विजय हजारे ट्रॉफी: दिल्ली से सेमीफाइनल में भिड़ेगी झारखंड, कप्तान गंभीर के सामने हैं ये चुनौतियां
गौतम गंभीर की अगुवाई वाली दिल्ली को गुरुवार को यहां विजय हजारे ट्राफी के दूसरे सेमीफाइनल में झारखंड के बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण का सामना करना होगा। कप्तान गंभीर की टीम में उन्मुक्त चंद, नीतीश राणा और ध्रुव शोरे जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। खुद गंभीर ने उदाहरण पेश करते हुए टूर्नामेंट में अब तक दो शतक सहित 490 रन बनाए हैं।
उन्होंने हरियाणा के खिलाफ क्वार्टरफाइनल में 72 गेंद में 104 रन की पारी खेली थी जिसमें उनके तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया ने हैट्रिक सहित छह विकेट चटकाए और अपनी टीम की पांच विकेट की जीत में अहम भूमिका अदा की थी। दिल्ली और झारखंड दोनों ने एक एक बार टूर्नामेंट जीता है। दोनों टीमें आत्मविश्वास से भरी हैं।
झारखंड ने जहां शाहबाज नदीम और अनुकूल रॉय स्पिन जोड़ी और तेज गेंदबाज राहुल शुक्ला व वरूण आरोन वाले अपने बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण की बदौलत महाराष्ट्र के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। नदीम 22 विकेट झटककर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज हैं।
अनुकूल रॉय ने भी 14 विकेट हासिल किये हैं और वह बारिश से प्रभावित क्वार्टरफाइनल में चार विकेट चटकाकर मैन आफ द मैच रहा था। तेज गेंदबाजों की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद स्पिनरों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
झारखंड के प्रदर्शन से मेंटर महेंद्र सिंह धोनी काफी प्रभावित दिखे। दिल्ली के कप्तान गंभीर ने जहां बल्ले से जलवा दिखाया है तो झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने भी 50.62 के औसत से 405 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।
महाराष्ट्र के खिलाफ किशन सस्ते में आउट हो गए लेकिन अनुभवी सौरभ तिवारी ने एस राठौड़ के साथ मिलकर नाबाद 53 रन से टीम को बारिश से प्रभावित मैच में जीत दिलाई। लेकिन गुरूवार को खेजरोलिया और नवदीप सैनी के साथ युवा स्पिनर ललित यादव वाली टीम के खिलाफ उनकी परीक्षा होगी। ललित (13 विकेट) दिल्ली के सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज हैं।