पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान हुए हार्दिक पांड्या के फैन, कहा 'उन्हें रोकना विरोधी टीमों के लिए चुनौती'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ ने हार्दिक पंड्या की तुलना दक्षिण अफ्रीका के लांस क्लूजनर के 1999 विश्व कप के प्रदर्शन से की है। उन्होंने कहा कि इस भारतीय ऑलराउंडर के पास बड़े शॉट खेलने की ऐसी काबिलियत है जिसका विरोधी कप्तानों के पास कोई जवाब नहीं है।
पंड्या ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द ओवल में 27 गेंदों में 48 रन की पारी खेली थी और भारत ने यह मैच 36 रन से जीता था।
वॉ ने कहा, ‘हार्दिक की पारी विरोधी टीमों को चौंका देगी। यह खिलाड़ी 1999 विश्व कप में खेलने वाले क्लूजनर के बराबर हो सकता है। ज्यादातर खिलाड़ी अपनी पारी के आखिर में जैसी बल्लेबाजी करते हैं वह उस तरीके से अपनी पारी शुरू करने की क्षमता रखते हैं। उसके बड़े शॉट का बचाव करना विरोधी कप्तानों के लिए मुश्किल होगा।’
पंड्या ने चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से धमाकेदार पारी खेली जिसने वॉ को 1999 के विश्व कप में बांये हाथ के क्लूजनर के आतिशी खेल की याद दिला दी। इंग्लैंड में 20 साल पहले हुए विश्व कप में क्लूजनर मैन ऑफ द सीरीज बने थे। उन्होंने 122.17 के स्ट्राइक रेट से 281 रन बनाए थे जो टी-20 दौर के पहले अभूतपूर्व था।
स्मिथ की हूटिंग कर रहे दर्शकों को शांत करने के लिए कोहली को सराहा
वॉ ने स्टीव स्मिथ के खिलाफ हूटिंग कर रहे दर्शकों को शांत करने के लिए विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि यह सराहनीय काम था। दक्षिण अफ्रीका में गेंद से छेड़छाड़ के विवादास्पद मामले के कारण एक साल का प्रतिबंध झेलने के बाद वापसी करने वाले स्मिथ को प्रभावशाली प्रदर्शन के बावजूद इंग्लैंड के प्रत्येक मैदान पर दर्शकों के कोपभाजन का शिकार बनना पड़ रहा है।
ऑस्ट्रेलिया को 1999 में विश्व चैंपियन बनाने वाले वॉ ने कहा,‘ नेतृत्व कई रूपों में खुद को प्रकट करता है, लेकिन मुझे लगा कि भारतीय दर्शकों से स्मिथ पर कसी गई फब्तियों को शांत करने में कोहली की अपील एक सराहनीय काम था जिसने स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया।’
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार को खेले गए इस मुकाबले में दर्शकों ने स्मिथ पर फब्तियां कसीं और उन्हें धोखेबाज कहा। तब ऑस्ट्रेलियाई टीम क्षेत्ररक्षण कर रही थी। कोहली ने दर्शकों को ऐसा करने से रोका और इसके बजाय उनकी बल्लेबाजी का लुत्फ उठाने को कहा।
कोहली ने मैच के बाद कहा था,‘मुझे उसके लिए बुरा लगा और मैंने उससे कहा, ‘मैं दर्शकों की तरफ से खेद व्यक्त करता हूं क्योंकि मैंने पिछले कुछ मैचों में भी ऐसा होते हुए देखा है। मेरे विचार में यह अस्वीकार्य है।’