महेंद्र सिंह धोनी की खराब बल्लेबाजी फार्म के कारण चयनकर्ता गुरुवार को यहां चयन समिति की बैठक के दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा घरेलू श्रृंखला के सीमित ओवरों के चरण के लिए ऋषभ पंत को भी टीम में जगह दे सकते हैं।
अभी यह तय नहीं है कि टीम का चयन पहले तीन मैचों के लिए किया जाएगा या पूरी श्रृंखला के लिए। सीमित ओवरों के चरण की शुरुआत 21 अक्टूबर से होगी जिसमें पांच एकदिवसीय और तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे।
कप्तान विराट कोहली पर काम का बोझा भी अहम मुद्दा है लेकिन इस बात की संभावना कम ही है कि वह पूरी श्रृंखला से आराम लेना चाहेंगे।
इसके अलावा धोनी के कवर को लेकर चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन के बीच चर्चा हो सकती है। धोनी की विकेटकीपिंग धारदार है लेकिन उनकी बल्लेबाजी फार्म में गिरावट आई है।
चयन मामलों की जानकारी रखने वाले बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को मीडिया से कहा, ‘हम सभी को पता है कि धोनी विश्व कप तक खेलेगा लेकिन पंत को निखारने में कोई नुकसान नहीं है जो छठे या सातवें नंबर पर शानदार बल्लेबाज हो सकता है, जिसमें मैच को खत्म करने की क्षमता है।’
द ओवल में पहला टेस्ट शतक जड़ने के बाद राजकोट में भी पंत ने 92 रन की पारी खेली जिसके बाद 20 साल के इस विकेटकीपर बल्लेबाज को टीम में शामिल करने की मांग तेज हो रही है।
दिनेश कार्तिक टीम का हिस्सा रहे हैं लेकिन उनके प्रदर्शन में निरंतरता की कमी है और अहम मौकों पर वह मैच को फिनिश करने में नाकाम रहे हैं जो टीम प्रबंधन की चिंता का सबब है।