सैयद मुश्ताक टी-20 ट्रॉफी : दिल्ली 83 पर ढेर, विदर्भ ने 9 विकेट से रौंदा
रणजी और ईरानी ट्रॉफी चैंपियन विदर्भ ने सैयद मुश्ताक टी-20 ट्रॉफी के सुपर लीग में दिल्ली को नौ विकेट से रौंद दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम विदर्भ के गेंदबाजों उमेश यादव (2/10), श्रीकांत वाघ (2/12),यश ठाकुर (2/13) और (2/14) के सामने 16.2 ओवर में मात्र 83 रन पर लुढ़क गई।
हितेन दलाल (42) और पवन नेगी (18) को छोड़कर दिल्ली का कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच पाया। विदर्भ ने लक्ष्य को 8.3 ओवर में जितेश शर्मा (41) का विकेट गंवाकर 85 रन बनाकर हासिल कर लिया। आर्थव ताइडे ने नाबाद 32 और शलभ श्रीवास्तव ने नाबाद आठ रन का योगदान दिया।
झारखंड ने आखिरी गेंद पर गुजरात को एक रन से हराया
ओपनर आनंद सिंह (45) और इशान किशन (39) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 82 रन की साझेदारी के बाद गेंदबाजों के मिश्रित प्रदर्शन से झारखंड ने रोमांचक मुकाबले में गुजरात को आखिरी गेंद पर एक रन से हरा दिया। झारखंड ने 18-18 ओवर के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 148 रन बनाए।
सौरव तिवारी ने 13 और कुमार देवव्रत ने नाबाद 22 रन का योगदान दिया। जवाब में गुजरात की टीम आठ विकेट पर 147 रन ही बना सकी। करण पटेल ने 35, अक्षर पटेल ने 28, पीयूष चावला ने 20 और चिराग गंाधी ने नाबाद 23 रन बनाए। झारखंड के लिए आनंद, उत्कर्ष सिंह, विकास सिंह और अनुकूल राय ने दो-दो विकेट लिए झटके।
रेलवे के खिलाफ बंगाल की जीत में चमके श्रीवत्स गोस्वामी
इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में रेलवे की तरफ से रखे गए 143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगाल की टीम 11 गेंद बाकी रहते 4 विकेट पर जीत दर्ज कर ली। बंगाल की तरफ से श्रीवत्स ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 55 गेंदों पर 9 चौके और 2 छक्के लगाए जबकि ईश्वरन ने 35 गेंदों पर 7 चौके जड़े। इससे पहले रेलवे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 142 रन बनाए।