आईपीएल 2020 का रोमांच अपने चरम पर है। यूएई में खेले जा रहे चर्चित टी-20 लीग में अब प्लेऑफ की दौड़ बेहद रोमांचक हो गई है। टूर्नामेंट में 50 लीग मुकाबले खेले जा चुके हैं और अभी तक सिर्फ मुंबई इंडियंस ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर पाई है। लेकिन अन्य तीन स्थानों के लिए छह टीमें दावेदार हैं।
KXIP के हारने के बाद अंकतालिका के बदले समीकरण, जानें प्लेऑफ का पूरा गणित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंबई ने अभी तक 12 मुकाबले खेले हैं, इसमें उसे आठ में जीत मिली है और चार में शिकस्त। मुंबई 16 अंकों और 1.186 के मजबूत रन रेट के साथ अंक तालिका में सबसे ऊपर है और प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। वो अपने बाकी के दोनों मुकाबले जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर रहना चाहेगी।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 12-12 मुकाबले खेले हैं। दोनों ने ही सात-सात मुकाबले जीते हैं और दोनों के 14 अंक हैं। हालांकि रन रेट के आधार पर आरसीबी (0.048) की टीम अंक तालिका में दिल्ली (0.030) से एक पायदान ऊपर दूसरे स्थान पर है।
अगर आज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने-अपने मुकाबले जीत लेती है तो सीधे प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी और फिर चौथे स्थान के लिए टीमों की तलाश रह जाएगी।
वहीं किंग्स इलेवन पंजाब, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने 13-13 मुकाबले खेल लिए हैं और सभी के छह-छह जीत के साथ 12 अंक हैं। हालांकि रन रेट के आधार पर पंजाब (-0.133) चौथे, राजस्थान (-0.377) पांचवें और कोलकाता (-0.467) छठे स्थान पर काबिज है।
इनके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद भी दौड़ में शामिल है। उसने अभी तक कोटे के 12 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसके पांच जीत के साथ 10 अंक हैं। हैदराबाद का रन रेट (0.396) बहुत अच्छा है, ऐसे में अगर हैदराबाद की टीम अपने बाकी के दोनों मुकाबले जीत जाती है तो प्लेऑफ में अपनी दावेदारी मजबूत कर लेगी।