रांची में टीम इंडिया की फिर जीत, श्रीलंका को 107 रन से हराया
टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच रविवार को तीन टी-20 मैचों की सीरीज खत्म हुई। जिसमें महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली टीम ने सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया था। सोमवार को रांची में हुए भारतीय महिला और श्रीलंकाई महिला क्रिकेट टीम के बीच मुकाबले में भारत ने शानदार जीत दर्ज की।
रांची में पहले वनडे मैच में श्रीलंका के न्यौते पर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय महिला टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 245 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 45.2 ओवर में 138 रनों पर सिमट गई। श्रीलंका की शुरुआत तो अच्छी थी लेकिन 4 बल्लेबाजों को छोड़कर बाकी के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक छू नहीं सके। भारतीय गेंदबाज पूनम यादव के चार विकेट की बदौलत भारत ने श्रीलंका को 107 रनों से रौंदा।
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। हालांकि टीम की कप्तान मिताली राज फिफ्टी लगाने से एक रन से रह गई। टीम की ओर से 2 फिफ्टी लगी। भारतीय टीम की ओर से कुल 24 चौके और एक छक्का लगा। छक्का हरमनप्रीत के बल्लेे से निकला।
भारतीय टीम में लगी दो फिफ्टी
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के न्यौते के बाद मिताली राज की अगुआई में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। पहले विकेट के लिए स्मृति मंदाना (55) और थिरुश कामिनी (23) ने पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़े।
कामिनी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी कप्तान मिताली राज ने मंदाना का कुछ देर साथ दिया। लेकिन 100 रन से महज 2 रन पहले ही मंदाना आउट हो गई। हरमनप्रीत (50) के साथ मिताली स्कोर को 160 रन ही ले जा सकी और आउट हो गई। मिताली फिफ्टी लगाने से एक रन से रह गई।
टीम का स्कोर 200 रन पार करने के बाद हरमनप्रीत भी आउट हुई। हालांकि तब तक उनके पचास रन पूरे हो चुके थे। पुछल्लों ने आखिर में तेज खेल दिखाया और चुनौतीपूर्ण लक्ष्य तक स्कोर को पहुंचाया।