मुंबई को दोबारा हरा दिल्ली ने तोड़ा दो साल पुराना रिकॉर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल-8 के 21वें मुकाबले में दिल्ली ने मुंबई को 37 रनों से करारी शिकस्त देकर 2013 के बाद दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में पहली जीत हासिल की है। दिल्ली के 4 विकेट पर 190 रनों के जवाब में मुंबई की पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 153 रन ही बना सकी।
दिल्ली की इस जीत की खास बात यह है कि दो साल पहले 21 अप्रैल 2013 को दिल्ली आखिरी बार इस मैदान में मुंबई के खिलाफ ही जीती थी।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए क्लिक करें
दिल्ली से मिले विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही। 5वें ओवर में तेज गेंदबाज मुत्तुस्वामी ने दिल्ली को पहली सफलता दिलाई। लिंडल सिमंस (15) हिट लगाने के चक्कर में अपना कैच जेपी डुमिनी को थमा बैठे। कुछ देर बाद पार्थिव पटेल 28 रन बनाकर एंगलो मैथ्यूज का शिकार हुए। मुंबई को तीसरा झटका उन्मुक्त चंद के रुप में लगा। वह 14 रन बनाकर अमित मिश्रा का शिकार हुए।
इसके बाद क्रीज पर रोहित का साथ निभाने कीरोन पोलार्ड पहुंचे। उन्होंने आते ही एक छक्का जरुर लगाया लेकिन 10 रन बनाकर वह भी पवेलियन लौट गए। हालांकि एक छोर से कप्तान रोहित ने उम्मीद नहीं छोड़ी और डटे रहे। उनके साथ अंबाती रायडू ने भी साथ निभाते हुए तेजी से रन बटोरने शुरू किए। 16वें ओवर में रोहित (30) के रुप में मुंबई ने अपनी आखिरी उम्मीद भी गंवा दी। बड़े लक्ष्य के दबाव में रोहित ने बड़ी हिट लगाने की कोशिश की लेकिन वह कैच आउट हो गए।
अगले ओवर की पहली गेंद पर हार्दिक पांड्या बिना कोई खाता खोले आउट हुए। पांड्या के रुप में मुंबई ने अपना छठा विकेट गंवाया। इसी ओवर में इमरान ताहिर ने पहले रायडू (30) और मिशेल मैकलम को आउट कर टीम की झोली में सातवां और आठवां विकेट डाला। मुंबई ने सिर्फ 4 रनों के भीतर 4 विकेट गंवाए। हरभजन सिंह (9) ने आखिर में कुछ बड़े हिट लगाने की कोशिश जरुर की लेकिन वह नाकाफी रहा।
श्रेयस और डुमिनी की जोड़ी ने बनाई डेढ़ सेंचुरी
इससे पहले मुंबई के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के बुलावे पर आई दिल्ली की अपने घरेलु मैदान में अच्छी शुरुआत नहीं हो सकी। टीम के ओपनर बल्लेबाज मयंक अग्रवाल पहले ही ओवर में मात्र 1 रन बनाकर चलते बने। दिल्ली को पहला झटका 2 रन पर लगा। पहला विकेट खोने के बाद श्रेयस अय्यर के साथ कप्तान जेपी डुमिनी ने टीम की कमान संभाली। शुरुआती झटके से बेपरवाह दोनों ने तेज बल्लेबाजी जारी रखी।
हालांकि मुंबई काफी देर तक दिल्ली को दूसरा झटका नहीं दे सकी लेकिन दोनों बल्लेबाजों को बाउंड्री लगाने से 17 गेंदों तक रोके भी रखा। 8वें ओवर से बाउंड्री के लिए तरस रही दिल्ली को श्रेयस ने 11वें ओवर में छक्का लगाकर राहत दी। इसके बाद दोनों नहीं रुके और आतिश खेल दिखाते हुए मात्र 12 ओवर में टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया। इस बीच पहले श्रेयर फिर डुमिनी ने अपने-अपने पचास रन पूरे किए।
16वें ओवर में डुमिनी (नाबाद 78 ) ने छक्का लगाकर टीम का स्कोर 150 पहुंचाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 154 रन जोड़े। 17वें ओवर में लसित मलिंगा ने मुंबई को ब्रेक थ्रू दिलाते हुए श्रेयस (83) को बोल्ड किया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए एंगलो मैथ्यूज ने कुछ बड़े हिट लगाए। लेकिन अगले ओवर में वह 17 रन बनाकर चलते बने। आखिर 12 गेंद शेष रहते युवराज सिंह (2) बल्लेबाजी करने पहुंचे। 20वें ओवर में युवराज कैच आउट हुए।