भावनाओं के बीच सिडनी टेस्ट से शुरू होगा कोहली युग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिडनी टेस्ट मैच सीरीज की लिहाज से अब कोई खास महत्व नहीं रखता। हालांकि यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है क्योंकि टीमों की इस मैच से भावनाएं जुड़ी हुई हैं।
विदेशी धरती पर एक और टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद पिछले साल के अंत में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उनके तुरंत प्रभाव से संन्यास लेने के कारण बीसीसीआई ने टीम इंडिया की कमान विराट कोहली को सौंप दी। सिडनी टेस्ट के साथ ही धोनी युग के बाद अब कोहली युग का पदार्पण हो जाएगा। भारत सीरीज तो गंवा चुका है लेकिन सिडनी में वह अपने नए कप्तान की शुरुआत जीत के साथ चाहेगा।
दूसरी ओर, सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए भी यह मैच बेहद भावुक कर देने वाला होगा क्योंकि बल्लेबाज फिलिप ह्ज का निधन इसी मैदान पर बल्लेबाजी के दौरान सिर पर बाउंसर लगने से मौत हो गई थी। ह्ज के सिर पर जब चोट लगी तो उनके दोस्त डेविड वॉर्नर, शेन वॉटसन, नाथन ल्योन, ब्रैड हैडिन और मिचेल स्टॉर्क मैदान पर ही थे। और ये सभी क्रिकेटर इस समय ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में शामिल हैं और उनके सिडनी टेस्ट में खेलने की संभावना है।
हारे तो और गिर जाएगी टीम इंडिया की रैंकिंग
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का अंतिम मैच मंगलवार से सिडनी में शुरू हो रहा है। भारत अपने नए कप्तान के साथ मैदान पर उतरेगा। इस मैदान पर भारत ने पिछले 5 मैचों में लगातार 4 मैच गंवाए हैं। वहीं मेजबान टीम का भी हाल इस मैदान पर बहुत अच्छा नहीं है और उसने पिछले 5 मैचों में अंतिम 2 मैच गंवाए हैं।
हालांकि ऑस्ट्रेलिया भले ही सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा चुका हो लेकिन उसका लक्ष्य सीरीज 3-0 से खत्म करने पर है। वहीं टीम इंडिया के लिए एक और मुसीबत आने वाली है, अगर वह यह मैच हार जाती है तो टेस्ट रैंकिंग में सातवें पायदान पर लुढक जाएगी।
धोनी युग के बाद अब कोहली युग की शुरुआत हो रही है। हालांकि कोहली ने इसी सीरीज के पहले मैच में एडिलेड में भी टीम की अगुवाई कर चुके हैं। धोनी उस मैच में फिट नहीं थे और तब कोहली ने कप्तानी का जिम्मा संभाला था। हालांकि कोहली की टीम के पक्ष में एक बात जरूर जाती है और वह है भले ही भारत ने सीरीज गंवा दी हो लेकिन इस बार उसका प्रदर्शन पिछले दौरे की तुलना में बेहद शानदार रहा है। भारत एडिलेड टेस्ट में जीत की ओर जा रहा था लेकिन बाद में उसे 48 रन से हार का सामना करना पड़ गया।
सुरेश रैना और लोकेश में किसी एक को मिलेगी जगह
जहां तक सिडनी टेस्ट में टीम संयोजन का सवाल है तो ऑस्ट्रेलिया ने अपने अंतिम एकादश का ऐलान कर दिया है। इस मैच में तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन की जगह पर मिचेल स्टॉर्क खेल रहे हैं। तेज गेंदबाज स्टॉर्क का टीम से अंदर-बाहर होने का क्रम लगातार बना हुआ है। वह 2011 के बाद से लगातार 2 टेस्ट मैच कभी नहीं खेल सके हैं। उस समय उन्होंने लगातार 2 टेस्ट मैच खेले थे। हालांकि 14 टेस्ट खेल चुके स्टॉर्क का प्रदर्शन सिडनी में बहुज खास नहीं रहा है और इस बार वह अपना प्रदर्शन सुधारना चाहेंगे।
वहीं टीम इंडिया के अंतिम एकादश पर फैसला नहीं लिया गया है। मध्य क्रम के टेस्ट बल्लेबाज सुरेश रैना ने नेट पर अभ्यास किया है और उनके सिडनी टेस्ट में खेलने की संभावना दिख रही है। मेलबर्न में टेस्ट करियर की शुरुआत करने वाले लोकेश राहुल का अपने पहले टेस्ट में बेहद खराब प्रदर्शन रहा और दोनों पारियों में महज 4 रन ही बना सके इसलिए इस मैच में उनके आने की संभावना नहीं दिखती।
गेंदबाजी विभाग में तेज गेंदबाज वरुण आरोन अपने दादा के निधन पर अंतिम संस्कार में भाग लेने के बाद भारत से लौट आए हैं और अब वह टीम में मोहम्मद शमी की जगह वापसी कर सकते हैं। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के टखने में चोट अभी ठीक नहीं हुई है और उनके इस मैच में भी खेलने पर संशय बना हुआ है।
विकेटकीपर धोनी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उनकी जगह अब रिदिमान साहा विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाल सकते हैं और उनके मैच में खेलने की संभावना है।