रणजी ट्रॉफी: पोरेल के दम पर बंगाल ने ली बढ़त, जैक्सन के शतक से सौराष्ट्र मजबूत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इशान पोरेल (5/39) की उम्दा गेंदबाजी से बंगाल ने रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में स्टार खिलाड़ियों से सुसज्जित कर्नाटक की पहली पारी 36.2 ओवर में 122 रन पर समेट दी। कर्नाटक का यह इस सत्र का न्यूनतम स्कोर है। लोकेश राहुल (26), कृष्णप्पा गौतम (31) और मिथुन ने 24 रन बनाए। आकाश दीप ने तीन और मुकेश कुमार ने दो विकेट झटके।
पहली पारी में 190 रन की बढ़त लेने वाले बंगाल ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 72 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 262 रन कर ली है। सुदीप चटर्जी 40 और अनुस्तुप मजूमदार ने एक रन बनाकर क्रीज पर थे। कर्नाटक के लिए अभिमन्यु मिथुन ने तीन विकेट लिए। दूसरे दिन कुल 15 विकेट गिरे। सुबह बंगाल ने नौ विकेट पर 245 रन से खेलना शुरू किया। मजूमदार (149*) ने पोरेल (7) के साथ अंतिम विकेट के लिए 54 रन जोड़कर स्कोर 312 तक पहुंचाया।
जैक्सन के शतक से सौराष्ट्र मजबूत
शेल्डन जैक्सन (103) के शतक के बाद धर्मेंद्र जडेजा (2/10) और जयदेव उनादकट (2/42) के शानदार प्रदर्शन से सौराष्ट्र ने गुजरात के 119 रन पर छह विकेट झटककर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। स्टंप के समय रुजुल भट 27 और अक्षर पटेल सात रन बनाकर क्रीज पर थे। ध्रुव रावल ने (35) और कप्तान पार्थिव पटेल (27) बड़ी पारी नहीं खेल पाए। गुजरात अभी 85 रन पीछे है जबकि उसके चार विकेट शेष हैं।
सुबह सौराष्ट्र ने पांच विकेट पर 217 से पारी आगे बढ़ाई और 87 और रन जोड़कर 304 रन पर शेष पांच विकेट भी गंवा दिए। जैक्सन के अलावा चिराग जानी ने 29 और प्रेरक व जडेजा ने 15-15 रन बनाए। जैक्सन ने अपनी पारी में 204 गेंदों का सामना कर 15 चौके और दो छक्के जड़े।