फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   MI vs GT Match Report and Scorecard Update as mumbai indians beat gujarat titans by 27 run

MI vs GT: मुंबई ने गुजरात को 27 रन से हराया, सूर्यकुमार ने खेली शतकीय पारी, गेंदबाजी में आकाश ने किया कमाल

Fri, 12 May 2023 11:56 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: शक्तिराज सिंह Updated Fri, 12 May 2023 11:56 PM IST
सार

गुजरात पर जीत के साथ ही मुंबई की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। मुंबई के पास 14 अंक हैं और दो मैच बचे हुए हैं। वहीं, हार के बावजूद गुजरात की टीम अंक तालिका में 16 अंक के साथ शीर्ष पर बनी हुई है। 
 

विज्ञापन
MI vs GT Match Report and Scorecard Update as mumbai indians beat gujarat titans by 27 run
मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात टाइटंस - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आईपीएल 2023 के 57वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 27 रन हरा दिया। इस जीत के साथ ही मुंबई ने गुजरात से पिछली हार का बदला पूरा कर लिया। इस मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव के शतक के चलते पांच विकेट पर 218 रन बनाए थे। इसके जवाब में गुजरात की टीम आठ विकेट पर 191 रन ही बना सकी और मैच 27 रन से हार गई। हालांकि, इस हार के बावजूद गुजरात की टीम 16 अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। वहीं, मुंबई की टीम जीत के बाद 14 अंक के साथ तीसरे स्थान पर आ गई है। 
विज्ञापन


इस मैच में गुजरात के लिए राशिद खान ने शानदार प्रदर्शन किया। चार विकेट लेने के बाद उन्होंने 79 रन की शानदार पारी भी खेली, लेकिन दूसरे छोर पर उन्हें किसी का साथ नहीं मिला और उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन


मुंबई की शानदार शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम ने शानदार शुरुआत की। कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी ने पावरप्ले में 61 रन जोड़े। हालांकि, पावरप्ले खत्म होते ही राशिद खान ने दोनों को आउट कर मैच में गुजरात की वापसी कराई। ईशान किशन 31 और रोहित 29 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राशिद ने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे नेहल वधेरा को भी 15 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। 88 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद मुंबई की पारी बिखर सकती थी, लेकिन इसके बाद सूर्यकुमार ने शानदार बल्लेबाजी की। 

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सूर्यकुमार एक छोर पर जमे रहे और बड़े शॉट लगाते रहे। इसी वजह से मुंबई का रन रेट 10 के करीब बना रहा। सूर्या ने विष्णु विनोद के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। विष्णु 20 गेंद में 30 रन बनाकर मोहित शर्मा का शिकार बने, लेकिन सूर्या जमे रहे और नाबाद 103 रन बनाकर वापस लौटे। अंत में टिम डेविड पांच रन बनाकर आउट हुए और ग्रीन तीन रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन सूर्यकुमार के तूफानी शतक के चलते मुंबई की टीम पांच विकेट पर 218 रन बनाने में सफल रही। मुंबई ने गुजरात के खिलाफ लगातार चौथी बार 200 या इससे ज्यादा का स्कोर बनाया। गुजरात के लिए स्पिन गेंदबाज राशिद खान ने 30 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट चटकाए।



सूर्यकुमार ने आईपीएल में अपना पहला शतक लगाया
सूर्यकुमार यादव ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए आईपीएल में अपना पहला शतक लगाया। उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में 49 गेंदों में नाबाद 103 रन की पारी खेली। सूर्यकुमार ने 11 चौके और छह छक्के लगाए और आईपीएल में यह उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन है। आईपीएल-16 में यह चौथा शतक लगा है। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए सूर्यकुमार ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की और 17 गेंद में 52 रन बना दिए। 

सूर्यकुमार ने पारी के 18वें ओवर में मोहित शर्मा की गेंदों में चार, चार, छह, चार जड़कर 20 रन जोड़ लिए। इसके बाद 19वें ओवर में शमी की पहली और दूसरी गेंद पर उन्होंने छह और चार लगाकर तेजी से रन बनाना जारी रखा। कैमरन ग्रीन ने स्ट्राइक बदलकर सूर्यकुमार को दी और फिर उन्होंने आखिरी गेंद पर भी चौका लगा दिया। इस ओवर में 17 रन आए। उन्होंने आखिरी ओवर में जोसफ की गेंद पर छक्का लगाकर 49 गेंद में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने छठे विकेट के लिए कैमरन ग्रीन के साथ 18 गेंदों में नाबाद 54 रन की तेजतर्रार साझेदारी की।



गुजरात की खराब शुरुआत
219 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। ऋद्धिमान साहा सिर्फ दो रन बनाकर आकाश मधवाल का शिकार बने। इस समय गुजरात का स्कोर सात रन था। कप्तान हार्दिक भी कुछ खास नहीं कर पाए और चार बनाकर आउट हो गए। इसके बाद गिल भी छह रन बनाकर मधवाल का दूसरा शिकार बने। 26 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद गुजरात की टीम मुश्किल में आ गई थी। इसके बाद विजय शंकर ने कुछ चौके लगाकर उम्मीद जरूर जगाई, लेकिन वह भी 29 रन बनाकर आउट हो गए। अभिनव मनोहर दो रन बनाकर आउट हुए और 55 रन के स्कोर पर गुजरात की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। इसी के साथ गुजरात की हार लगभग तय हो गई थी। 

डेविड मिलर और राहुल तेवतिया ने मिलकर गुजरात की पारी को संभाला। दोनों ने संभलकर खेलते हुए छठे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की, लेकिन मिलर 41 रन बनाकर आउट हो गए। इस समय गुजरात का स्कोर 100 रन था। इसके बाद राहुल तेवतिया भी 14 रन बनाकर आउट हुए और ऐसा लगा कि गुजरात के लिए 20 ओवर खेलना भी मुश्किल होगा। हालांकि, राशिद खान अलग इरादों के साथ मैदान पर उतरे थे। राशिद ने 32 गेंद में 10 छक्के और तीन चौकों की मदद से नाबाद 79 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर पर नूर अहमद तीन गेंद पर एक रन बनाकर आउट हो गए। अल्जारी जोशेप ने भी 12 गेंद में सात रन बनाए और गुजरात की टीम 191 रन ही बना सकी। 



मुंबई के लिए आकाश मधवाल ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। पीयूष चावला और कुमार कार्तिकेय को दो-दो विकेट मिले। जेसन बेहरनडॉर्फ ने एक विकेट लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed