ICC Hall of Fame: महेंद्र सिंह धोनी को मिला बड़ा सम्मान, आईसीसी हॉल ऑफ फेम में हुए शामिल; बीसीसीआई ने दी बधाई
धोनी के अलावा दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ, न्यूजीलैंड के पूर्व स्पिनर डेनियल विटोरी, पाकिस्तान महिला टीम की खिलाड़ी सना मीर और इंग्लैंड महिला टीम की खिलाड़ी सारा टेलर को भी इस सूची में शामिल किया गया है।
विस्तार
Unorthodox, unconventional and effective 🙌
— ICC (@ICC) June 9, 2025
A cricketer beyond numbers and statistics 👏
MS Dhoni is inducted in the ICC Hall of Fame 🥇
More ➡️ https://t.co/oV8mFaBfze pic.twitter.com/AGRzL0aP79
धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिए हुए करीब पांच साल हो गए हैं। धोनी ने भारत के लिए आखिरी मैच 2019 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में खेला था। भारत वो मुकाबला हार गया था और टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। इसके बाद धोनी ने भारत के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला और फिर 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया।
कैप्टन कूल के नाम से प्रसिद्ध रहे धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान में से एक हैं। रांची से आने वाले धोनी ने भारत को अपनी कप्तानी में 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया था। धोनी भारत के एकमात्र कप्तान हैं जिनकी कप्तानी में टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते हैं। इसके अलावा उनके नेतृत्व में भारत ने 2010, 2016 में एशिया कप का खिताब भी जीता था। धोनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के लिए डेब्यू किया था।
ये भी पढ़ें: IND A vs ENG Lions: भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच मैच ड्रॉ पर समाप्त, कोटियान-कंबोज ने किया शानदार प्रदर्शन
धोनी भारत के 11वें खिलाड़ी हैं जिन्हें आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। उनसे पहले नीतू डेविड, वीरेंद्र सहवाग, डियान एडुल्जी, विनोद मांकड़, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, कपिल देव, बिशन सिंह बेदी और सुनील गावस्कर को यह सम्मान मिल चुका है। गावस्कर और बिशन सिंह बेदी भारत से आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उन्हें यह सम्मान 2009 में मिला था।
आईसीसी खिताब के लिए भारत का मार्गदर्शन करने के अलावा, उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और चैंपियंस लीग टी20 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को फ्रेंचाइजी का गौरव भी दिलाया है। उन्होंने सीएसके को 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में पांच आईपीएल खिताब दिलाए हैं। धोनी की कप्तानी में सीएसके ने 2010 और 2014 में चैम्पियंस लीग टी20 का खिताब जीता है। धोनी ने 2016 से 2017 में सीएसके के बैन होने पर राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए खेले थे। धोनी आईपीएल 2025 में अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर खेलने उतरे थे और ऋतुराज गायकवाड़ की अनुपस्थिति में उन्होंने टीम की कमान संभाली थी।
आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने धोनी को बधाई दी है। बीसीसीआई ने एक्स पर लिखा, भारतीय टीम के दिग्गज पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के लिए बहुत बधाई। वह इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाले 11वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
2⃣0⃣0⃣7⃣ ICC World T20 winning captain
— BCCI (@BCCI) June 9, 2025
2⃣0⃣1⃣1⃣ ICC Cricket World Cup winning captain
2⃣0⃣1⃣3⃣ ICC Champions Trophy winning captain
1️⃣ Led India to the top spot in ICC Test rankings for the first time in 2009 🙌
Congratulations to the legendary former #TeamIndia Captain MS… pic.twitter.com/vVI3U7kQKv
चेन्नई सुपर किंग्स में 'थाला' के रूप में पहचाने जाने वाले धोनी ने भारत के लिए 98 टी20 खेले, जिसमें 126.13 के स्ट्राइक रेट से 37.60 की औसत से 1,617 रन बनाए। उनके नाम इस प्रारूप में दो अर्धशतक हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 56 रन है। टेस्ट की बात करें तो धोनी ने 90 मैच खेले, जिसमें 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए। उन्होंने 224 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ छह शतक और 33 अर्धशतक बनाए। वह टेस्ट में भारत के लिए 14वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। एक कप्तान के रूप में उन्होंने 60 टेस्ट मैचों में भारत का नेतृत्व किया, जिसमें से उन्होंने 27 मैच जीते, 18 हारे और 15 ड्रॉ रहे। 45 फीसद के जीत प्रतिशत के साथ, वह भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उन्होंने टीम इंडिया को आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक रैंकिंग दिलाई। धोनी ने भारत के लिए 350 वनडे मैच खेले जिसमें 10773 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 शतक और 73 अर्धशतक लगाए। वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 183 रन रहा।