Legends League Cricket: 209 रन बनाने के बावजूद हारा भारत, इमरान ताहिर ने लगाया तूफानी अर्धशतक, देखें वीडियो
लीजेंड लीग क्रिकेट में वर्ल्ड जाइंट की टीम ने भारत को तीन विकेट से हरा दिया। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के स्पिन गेंदबाज इमरान ताहिर ने बल्ले से कमाल दिखाया और 19 गेंद में 52 रन बनाए। ताहिर ने इस पारी में पांच छक्के और तीन चौके लगाए।
विस्तार
टूर्नामेंट के तीसरे मैच में वर्ल्ड जाइंट्स की टीम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। भारत के लिए विकेटकीपर नमन ओझा ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 69 गेंदों में 140 रन बनाए। उनकी इस पारी में 15 चौके और नौ छक्के शामिल थे। उनके अलावा कप्तान मोहम्मद कैफ ने 47 गेंद में नाबाद 53 रन बनाए। वहीं यूसुफ पठान ने एक गेंद खेलकर छह रन बनाए। वसीम जाफर और बद्रीनाथ अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
निर्धारित 20 ओवरों में भारत ने तीन विकेट खोकर 209 रन बनाए। वर्ल्ड जाइंट्स के लिए सिडबॉटम ने दो और मोर्ने मॉर्कल ने एक विकेट लिया।
Imran Tahir ! You Beauty 🔥
— Mustafa Abid (@mmustafa_abid) January 22, 2022
52 off 19 balls 💥#Cricket #LegendsLeagueCricket @llct20 pic.twitter.com/B1Hxoz6w9p
ताहिर ने बल्ले से दिखाया कमाल
210 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए वर्ल्ड जाइंट्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और केविन ओ ब्रायन नौ रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद भी टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। केविन पीटरसन ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की और 27 गेंद में 53 रन बनाए। उनकी इस पारी में छह छक्के और दो चौके शामिल थे। उनके अलावा ब्रेड हैडिन ने 21, कप्तान सैमी ने 28 और मॉर्ने मॉर्कल ने 21 रन बनाए।
नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ताहिर ने अपनी विस्फोटक पारी से मैच पलट दिया। उन्होंने 19 गेंद में पांच छक्के और तीन चौके की मदद से 52 रन बनाए। ताहिर ने अपने दम पर तीन गेंद रहते वर्ल्ड जाइंट्स को मैच जिता दिया। भारत के लिए मुनाफ पटेल और स्टुअर्ट बिन्नी ने दो-दो विकेट लिए। वहीं मनप्रीत गोनी, हेमंग बडानी और वेणुगोपाल राव को एक-एक विकेट मिला।