवंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। इसके बाद टीम को छह नवंबर को जिम्बाब्वे से भिड़ना है। ग्रुप-दो अभी तक खुला हुआ है और कोई भी टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई है। दक्षिण अफ्रीका को तीन नवंबर को पाकिस्तान और छह नवंबर को नीदरलैंड से भिड़ना है। इसके बाद ही सेमीफाइनल के लिए टीम तय हो पाएंगी।
पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पहले तो अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे। इसके बाद दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। उन्हें मनाना होगा कि या तो भारत बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने दोनों मुकाबले हार जाए। या दक्षिण अफ्रीका पाकिस्तान के खिलाफ हारने के साथ-साथ नीदरलैंड से भी हार जाए। बांग्लादेश अगर भारत को हराता है तो वह भी सेमीफाइनल की रेस में आ जाएगा। ऐसे में पाकिस्तान और बांग्लादेश का छह नवंबर में होने वाला मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट वाला होगा।
अगर टीम इंडिया बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल करती है और दक्षिण अफ्रीका पाकिस्तान को हरा देता है, इस स्थिति में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आसानी से सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएंगी। तब ग्रुप-2 की बाकी चार टीमें एकसाथ वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएंगी।
पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पहले तो अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे। इसके बाद दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। उन्हें मनाना होगा कि या तो भारत बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने दोनों मुकाबले हार जाए। या दक्षिण अफ्रीका पाकिस्तान के खिलाफ हारने के साथ-साथ नीदरलैंड से भी हार जाए। बांग्लादेश अगर भारत को हराता है तो वह भी सेमीफाइनल की रेस में आ जाएगा। ऐसे में पाकिस्तान और बांग्लादेश का छह नवंबर में होने वाला मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट वाला होगा।
अगर टीम इंडिया बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल करती है और दक्षिण अफ्रीका पाकिस्तान को हरा देता है, इस स्थिति में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आसानी से सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएंगी। तब ग्रुप-2 की बाकी चार टीमें एकसाथ वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएंगी।
राहुल-रोहित और कोहली फेल रहे
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 133 रन बनाए। टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही थी। 23 पर टीम इंडिया को पहला झटका लगा था। कप्तान रोहित शर्मा 14 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद तो विकेट की झड़ी लग गई।
दीपक हुड्डा को टीम में शामिल करने का प्लान कामयाब नहीं हुआ
केएल राहुल नौ रन, विराट कोहली 12 रन बनाकर आउट हुए। इन तीनों को लुंगी एनगिडी ने पवेलियन भेजा। इसके बाद अक्षर पटेल की जगह टीम में शामिल किए गए दीपक हुड्डा भी फेल रहे। वह खाता भी नहीं खोल सके। हुड्डा को नॉर्त्जे ने विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। हार्दिक पांड्या दो रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक को एनगिडी ने पवेलियन भेजा।
रोहित शर्मा पवेलियन लौटते हुए
रोहित शर्मा पवेलियन लौटते हुए
सूर्यकुमार यादव ने खेली शानदार पारी
49 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार यादव ने दिनेश कार्तिक के साथ मिलकर टीम इंडिया की पारी संभाली। दोनों ने छठे विकेट के लिए 40 गेंदों में 52 रन की साझेदारी निभाई। सूर्यकुमार ने 30 गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक लगाया। दोनों मिलकर भारत को 100 रन के पार ले गए। कार्तिक 16वें ओवर में वेन पार्नेल की गेंद पर कैच आउट हुए। उनका कैच राइली रूसो ने लिया। कार्तिक 15 गेंदों पर छह रन बना सके।
भारत ने बनाए 133 रन
19वें ओवर में भारत को दो-दो झटके लगे। वेन पार्नेल ने इस ओवर में रविचंद्रन अश्विन और सूर्यकुमार यादव को आउट किया। पार्नेल ने अश्विन को ओवर की पहली गेंद पर रबाडा के हाथों कैच कराया। अश्विन 11 गेंदों में सात रन बना सके। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर पार्नेल ने सूर्यकुमार को महाराज के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार ने पर्थ की मुश्किल पिच पर शानदार पारी खेली। उन्होंने 40 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 68 रन की पारी खेली।
आखिरी ओवर में दो नए बल्लेबाज भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी मैदान पर थे। ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद शमी रन आउट हो गए। वह खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, आखिरी दो गेंदों पर तीन रन बने। 20वें ओवर से छह रन आए। आखिरी पांच ओवर में भारत ने 32 रन बनाए और चार विकेट गंवाए।
दक्षिण अफ्रीका की भी शुरुआत खराब रही
134 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम की शुरुआत भी खराब रही। पारी के दूसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने दो झटके दिए। उन्होंने पहले क्विंटन डिकॉक को केएल राहुल के हाथों कैच कराया। डिकॉक एक रन बना सके। इसके बाद राइली रूसो को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। रूसो खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद छठे ओवर में मोहम्मद शमी ने कप्तान तेम्बा बावुमा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। बावुमा 10 रन बना सके। छह ओवर तक दक्षिण अफ्रीका ने 24 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।
मार्करम-मिलर ने अफ्रीका को दिलाई जीत
इसके बाद एडेन मार्करम और डेविड मिलर ने 60 गेंदों में 76 रन की साझेदारी निभाई। मार्करम को तो कई जीवनदान मिले। कोहली ने मार्करम का आसान कैच छोड़ा तो रोहित ने रन आउट का आसान कैच छोड़ दिया। आखिरी पांच ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 39 रन चाहिए थे। मार्करम 16वें ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंद पर सूर्यकुमार को कैच थमा बैठे। मार्करम 41 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 18वें ओवर में अश्विन ने ट्रिस्टन स्टब्स को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। स्टब्स छह रन बना सके। इसके बाद मिलर ने नब्ज पर काबू रखते हुए अफ्रीकी टीम को जीत दिलाई।