फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   GT vs PBKS: Punjab Kings beat Gujrat Titans in IPL match Shashank Singh score unbeaten half century

GT vs PBKS: पंजाब ने सीजन का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया, हीरो बनकर उभरे शशांक और आशुतोष

Thu, 04 Apr 2024 11:49 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Thu, 04 Apr 2024 11:49 PM IST
सार

GT vs PBKS: गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान शुभमन गिल के 48 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 89 रनों के दम पर चार विकेट पर 199 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन शशांक और इंपैक्ट सब के तौर पर मैदान में उतरे आशुतोष शर्मा ने टीम की मैच में वापसी कराई।

विज्ञापन
GT vs PBKS: Punjab Kings beat Gujrat Titans in IPL match Shashank Singh score unbeaten half century
गुजरात टाइटंस बनाम पंजाब किंग्स - फोटो : IPL

विस्तार

पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2024 के मुकाबले में तीन विकेट से हराया।  पंजाब की आईपीएल के मौजूदा सीजन में चार मैचों में यह दूसरी जीत है। पंजाब को इससे पहले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन टीम ने विपरीत परिस्थितियों से उबर कर गुजरात को उसके होम ग्राउंड पर मात दी। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान शुभमन गिल के 48 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 89 रनों के दम पर चार विकेट पर 199 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन शशांक और इंपैक्ट सब के तौर पर मैदान में उतरे आशुतोष शर्मा ने टीम की मैच में वापसी कराई। इन दोनों बल्लेबाजों की मदद से पंजाब ने एक गेंद शेष रहते सात विकेट पर 200 रन बनाकर जीत दर्ज की। पंजाब ने इसके साथ ही इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया। 
विज्ञापन


नूर अहमद ने पंजाब को दिए झटके
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही। तेज गेंदबाज उमेश यादव ने अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर कप्तान शिखर धवन को बोल्ड किया। धवन एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जॉनी बेयरस्टो ने प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर पंजाब की पारी को संभाला, लेकिन स्पिनर नूर अहमद ने पहले बेयरस्टो को बोल्ड किया जो 13 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नूर ने मोहित शर्मा के हाथों प्रभसिमरन सिंह को आउट किया। प्रभसिमरन 24 गेंदों पर 35 रन बनाकर तीसरे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। यहां से पंजाब की पारी लड़खड़ा गई और फिर अजमातुल्लाह ने सैम करन को महज पांच रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। रही सही कसर मोहित शर्मा ने सिकंदर रजा को आउट कर पूरी कर दी। 
विज्ञापन


शशांक-आशुतोष ने कराई वापसी
पंजाब की स्थिति एक समय काफी खराब दिख रही थी और टीम के आधे बल्लेबाज 115 रन पर पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद जितेश शर्मा ने कुछ हाथ खोले और दो छक्के जड़े, लेकिन राशिद ने उन्हें जल्द ही पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद शशांक और इंपैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतरे आशुतोष शर्मा ने अपना रंग दिखाया। दोनों बल्लेबाजों ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच सातवें विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी हुई। 
विज्ञापन
विज्ञापन


आखिरी ओवर का रोमांच
पंजाब को आखिरी ओवर में जीत के लिए सात रनों की जरूरत थी और उसके तीन विकेट शेष थे। गुजरात के लिए नलकंडे गेंदबाजी करने आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर आशुतोष को राशिद के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। इसकी अगली गेंद वाइड करार दी गई। नए बल्लेबाज के तौर पर उतरे हरप्रीत बराड़ ने अगली गेंद मिस की और तीसरी गेंद पर एक रन लिया। अब पंजाब को तीन गेंद पर पांच रन चाहिए थे। चौथी गेंद पर शशांक ने चौका लगाया और स्कोर बराबर हो गया। पांचवीं गेंद पर लेग बाई के द्वारा रन मिला और पंजाब ने रोमांचक जीत दर्ज की। 

शुभमन ने बनाया इस सीजन का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 
इससे पहले, गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 48 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 89 रनों की पारी खेली। गिल ने आईपीएल के इस सीजन का अपना पहला अर्धशतक जड़ा। गिल के करियर का यह 19वां पचासा है। गिल 2019 से अबतक पंजाब के खिलाफ नौ पारियों में छह अर्धशतक लगा चुक हैं। गिल भले ही शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से टीम को मुश्किल से उबारा। गिल की इस पारी के दम पर गुजरात पंजाब के सामने 200 रन का लक्ष्य देने में सफल रहा। गिल इस सीजन सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर खड़ा करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।  

दोनों टीमों ने किए एक-एक बदलाव
पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब के कप्तान धवन ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। लियाम लिविंगस्टोन की जगह सिकंदर रजा को टीम में जगह दी गई। वहीं, गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने भी एक बदलाव करते हुए डेविड मिलर को प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी है। मिलर की जगह केन विलियमसन को मौका दिया गया जो आईपीएल के इस सीजन में अपना पहला मुकाबला खेले। मिलर चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल सके।

रबाडा ने दिलाई पहली सफलता
गुजरात टाइटंस को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में ऋद्धिमान साहा के रूप में पहला झटका लगा। साहा 13 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। साहा को तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा ने अपना शिकार बनाया। आईपीएल की पिछली पांच पारियों में यह चौथा मौका है जब रबाडा ने साहा को अपना शिकार बनाया है। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल और केन विलियमसन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पहला झटका लगने के बाद पारी को संभाला। गिल और विलियमसन ने पॉवरप्ले खत्म होने तक कोई अन्य विकेट नहीं गिरने दिया था। हालांकि पंजाब किंग्स को हरप्रीत बराड़ ने दूसरी सफलता दिलाई और केन विलियमसन को आउट किया। इस सीजन अपना पहला मुकाबला खेलने वाले विलियमसन ने 22 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 26 रन बनाए।


गिल-सुदर्शन ने संभाला
दो झटके लगने के बाद शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने गुजरात टाइटंस की पारी को संभाला। सुदर्शन ने 12वां ओवर डालने आए सिकंदर रजा के ओवर से तीन चौके निकाले। सुदर्शन ने आते ही चौकों की बारिश कर दी। हालांकि हर्षल पटेल ने सुदर्शन को विकेट के पीछे कैच कराकर आउट किया। सुदर्शन ने 19 गेंदों पर 33 रनों की अपनी पारी में छह चौके जड़े। दिलचस्प बात यह रही कि सुदर्शन को अंपायर ने आउट करार नहीं दिया था, लेकिन सुदर्शन ने खेल भावना का परिचय देते हुए पवेलियन से बाहर जाना उचित समझा। हर्षल की गेंद पर सुदर्शन ने पुल करने का प्रयास किया जिसे विकेटकीपर जितेश शर्मा ने पकड़ लिया। हर्षल ने अपील की, लेकिन अंपायर ने नॉटआउट करार दिया, पर सुदर्शन जानते थे कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के पास गई है। लिहाजा वह खुद ही पवेलियन की ओर बढ़ गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed