फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IPL 2026: Sangakkara Urges Against Excessive Talk About Vaibhav Suryavanshi, Says Let Him Enjoy the Game

IPL 2026: संगकारा ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर ज्यादा चर्चा नहीं करने का किया आग्रह, बोले- खेल का लुत्फ लेने दें

Sat, 18 Apr 2026 07:49 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Mayank Tripathi Updated Sat, 18 Apr 2026 07:49 PM IST
सार

संगकारा ने कहा कि टी20 क्रिकेट में सलामी बल्लेबाजों के लिए आक्रामक शुरुआत करना सामान्य बात है और वैभव समय के साथ परिस्थितियों को समझना सीख जाएंगे।

विज्ञापन
IPL 2026: Sangakkara Urges Against Excessive Talk About Vaibhav Suryavanshi, Says Let Him Enjoy the Game
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : IANS

विस्तार

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के आईपीएल में शानदार प्रदर्शन को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच टीम के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा कि इस किशोर खिलाड़ी को अपने खेल का आनंद लेते रहना चाहिए और उसके बारे में कम कहा जाए तो बेहतर है। 
विज्ञापन


'उतार-चढ़ाव स्वाभाविक हैं'
संगकारा ने कहा कि वैभव की आईपीएल यात्रा शानदार पारियों और सीखने के अनुभवों का मिश्रण है, और इस उम्र में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक हैं। उन्होंने कहा, 'मेरा संदेश सरल है हर स्थिति का लुत्फ लो। चाहे 35 गेंदों में 100 रन हों, 15 गेंदों में 50 रन या पहली ही गेंद पर आउट होना। खेल में रन बनाना और आउट होना, दोनों ही प्रक्रिया का हिस्सा हैं।'

अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंद में 175 रन बनाने वाले इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने मौजूदा आईपीएल सत्र में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ जसप्रीत बुमराह और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ जोश हेजलवुड जैसे गेंदबाजों पर भी आक्रामक प्रहार किए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया था। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जिससे उनके प्रदर्शन में अस्थिरता भी सामने आई। 
विज्ञापन
विज्ञापन

'समय के साथ सीख जाएंगे'
संगकारा ने कहा कि टी20 क्रिकेट में सलामी बल्लेबाजों के लिए आक्रामक शुरुआत करना सामान्य बात है और वैभव समय के साथ परिस्थितियों को समझना सीख जाएंगे। उन्होंने कहा, 'वह खुद ही चीजें समझ लेंगे। ऐसे खिलाड़ी के लिए कभी-कभी कम कहा जाना ही बेहतर होता है। वैभव में अपार प्रतिभा है। वह नेट सत्र में कड़ी मेहनत करते हैं और मैच की परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते हैं। मैं चाहता हूं कि वैभव अपनी 15 साल की उम्र की स्वाभाविक मासूमियत और खेल के प्रति जिज्ञासा को बनाए रखें, क्योंकि यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।'
विज्ञापन

कोच ने की जुरेल की तारीफ
संगकारा ने टीम के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की भी जमकर सराहना की और कहा कि उनकी स्पष्ट सोच और आत्मविश्वास ने उनके प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि जुरेल नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए अहम खिलाड़ी साबित हुए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 200 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी नाबाद 81 रन की संयमित और जिम्मेदार पारी ने सभी को प्रभावित किया। संगकारा ने कहा, 'उनका हमेशा से लक्ष्य रन बनाना रहा है। वह टीम पर प्रभाव डालने वाले खिलाड़ी हैं। वह कद में छोटे हैं, लेकिन उनके इरादे बेहद मजबूत हैं और उनके पास ताकत के साथ-साथ तकनीक भी है।' 

उन्होंने आगे कहा कि जुरेल अपनी भूमिका और करियर की दिशा को लेकर स्पष्ट हैं, जिससे उनके खेल में और निखार आया है। संगकारा ने कहा, 'अब उन्हें पता है कि राजस्थान रॉयल्स और संभवतः भारतीय टीम में उनका रास्ता क्या है। इस स्पष्टता ने उन्हें खुलकर खेलने की आजादी दी है।' 

कप्तान पर क्या बोले संगकारा?
रॉयल्स के कप्तान रियान पराग भले ही रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हों, लेकिन मुख्य कोच संगकारा का मानना है कि उनका प्रदर्शन वास्तविक स्थिति से कहीं बेहतर है। उन्होंने कहा कि पराग अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और गेंद को सही समय पर और सही जगह खेल रहे हैं। उन्होंने कहा, 'जब मैं उन्हें बल्लेबाजी करते देखता हूं, तो वह वास्तव में बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। वह गेंद को अच्छे से खेल रहे हैं और जानते हैं कि उसे कहां खेलना है।' संगकारा ने कहा कि क्रिकेट में कई बार खिलाड़ी अच्छा खेलता है लेकिन रन नहीं बनते।

कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस सत्र में अब तक संघर्ष किया है, लेकिन संगकारा ने कहा कि किसी भी टीम के खिलाफ रिकॉर्ड या मौजूदा फॉर्म निर्णायक नहीं होता। उन्होंने कहा, 'हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेते। रिकॉर्ड्स का आमने-सामने के मुकाबलों में कोई मतलब नहीं होता। हमें उम्मीद है कि यह एक कठिन मुकाबला होगा।' उन्होंने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स एक मजबूत टीम है, भले ही परिणाम उनके पक्ष में नहीं आए हों।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed