भारतीय कप्तान ने कहा- हमें दिग्गजों के ट्वीट्स की नहीं, पाक के इस फॉर्मूले की जरूरत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप जीतने के बाद पूरे देश से तारीफें मिल रही हैं। फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात देकर टीम इंडिया ने पांचवीं बार विश्व कप का खिताब जीता। हालांकि, देश की ब्लाइंड क्रिकेट टीम अभी भी तंगहाली का जीवन जी रही है।
क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (सीएबीआई) अभी भी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से मान्यता प्राप्त नहीं है। अधिकांश खेलों की तुलना में ब्लाइंड क्रिकेट का सरकार ने भी अच्छे से साथ नहीं दिया है। इसी मामले में भारतीय ब्लाइंड टीम के कप्तान अजय रेड्डी ने चिंता भी व्यक्त की है।
भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप जीतने के बाद देश की दिग्गज हस्तियों यानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर 'क्रिकेट के भगवान' माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने ट्विटर पर बधाई दी। भारतीय टीम के कप्तान अजय रेड्डी ने कहा कि हमें दिग्गजों के ट्वीट्स की जरुरत नहीं बल्कि पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट टीम जैसी सुविधाएं चाहिए।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम से की ऐसी तुलना
भारतीय कप्तान ने पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट टीम से तुलना करते हुए बताया कि उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से सभी सुविधाएं मिलती हैं। रेड्डी के हवाले से हिंदुस्तान टाइम्स ने कहा, 'पाकिस्तान में ब्लाइंड क्रिकेट टीम को पीसीबी से समर्थन मिलता है। उनके लिए बजट जारी किया गया है।'
उन्होंने आगे कहा, 'जब 2002 में पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप जीता था, तब उन्हें आधिकारिक पहचान मिल गई थी। पाक खिलाड़ियों को नियमित सैलरी, सरकारी नौकरियां और विशेष सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने सिर्फ दो वर्ल्ड कप जीते जबकि हमने पांच। फिर भी हमें कोई सुविधा नहीं मिलती।'
रेड्डी ने यह भी ध्यान दिलाया कि किसी ने आगे आकर भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम की मदद करने का नहीं सोचा। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट के बावजूद किसी प्रकार का सुधार नहीं हुआ है।
कोई इन खिलाड़ियों की मदद को नहीं है तैयार
बकौल रेड्डी, 'सचिन तेंदुलकर सर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई संदेश भेजे, लेकिन किसी ने आगे आकर हमारी मदद नहीं की। हमें ट्वीट्स की जरुरत नहीं है।'
अब यह देखने लायक रहेगा कि क्या सरकार कोई उचित कदम उठाकर इन खिलाड़ियों की जिंदगी संवारने का बीड़ा उठाएगी।