किसी योद्धा की तरह लड़े विराट कोहली, रनों की भूख के आगे बेदम नजर आए अंग्रेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस दौरे से पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली के इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट मैचों में सफलता को लेकर सवाल किए जा रहे थे। लोग यह भी कहने से नहीं हिचकिचाए कि विराट सिर्फ घर के शेर हैं। उपमहाद्वीप से बाहर जाते ही उनके बल्ले को जंग लग जाता है।
चार साल तक कोहली ने साल 2014 के इंग्लैंड दौरे में प्रदर्शन को लेकर आलोचनाओं का सामना किया। उस सीरीज की दस पारियों में यह भारतीय कप्तान 13.40 की औसत से महज 134 रन ही बना पाए थे, जिसमें 39 उनका श्रेष्ठ स्कोर था।
ऐसे में गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ विराट एक नए इरादे के साथ मैदान पर उतरे और ऐसा खेले कि एक के बाद एक कई रिकॉर्ड धड़ाधड़ टूटते गए। सचिन तेंदुलकर, सर डॉन ब्रेडमैन जैसे तमाम दिग्गजों को पछाड़ते हुए विराट ने बल्ले से वह कहानी लिखी जिसे आने वाली कई पीढ़ियां भारतीय टीम के गौरवगान के रूप में याद रखेगी।
ENGvIND: कप्तान कोहली ने फिर रचा इतिहास, ब्रायन लारा का तोड़ा यह बड़ा रिकॉर्ड
यह पारी कुछ खास थी
एक छोर से विकेटों को पतन जारी था। मगर इंग्लिश गेंदबाजों की सीम-स्विंग-पेस विराट को विचलित नहीं कर पाई। अच्छी गेंदों को सम्मान और खराब गेंदबाजी पर उन्होंने तगड़े प्रहार कर बता दिया कि क्यों उन्हें विश्व का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज माना जाता है।
बेन स्टोक्स की गेंद पर चौका जमाते हुए किंग कोहली ने इंग्लैंड की धरती पर अपना पहला और टेस्ट करियर का 22वां शतक जमाया। वैसे तो उनके लिए शतक लगाना कोई नई बात नहीं, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वे अब कुल 57 शतक (22 टेस्ट मैचों में और 35 वनडे) जमा चुके हैं।
विराट ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का एक और रिकॉर्ड, ब्रेडमैन से भी आगे निकले कोहली
मगर इस बार हालात जुदा थे। इंग्लैंड में खुद को साबित करने के दबाव के साथ-साथ उनपर टीम को संभालने की भी जिम्मेदारी थी।
दरअसल, एजबेस्टन में खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड की पेस बैटरी के आगे भारतीय बल्लेबाज घुटने टेकते नजर आए। महज 100 रन पर टीम के 5 रनबांकुरे पवेलियन की राह पकड़ चुके थे। ऐसे में कोहली ने न सिर्फ रनगति बरकरार रखी बल्कि टीम को 274 रन के स्कोर तक भी पहुंचाया।
पुछल्ले बल्लेबाजों संग लड़ी जंग
29 वर्षीय इस बल्लेबाज ने अपनी पारी के अंतिम 92 रन मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा और उमेश यादव के साथ मिलकर बनाए। दिल्ली के इस जांबाज ने इन तीन पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर कुल 105 रन जोड़े जिसमें इन खिलाड़ियों का बल्ले से योगदान नगण्य ही था।
VIDEO: विराट ने बीच मैच फिर किया प्यार का इजहार, शतक ठोक अनुष्का को दिया खास तोहफा
अपनी शतकीय पारी में विराट ने 225 गेंदों में 149 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 22 चौके और 1 छक्का जड़ा। कोहली को पारी में दो जीवनदान (21 और 51 रन पर) भी मिले, लेकिन उन्होंने साबित कर दिया कि वे किस जज्बे के खिलाड़ी हैं।
दो दिन के खेल के बाद अब मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। जहां से कोई भी टीम मुकाबला हथिया सकती है। पहले टेस्ट का परिणाम चाहे जो भी हो, लेकिन विराट कोहली ने यह बता दिया कि वह एक योद्धा हैं, जो निडरता के साथ न सिर्फ अकेले गेंदबाजों का सामना करता है बल्कि विपक्षियों के घर घुस उनकी आंखों में आंखें डालकर लड़ना भी जानता है।