T-20 World Cup: टेस्ट सीरीज में धमाल मचाने वाले सिराज ने दिया बयान, बोले- विश्व कप टीम में न चुना जाना सब कुछ खत्म नहीं
भारत की टी-20 विश्व कप टीम में न चुने जाने पर तेंज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बयान दिया है। उनका कहना है कि विश्व कप टीम में न चुने जाने का मतलब सब कुछ खत्म नहीं हुआ है। हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर सिराज ने अपनी गेंदबाजी से टीम को काफी प्रभावित किया था।
विस्तार
भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने कहा है कि इंग्लैंड का हाल ही में समाप्त हुआ टेस्ट दौरा उनके लिए एक शानदार अनुभव था। उन्हें इस बात की बेहद खुशी थी कि वह अपने कप्तान के भरोसे पर खरे उतरे और उनके विश्वास को दोहरा सके। नॉटिंघम टेस्ट ड्रॉ होने के बाद सिराज ने लॉर्ड्स पर टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने इस टेस्ट मैच में आठ विकेट झटके थे। जिसके चलते भारत ने इंग्लैंड को लॉर्ड्स टेस्ट में 151 रनों से हराने में सफल रहा।
सिराज बोले- इंग्लैंड का टेस्ट दौरा शानदार अनुभव
गुरुवार को स्पोर्ट्स स्टार से बात करते हुए मोहम्मद सिराज ने कहा, इंग्लैंड दौरे कि हम किसी भी तरह से कल्पना करें तो मेरे लिेए यह दौरा एक शानदार अनुभव था, मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि मैं विराट भाई, टीम के प्रमुख कोच रवि शास्त्री और सहयोगी स्टाफ के अलावा पूरी टीम का भरोसा कायम कर सका। टीम इंडिया के इस तूफानी गेंदबाज ने अब तक टीम इंडिया के लिए खेले 9 टेस्ट मैचों में 30 विकेट झटके हैं।
टी-20 विश्व कप टीम में न चुने जाने पर थोड़ी निराशा
बातचीत के दौरान मोहम्मद सिराज ने कहा कि वह इस साल अक्टूबर नवंबर में संयुक्त अरब अमीरात संघ और ओमान में होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम टीम में नहीं चुने जाने से थोड़ा निराश हैं, उन्होंने आगे कहा कि टीम चयन हमारे हाथ में नहीं है, निश्चित रूप से मेरा टी-20 विश्व कप में खेलने का सपना था, लेकिन टीम में न चुने जाने का मतलब सब कुछ खत्म नहीं है, मेरे पास कई और भी लक्ष्य हैं, सबसे बड़ा लक्ष्य टीम को मैच जीतने में मदद करने में मुख्य भूमिका निभाना है।
इशांत-शमी के साथ गेंदबाजी करना बड़ा अनुभव
सिराज ने कहा कि जैसे ही मौके मिलेंगे मैं चीजों को ले लूंगा, क्योंकि मैं भाग्य में विश्वास करता हूं, मुझे जो भी अवसर मिलते हैं उसमें संतुष्ट रहना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, इंग्लैंड दौरे पर अनुभवी गेंदबाज इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी के साथ गेंदबाज करना बहुत बड़ा अनुभव है।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में झटके 14 विकेट
सिराज के लिए इंग्लैंड का टेस्ट दौरा काफी शानदार रहा। उन्होंने भारत के लिए चार टेस्ट मैच खेले जिनकी सात पारियों में कुल 14 विकेट झटके। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारत की तरफ से दूसरे गेंदबाज रहे। ओवर ऑल सीरीज में अगर देखा जाए तो वह सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। उनसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज ओली रॉबिंसन 21, जसप्रीत बुमराह 18, जेम्स एंडरसन 15 और मोहम्मद सिराज ने 14 विकेट लिए।