INDW vs ENGW: वॉन ने फिर कसा विराट पर तंज, कहा- कम से कम इंग्लैंड में एक भारतीय टीम खेल सकती है
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने एक बार भारतीय क्रिकेट टीम पर निशाना साधा है। उन्होंने भारत की महिला क्रिकेट टीम की ताऱीफ करते हुए विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम इंडिया पर तंज कसा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन को अक्सर भारतीय क्रिकेट टीम के आलोचक के तौर पर जाना जाता है। वह सोशल मीडिया के जरिए अक्सर टीम इंडिया के खिलाफ जहर उगलते रहते हैं। वॉन ने एक बार फिर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में मिली हार पर चुटकी ली है। इन दिनों भारत की महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे पर है और वनडे सीरीज खेल रही है। इस दौरान दोनों देशों के बीच दूसरा एकदिवसीय मैच बुधवार को टॉन्टन में खेला गया। दूसरे वनडे में इंग्लैंड की महिला टीम ने भारत को 5 विकेट से हराकर सीरीज में निर्णायक बढ़त ले ली। इसके बाद माइकल वॉन ने भारतीय महिला टीम की प्रशंसा करते हुए पुरुष टीम पर निशाना साधा।
वॉन ने ट्वीट कर कहा, भारत की महिला टीम ने आज बेहतरीन प्रदर्शन किया, यह देखकर अच्छा लगा कि कम से कम एक भारतीय टीम इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेल सकती है। माइकल वॉन ने अपने इस ट्वीट के जरिए भारतीय पुरुष टीम पर तंज कसा जिसे हाल ही में न्यूजीलैंड ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में 8 विकेट से हराया था। डब्ल्यूटीसी फाइनल में कीवी टीम के खिलाफ विराट कोहली की टीम इंडिया 217 रनों पर ऑल आउट हुई थी।
The Indian women’s team are putting in an excellent display today … Good to see at least 1 Indian cricket team can play in English conditions … 😜😜
— Michael Vaughan (@MichaelVaughan) June 30, 2021
भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच खेली जा रही तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज भले ही टीम इंडिया हार गई हो लेकिन शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे मुकाबले में भारत की विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 55 गेंदों पर 44 रन बनाए। इसके अलावा मिताली राज ने अर्धशतकीय पारी खेली। एक समय मैच में भारत का स्कोर 2 विकेट पर 77 रन था लेकिन इसके बाद 178 रन पर सात विकेट गिर गए। भारतीय महिला टीम का मध्यक्रम और निचला क्रम असफल रहा। जिसके चलते टीम इंडिया 222 रन बना सकी। इस मुकाबले में इंग्लैंड की तरफ से शानदार गेंदबाजी करते हुए कैट क्रॉस ने 34 रन देखकर 5 विकेट लिए थे।
माइकल वॉन का ट्वीट इस बात की तरफ संकेत करता है कि भारत की पुरुष टीम इंग्लैंड की धरती पर 2007 के बाद से लगातार संघर्ष कर रही है। टीम इंडिया इंग्लैंड में 2007 के बाद से टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। साल 2011 में खेली गई टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड ने भारत को 4-0 से हराया था। वहीं 2014 की सीरीज में 3-1 से टीम इंडिया को शिकस्त का सामना करना पड़ा। जबकि 2018 में इंग्लिश टीम टेस्ट सीरीज में भारत को 4-1 से हराने में सफल रही। माइकल वॉन का मानना है कि आगामी टेस्ट सीरीज में भी इंग्लैंड की टीम भारत पर जीत दर्ज करेगी। दोनों देशों के बीच खेली जाने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज 4 अगस्त से होगा।