भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को शनिवार की सुबह एक बुरी खबर ने झकझोर कर रख दिया। उनके पिता हिमांशु पांड्या का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अपने पिता से खास लगाव रखने वाले हार्दिक के लिए यह पीड़ा असहनीय है और हर कोई उन्हें अपनी संवेदनाएं दे रहा है। हार्दिक और उनके बड़े भाई क्रुणाल आज एक सफल क्रिकेटर हैं लेकिन इसके पीछे उनके पिता का संघर्ष और त्याग शामिल है।
Hardik Pandya Father: आधी रात को हार्दिक पांड्या ने दिया था सरप्राइज, हैरान पिता ने यूं लगा लिया था गले
हार्दिक और उनके पिता के बीच का लगाव और प्यार किसी से छुपा नहीं है और दोनों ने पूरी दुनिया के सामने इसका इजहार भी हमेशा किया। बेटों की खुशी में अपनी खुशी ढूंढने वाले हिमांशु पांड्या अब इस दुनिया में नहीं रहे लेकिन आइए आज उस एक वाकये को याद करते हैं जब हार्दिक के सरप्राइज पर उनके पिता हैरान रह गए थे।
साल 2018 में भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर थी। यह दौरा काफी लंबा चला था। ऐसे में सभी खिलाड़ियों की तरह हार्दिक भी अपने परिवार से लंबे समय तक दूर रहे। हालांकि, दौरा खत्म होने के बाद हार्दिक ने अपने पिता को आश्चर्यचकित कर दिया था।
पांड्या इंग्लैंड के थकाऊ दौरे से लौटने के बाद बिना किसी को बताए अपने पिता से मिलने पहुंच गए। वह देर रात अपने पिता के पास गए और उन्हें नींद से उठाया, इसके बाद का दृश्य देखने लायक था। घर पहुंचने के बाद जब हार्दिक ने अपने पिता को नींद से उठाया तो बेटे को देखते ही वह हैरान रह गए और उसके बाद उसे गले से लगा लिया। दोनों कुछ समय तक एक-दूजे के गले मिलते रहे। इसके बाद हार्दिक ने अपने पिता को गाल पर किस भी किया।
पांड्या ने यह वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था, जिसे फैंस ने भी काफी पसंद किया था। हार्दिक ने वीडिया का कैप्शन दिया था, तीन महीने के बाद पिता को देखा।