फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   MI vs RCB Match report and scorecard Update in Mumbai Indians beat Royal challengers bangalore by six wickets

MI vs RCB: मैक्सवेल-प्लेसिस पर भारी पड़े सूर्यकुमार-वधेरा, छठी जीत के साथ मुंबई अंक तालिका में तीसरे स्थान पर

Tue, 09 May 2023 11:57 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: शक्तिराज सिंह Updated Tue, 09 May 2023 11:57 PM IST
सार

आरसीबी पर जीत के साथ ही मुंबई की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर आ गई है। वहीं, आरसीबी की टीम सातवें स्थान पर आ गई है। अब आरसीबी के लिए प्लेऑफ का सफर बेहद मुश्किल हो गया है। 
 

विज्ञापन
MI vs RCB Match report and scorecard Update in Mumbai Indians beat Royal challengers bangalore by six wickets
मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आईपीएल 2023 के 54वें मैच में मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को छह विकेट से हरा दिया। इस सीजन यह मुंबई इंडियंस की छठी जीत है। इस अहम मुकाबले में जीत के साथ ही मुंबई की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर आ गई है। वहीं, बैंगलोर की टीम हार के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गई है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्लेन मैक्सवेल और फाफ डुप्लेसिस के अर्धशतक के चलते छह विकेट पर 199 रन बनाए थे। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 16.3 ओवर में चार विकेट खोकर 200 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया। 
विज्ञापन


मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव ने 83 और नेहल वधेरा ने 52 रन बनाए। ईशान किशन ने भी 42 रन की पारी खेली। गेंद के साथ मुंबई के लिए जेसन बेहरनडॉर्फ ने तीन विकेट लिए। आरसीबी के लिए वनिंदऊ हसरंगा और विजयकुमार ने दो-दो विकेट लिए।
विज्ञापन



एक बदलाव के साथ उतरीं दोनों टीमें
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमों ने एक-एक बदलाव किए। मुंबई के बल्लेबाज तिलक वर्मा इस मैच में भी नहीं खेले। वह पिछले मैच में भी चोट के चलते नहीं खेल पाए थे। चोटिल जोफ्रा आर्चर पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। इस मैच में उनकी जगह मुंबई ने क्रिस जॉर्डन को शामिल किया। वहीं, आरसीबी ने कर्ण शर्मा की जगह विजयकुमार वश्याक को जगह दी।



डुप्लेसिस को मिला जीवनदान 
मैच की चौथी गेंद पर डुप्लेसिस को जीवनदान मिला जब बेहरनडॉर्फ की गेंद पर वधेरा ने कैच टपका दिया। वह उस समय एक रन पर खेल रहे थे। हालांकि इसकी अगली गेंद पर उन्होंने विराट कोहली (01) को चलता कर दिया। प्लेसिस ने अगले ओवर में चावला की गेंदों पर दो चौके लगाकर एक छोर से रन गति को बनाए रखा। अगले ओवर में बेहरनडॉर्फ ने अनुज रावत (06) को किशन के हाथों कैच आउट करा दिया।



मैक्सवेल-प्लेसिस ने संभाली पारी
बेहरनडॉर्फ पारी का पांचवां ओवर कर रहे थे और मैक्सवेल ने उनकी दो गेंदों पर चौके लगाए, तो प्लेसिस ने छक्का लगाकर इस ओवर से 16 रन लूट लिए। इसके अगले ओवर में मैक्सवेल ने चावला की गेंद पर रिवर्स स्वीप शॉट लगाकर चौका लगा दिया और इस दौरान मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा सहित खिलाड़ी हैरान पड़ गए। आरसीबी ने पावरप्ले के छह ओवर में दो विकेट पर 56 रन बनाए। हालांकि मैक्सवेल ने जॉर्डन पर दो छक्के लगाकर तेज गति से रन बनाने जारी रखे।

25 गेंदों में मैक्सवेल का अर्धशतक
मैक्सवेल ने मेधवाल की गेंद पर एक रन लेकर 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उनका यह इस सत्र में चौथा अर्धशतक है। फिर प्लेसिस ने नोबॉल गेंद पर शानदार स्कूप शॉट के जरिये छक्का जड़ दिया। हालांकि आरसीबी की पारी के दौरान प्लेसिस से तेज मैक्सवेल खेलते नजर आए। आरसीबी ने 10 ओवर में दो विकेट पर 104 रन बनाए। अगले ओवर में प्लेसिस ने जॉर्डन की गेंद पर चौका लगाया और अगली गेंद पर एक रन लेकर 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस सत्र में अपना छठा अर्धशतक लगाया।



तीन ओवर में तीन विकेट
इसके बाद गेंदबाजों ने मुंबई की वापसी कराई और तीन ओवर में तीन विकेट निकाल लिए। पारी के 13वें ओवर में बेहरनडॉर्फ ने धीमी गेंद फेंक कर मैक्सवेल को चकमा दे दिया और वह छक्का मारने के प्रयास में वधेरा को कैच दे बैठे। फिर अगले ओवर में कार्तिकेय ने लोमरोर 01 को बोल्ड कर दिया। 15वें ओवर में प्लेसिस छक्के के प्रयास में ग्रीन की गेंद पर आउट हो गए। मैक्सवेल ने 33 गेंदों में 68 रन बनाए और आठ चौके व चार छक्के जड़े। उन्होंने इस सत्र का चौथा अर्धशतक लगाया। प्लेसिस ने 41 गेंदों में 65 रनों की पारी खेली जिसमें पांच चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने सत्र में छठा अर्धशतक जड़ा।

प्लेसिस और मैक्सवेल ने इस सत्र में चौथी शतकीय साझेदारी की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 120 रन जोड़े। उन्होंने एक सत्र में सर्वाधिक शतकीय साझेदारी के मामले में जॉनी बेयरस्टो और डेविड वॉर्नर की बराबरी की जिन्होंने 2019 के सत्र में चार बार शतकीय साझेदारी निभाई थी। इस सूची में शीर्ष पर एबी डिविलियर्स और विराट कोहली की जोड़ी है, जिन्होंने 2016 के सत्र में पांच शतकीय साझेदारी की थी। इस मैच में प्लेसिस आरसीबी के लिए आईपीएल में 1000 रन पूरे करने वाले छठे बल्लेबाज बने।

अंतिम ओवरों में दिनेश कार्तिक (18 गेंदों में 30 रन) ने अच्छा प्रयास किया। उनके योगदान के चलते आरसीबी की टीम छह विकेट पर 199 रन बनाने में सफल रही। मुंबई की ओर से जेसन बेहरनडॉर्फ ने 36 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। कुमार कार्तिकेय, क्रिस जॉर्डन और कैमरून ग्रीन को एक-एक विकेट मिला।



मुंबई की शानदार शुरुआत
200 रन का पीछा करते हुए मुंबई ने शानदार शुरुआत की। पावरप्ले के अंदर टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया। हालांकि, वनिंदू हसरंगा ने एक ही ओवर में ईशान किशन और रोहित शर्मा को आउट कर आरसीबी की वापसी कराई। किशन 21 गेंद में 42 रन और रोहित सात रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने नेहल वधेरा के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों ने तेज गति से रन बनाए और तीसरे विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी कर मुंबई को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। हालांकि, सूर्यकुमार मैच खत्म होने से ठीक पहले आउट हो गए। अंत में नेहल वधेरा ने छक्के के साथ मैच खत्म किया और अपना अर्धशतक भी पूरा किया। 



सूर्यकुमार ने इस सीजन चौथा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 35 गेंद में 83 रन बनाए। उनकी पारी में सात चौके और छह छक्के शामिल थे। वहीं, नेहल वधेरा ने चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 34 गेंद में नाबाद 52 रन बनाए। मुंबई ने इस सीजन तीसरी बार 200 रन या उससे ज्यादा का लक्ष्य हासिल किया है। मुंबई ऐसा करने वाली पहली टीम है। इससे पहले 2014 में पंजाब ने दो बार 200 रन से ज्यादा का लक्ष्य हासिल किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed