फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   LIVE scorecard of India vs West Indies, second t20 at atal bihari vajpayee stadium

टीम इंडिया ने दिया देश को दिवाली का तोहफा, विंडीज को लखनऊ टी-20 में 71 रन से रौंदा

Wed, 07 Nov 2018 04:15 AM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला Updated Wed, 07 Nov 2018 04:15 AM IST
विज्ञापन
LIVE scorecard of India vs West Indies, second t20 at atal bihari vajpayee stadium

दिवाली की पूर्व संध्या पर भारतीय क्रिकेट टीम ने देशवासियों को जीत का तोहफा दिया। रोहित शर्मा के ऐतिहासिक शतक (111 रन) फिर गेंदबाजों के जबरदस्त प्रदर्शन के बूते टीम इंडिया ने लखनऊ टी-20 में वेस्टइंडीज को 71 रन के बड़े अंतर से हराया।

विज्ञापन


इस तरह शुरुआती दो मुकाबले जीतकर 'रोहित ब्रिगेड' ने तीन मैच की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली। अब अगला मुकाबला 11 नवंबर को चेन्नई में खेला जाएगा।
विज्ञापन


टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी 'ब्लू ब्रिगेड' ने वेस्टइंडीज के सामने 196 रन का लक्ष्य रखा। जिसके जवाब में कैरेबियाई टीम 9 विकेट खोकर 124 रन पर सिमट गई। रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया जब वे इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में 4 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। रोहित ने न्यूजीलैंड के कोलिन मुनरो को पीछे छोड़ा, जिनके नाम तीन शतक दर्ज हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

वेस्टइंडीज बड़े लक्ष्य के सामने शुरू में ही लड़खड़ा गया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद (30 रन देकर दो) ने शाई होप (छह) को बोल्ड करने के बाद विस्फोटक बल्लेबाज शिमरोन हेटमेयर (15) को दबाव में लॉन्ग ऑन पर आसान कैच देने के लिए मजबूर किया।


कैरेबियाई टीम पावरप्ले तक दो विकेट पर 39 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। कोलकाता में कहर बरपाने वाले चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव (32 रन देकर दो) ने आठवें ओवर में गेंद थामी और चार गेंद के अंदर डेरेन ब्रावो (23) और निकोलस पूरन (चार) को आउट करके अपने स्थानीय प्रशंसकों को जश्न मनाने का पूरा मौका दिया। रोहित का तीन कैच में से यह पहला कैच था। 

जसप्रीत बुमराह (20 रन देकर दो) ने अपने तीखे तेवरों के लिए मशहूर कीरेन पोलार्ड (पांच) को अपनी गेंद पर कैच करके वेस्टइंडीज की रही सही उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। दिनेश रामदीन (10) और फैबियन एलेन (शून्य) के लगातार गेंदों पर आउट होने से भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित हो गई।

कीमो पॉल (20) और कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट (नाबाद 15) हार का अंतर ही कम कर पाये। भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 12 रन देकर दो विकेट लिए। इसके पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 2 विकेट खोकर 195 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

रोहित ने मनाई रनों की दिवाली

LIVE scorecard of India vs West Indies, second t20 at atal bihari vajpayee stadium

रोहित ने दीवाली से एक दिन पहले अटल इकाना स्टेडियम में चौके और छक्कों से धूमधड़ाका करके यहां मौजूद 50 हजार दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाकर 61 गेंदों पर नाबाद 111 रन की पारी खेली जिसमें आठ चौके और सात छक्के शामिल हैं।

उन्होंने शिखर धवन (41 गेंदों पर 43 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 123 रन जोड़े जबकि केएल राहुल (14 गेंदों पर नाबाद 26 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिये केवल 28 गेंदों पर 62 रन की अटूट साझेदारी की। 

रोहित ने शुरू में सतर्कता बरती लेकिन जल्द ही अपने असली तेवर दिखाने शुरू कर दिये। धवन ने कप्तान के साथ पूरी लय दिखाई और पहले दस ओवर में स्कोर 83 रन पर पहुंचा दिया। यह स्कोर तब बना जबकि ओशेन थॉमस ने पहला ओवर मेडन किया और पहले चार ओवर के बाद स्कोर 20 रन था। 

रोहित ने थॉमस को ही निशाना बनाया जो लगातार 145 किमी रफ्तार से गेंद कर रहे थे। जब वह पारी का तीसरा ओवर करने के लिये आये तो रोहित की आंख जम चुकी थी। इस धाकड़ बल्लेबाज ने उनकी 149 किमी की रफ्तार वाली गेंद को छक्के के लिये भेजा जबकि धवन ने इसी ओवर में दो चौके जड़े। थामस के इस ओवर में 17 रन बने। 

इस छक्के से रोहित भारत की तरफ से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने नियमित कप्तान विराट कोहली (2102) को पीछे छोड़ा। जब वह 24 रन पर थे तब खारी पिएर ने रोहित को जीवनदान भी दिया। 

धवन ने भी 20वां रन बनाते ही इस प्रारूप में 1000 रन पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज हैं। धवन को भी 28 रन के निजी योग पर कीमो पॉल ने जीवनदान दिया। वह न सिर्फ सीधा कैच लेने में नाकाम रहे बल्कि गेंद को चौके के लिये जाने से भी नहीं रोक पाए। 

रोहित ने इस प्रारूप में 19वीं बार 50 से अधिक का स्कोर बनाया जो कि भारतीय रिकार्ड है। कोहली 18 बार ऐसा कारनामा कर चुके हैं। रोहित अपने पूरे रंग में थे और भाग्य भी उनके साथ था। बाएं हाथ के स्पिनर फेबियन एलेन पर लगातार दो छक्के जड़ने के बाद रोहित को फिर जीवनदान मिला। इस बार गेंदबाज ने ही उनका मुश्किल कैच छोड़ा। इसी ओवर में हालांकि निकोलस पूरन ने धवन का कैच लेने में गलती नहीं की जिन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। 

ऋषभ पंत (पांच) को ऊपरी क्रम में भेजा गया लेकिन वह फिर से नाकाम रहे और मिडविकेट पर आसान कैच देकर पवेलियन लौटे, लेकिन राहुल ने रोहित का अच्छा साथ देकर डेथ ओवर्स में भी रन वर्षा जारी रखी। रोहित ने पारी के आखिरी ओवर में विरोधी कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट पर लगातार तीन चौके और एक छक्का लगाया तथा इस बीच दूसरे चौके से इस प्रारूप में अपना चौथा शतक पूरा किया जो कि टी-20 अंतरराष्ट्रीय में नया रिकार्ड है। 

दोनों टीम इस प्रकार है

LIVE scorecard of India vs West Indies, second t20 at atal bihari vajpayee stadium
इसके पहले कार्लोस ब्रैथवेट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। वेस्टइंडीज में एक बदलाव किया गया। रोवमैन पॉवेल की जगह निकोलस पूरन को टीम में शामिल किया गया। दूसरी ओर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी उमेश यादव की जगह भुवनेश्नर कुमार को प्लेइंग इलेवन में जगह दी।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, केएल राहुल, दिनेश कार्तिक, मनीष पांडे, ऋषभ पंत, क्रुणाल पांड्या, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, के खलील अहमद

वेस्टइंडीज: कार्लोस ब्रैथवेट (कप्तान), शाई होप, दिनेश रामदीन (विकेटकीपर), डेरेन ब्रावो, फेबियन ऐलन, कीरोन पोलार्ड, शिमरोन हेटमेयर, कीमो पॉल, खेरी पिएरे, निकोलस पूरन और ओशाने थॉमस
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed