मुंबई ने दी हैदराबाद को खुशखबरी, कोलकाता को हराकर किया IPL से बाहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोहित शर्मा (55 रन, 48 गेंद, 8 चौके और 1 छक्के) और सूर्यकुमार यादव (46 रन, 27 गेंद, 5 चौके और 2 छक्के) की नाबाद 88 रन की साझेदारियों की बदौलत मुंबई ने रविवार को इंडियन टी-20 लीग के 56वें मुकाबले में कोलकाता को 9 विकेट से हरा दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 7 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 1 विकेट खोकर 23 गेंदें शेष रहते ही यह मुकाबला अपने नाम किया। शानदार प्रदर्शन करने के लिए हर्दिक पांड्या को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ ही तीन बार की चैंपियन मुंबई 18 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। वहीं, कोलकाता की टीम इस हार के साथ IPL 2019 से बाहर हो गई। दो बार की चैंपियन कोलकाता इस सीजन में 12 अंकों के साथ अंकतालिका में पांचवें पायदान पर रही। कोलकाता के हारते ही हैदराबाद की टीम प्लेऑफ में पहुंच गई है। अब मुंबई 7 मई (मंगलवार) को चेन्नई के खिलाफ पहला क्वालीफायर खेलेगी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई ने शानदार शुरुआत की, लेकिन पावरप्ले के बाद सातवें ओवर की पहली गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने क्विंटन डिकॉक (30) को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट कराया। कार्तिक ने डिकॉक का बेहतरीन कैच लपका। पहले विकेट के लिए रोहित और डिकॉक के बीच 46 रन की साझेदारी हुई। कोलकाता की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट लिए।
इससे पहले कोलकाता ने रविवार को इंडियन टी-20 लीग के 56वें मुकाबले में मुंबई के सामने 134 रन का लक्ष्य रखा। कोलकाता की तरफ से क्रिस लिन 41 और रॉबिन उथप्पा ने 40 रन बनाए।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता ने शानदार शुरुआत की, लेकिन पावरप्ले के बाद सातवें ओवर की पहली गेंद पर हार्दिक पांड्या ने कोलकाता को सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (9) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। पहले विकेट के लिए गिल ने लिन के साथ 49 रन की साझेदारी की।
8.2 ओवर में मुंबई को बड़ी सफलता मिली। हार्दिक पांड्या ने कोलकाता के सलामी बल्लेबाज क्रिस लिन को विकेट के पीछे डिकॉक के हाथों कैच आउट कराया और कोलकाता को दूसरा झटका दिया। लिन 29 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्के की मदद से 41 रन बनाए।
इसके कुछ देर बाद लसिथ मलिंगा ने 12.4 ओवर में कप्तान दिनेश कार्तिक (3) को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। कार्तिक के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कोलकाता के धाकड़ बल्लेबाज आंद्रे रसेल को मलिंगा ने इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर डिकॉक के हाथों कैच आउट कराया और कोलकाता को चौथा झटका दिया।
कोलकाता को नितीश राणा के रूप में पांचवां झटका लगा। लसिथ मलिंगा ने राणा को पोलार्ड के हाथों कैच आउट कराया। 3 छक्के की मदद से राणा ने 26 रन बनाए। पांचवें विकेट के लिए उन्होंने उथप्पा के साथ मिलकर 47 रन की साझेदारी की। मुंबई की तरफ से लसिथ मलिंगा ने 2, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट लिए।
इससे पहले मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को इंडियन टी-20 लीग के 56वें मुकाबले में कोलकाता के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मुकाबले में मेजबान टीम मुंबई ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव करते हुए एविन लुईस की जगह इशान किशन और बरिंदर शरण की जगह मिशेल मैक्लेघन को जगह दी है। वहीं, कोलकाता ने अपनी टीम में एक बदलाव करते हुए पीयूष चावला की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया है।
प्लेऑफ की रेस में शामिल कोलकाता मुंबई के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ देने में जरा सी भी कोर कसर नहीं छोड़ना चाहेगी। उधर मुंबई जीत की लय को जारी रखना चाहेगी क्योंकि इससे उसके 18 अंक हो जाएंगे और उसका नेट रन रेट इस समय पहले स्थान पर काबिज चेन्नई और दिल्ली से बेहतर हो जाएगा जिससे उसे फाइनल के लिए क्वालिफाई करने के दो मौके मिलेंगे।
प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी मुंबई की निगाह कोलकाता से बदला चुकाने की होगी जिसने उसे बड़े स्कोर वाले मुकाबले में कोलकाता में 34 रन से मात दी थी जबकि हार्दिक पांड्या ने 34 गेंद में 91 रन बनाए थे। मैच के नतीजे से तय होगा कि मुंबई कौन से स्थान पर रहेगी और प्ले आफ में उसकी प्रतिद्वंद्वी टीम कौन सी होगी।
दोनों टीमें इस प्रकार हैः
मुंबई: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, हार्दिक पांड्या, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, राहुल चाहर, जसप्रीत बुमराह, लसिथ मलिंगा, मिशेल मैक्लेनाघन।
कोलकाता: क्रिस लिन, शुबमन गिल, रॉबिन उथप्पा, दिनेश कार्तिक (कप्तान), आंद्रे रसेल, नितीश राणा, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, प्रसिद्ध कृष्णा, हैरी गर्नी, संदीप वॉरियर।