हार्दिक की तूफानी पारी से बना शर्मनाक रिकॉर्ड, एक ओवर में लुटाया 39 रन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टी-20 क्रिकेट में रविवार का दिन गेंदबाजों के लिए बेहद बुरा साबित हुआ। न्यूजीलैंड में जहां 2 बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की धुनाई करते हुए टी-20 में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड महज 20 मिनट के अंदर तोड़ दिया वहीं भारत में भी एक गेंदबाज के लिए रविवार का दिन जीवनभर नहीं भूलेगा और जिस बल्लेबाज ने यह कारनामा किया है वह कुछ ही दिन में ऑस्ट्रेलिया जाने वाला है जहां वह टीम इंडिया में शामिल होगा और पहली बार नीली जर्सी में कंगारुओं के सामने होगा।
मेजबान न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने ऑकलैंड में खेले गए एक टी-20 मैच में श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। मार्टिन गुप्टिल के 19 गेंदों में फिफ्टी लगाने के बाद 4 ओवर के अंदर ही उन्हीं ही की टीम के एक अन्य बल्लेबाज कोलिन मुनरो ने 14 गेंदों में फिफ्टी ठोंक दी। दो तूफानी फिफ्टी के दम पर किवी टीम ने यह मैच महज 10 ओवर में ही जीत लिया।
दूसरी ओर, भारत में इस समय मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी खेला जा रहा है, इसी टूर्नामेंट के एक मैच में दिल्ली के गेंदबाज आकाश सूडान के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज भी हो गया। बड़ौदा के खिलाफ मुकाबले में उसके विस्फोटक बल्लेबाज हार्दिक पांड्या ने जमकर प्रहार करते हुए आकाश के एक ओवर में 34 रन ठोंक दिए। लेकिन इस गेंदबाज के लिए इससे ज्यादा और भी बुरा होना था 5 रन अतिरिक्त के रूप में भी दे दिए। हालांकि आकाश की टीम को इससे कोई फर्क नहीं पड़ा और मैच में जीत हासिल करने में सफल रही।
पहले 3 ओवर में दिए 8 रन और अंतिम ओवर में 39 रन
मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में ग्रुप-सी के एक मुकाबले में दिल्ली के तेज गेंदबाज आकाश सूडान को बड़ौदा के बल्लेबाज हार्दिक पांड्या (नाबाद 81, 51 गेंद, 5 चौका और 6 छक्का) ने अपना निशाना बनाया। हार्दिक ने उनके एक ओवर में 34 रन कूटते हुए इस ओवर में 5 छक्का और एक चौका जड़ दिया।
इस ओवर में हार्दिक के बल्ले का शिकार होने से पहले आकाश ने शानदार गेंदबाजी की थी और 3 ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट झटके थे लेकिन अगले ओवर में उनका हिसाब-किताब ही बिगड़ गया। आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलने वाले युवा बल्लेबाज हार्दिक ने तूफानी पारी खेलकर टीम इंडिया के लिए टी-20 में अपने चयन को सही साबित करने की कोशिश की।
गेंदबाज आकाश दिल्ली के लिए अपना दूसरा मैच खेल रहे थे लेकिन बड़ौदा की पारी के 19वें ओवर में हार्दिक ने तूफानी पारी खेल डाली। इस ओवर में आकाश ने कुल 39 रन दिए। यह किसी भी टी-20 मुकाबले में सबसे महंगा ओवर साबित हो गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के स्कॉट स्टायरिस के नाम था जिन्होंने जुलाई 2012 में एक ओवर में 38 रन देने का रिकॉर्ड बनाया था।
हालांकि हार्दिक की तूफानी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। बड़ौदा ने 6 विकेट पर 153 रन बनाए जिसके जवाब में दिल्ली ने 3 गेंद शेष रहते 5 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। उसकी ओर से नितीश राणा ने 53 और उन्मुक्त चंद ने 38 रन का योगदान दिया। जबकि कप्तान गौतम गंभीर एक बार फिर नाकाम रहे और 9 रन बना सके।
एक दिन पहले ही हार्दिक ने पकड़ ली थी गेंदबाज की कमजोरी
हार्दिक पांड्या तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और 2015 के आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए खुद को टीम के एक बड़े फिनिशर के रूप में साबित किया। इसी प्रदर्शन की बदौलत ही उन्हें टीम इंडिया की टी-20 टीम में रखा गया है। साथ ही वह इस समय मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पांचवें नंबर पर चल रहे हैं।
दिल्ली के खिलाफ तूफानी पारी के बाद हार्दिक ने क्रिकइंफो को बताया कि उन्होंने शनिवार को टी-20 करियर की शुरुआत करने वाले तेज गेंदबाज आकाश सूडान के पहले मैच को देखा था और यह भी देखा कि उन्होंने अंतिम ओवरों में किस तरह से गेंदबाजी की थी। तेज गेंदबाज आकाश ने बेहद शानदार आगाज करते हुए पहले मैच में 10 रन देकर 2 विकेट झटका था जिससे दिल्ली वह मैच जीतने में सफल रही थी। यह मैच लो स्कोरिंग वाला मैच था क्योंकि दिल्ली ने 91 रन बनाए थे और गोवा को 91 रन से पहले ही रोककर मैच जीत लिया था।
पांड्या ने इस शानदार पारी के बाद कहा, ''हम 12 ओवर में 6 विकेट पर 60 रन पर थे। इसके बाद हमारा स्कोर 18 ओवर में 93 रन था। मैं चाहता था कि उस (आकाश) पर प्रहार किया जाए। मैंने यह नहीं सोचा था कि हमें 40 रन मिलेंगे। मेरा लक्ष्य सिर्फ एक-दो छक्के ही मारने पर था।''
हार के बावजूद बड़ौदा दिल्ली के साथ इस टूर्नामेंट के अगले चरण (सुपर-8) में प्रवेश कर गया है। इसके अलावा विदर्भ, गुजरात, केरल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मुंबई भी अंतिम 8 में शामिल होने वाली टीमें हैं।