ENGvAUS: आज से टी-20 का रोमांच, किसका पलड़ा भारी, कैसा होगा मौसम और पिच का मिजाज?
तीन टी-20 मैच की सीरीज के सभी मैच साउथैंप्टन में ही खेले जाएंगे। पहला मुकाबला आज, दूसरा 6 और तीसरा 8 सितंबर को होगा। पहला मैच भारतीय समयानुसार रात 10.30 बजे से शुरू होगा, जिसका लाइव ब्रॉडकास्ट सोनी सिक्स पर होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोविड-19 महामारी के कारण इस साल का टी-20 विश्व कप एक साल के लिए स्थगित हो गया है। लॉकडाउन और संक्रमण के खतरे को देखते हुए दर्शकों को कम ही क्रिकेट देखने को मिल रहा है। हालांकि इंग्लैंड द्वारा लगातार दो टीमों की मेजबानी करने के बाद अब क्रिकेट वापस से पटरी पर लौटने लगा है। इसी कड़ी में अब ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच टी-20 क्रिकेट का नया रोमांच देखने को मिलेगा।
नंबर एक और दो की बीच भिड़ंत
टी-20 विश्व रैंकिंग में शीर्ष दो टीमों के बीच होने वाली इस श्रृंखला के काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया दुनिया की नंबर एक टीम है और इंग्लैंड के साथ उनकी प्रतिद्वंद्विता जगजाहिर है। दोनों टीमों के पास दुनिया के कुछ सबसे आक्रामक बल्लेबाज और तेज गेंदबाज हैं। अगला टी-20 विश्व कप अब अक्तूबर-नवंबर 2021 में भारत में होगा, ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने इंग्लैंड के साथ सीरीज को लेकर कहा, ‘उम्मीद करता हूं कि यह फाइनल की झलक होगा।’ उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच प्रतिद्वंद्विता हमेशा रोमांचक होती है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता की आप किसके सामने खेल रहे हैं या कहां खेल रहे हैं। अगर आप सड़क पर भी खेल रहे हैं तो भी रोमांच होगा।’
जैविक माहौल में चौथी सीरीज खेलेगा इंग्लैंड
साउथैम्पटन के रोज बाउल स्टेडियम में तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला की शुरुआत शुक्रवार से होगी और कोविड-19 से जुड़ी पाबंदियों के बीच यह श्रृंखला खाली स्टेडियम में खेली जाएगी। इंग्लैंड की टीम के लिए हालांकि खाली स्टेडियम में खेलना अब नई चीज नहीं है। टीम महामारी के बावजूद वेस्टइंडीज, आयरलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ सभी प्रारूपों में श्रृंखला खेल चुकी है। ऑस्ट्रेलिया इस कड़ी में इंग्लैंड पहुंचने वाली अगली टीम है और वह भी बाकियों की तरह ही जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में रहेगी। यहां 11 दिन पहले पहुंचने के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने या तो अभ्यास किया है या फिर होटल में समय बिताया है। पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टी-20 श्रृंखला 1-1 से बराबरी पर रही लेकिन इससे मेजबान टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला की तैयारी करने का अच्छा मौका मिला।
आत्मविश्वास से भरी इंग्लिश टीम
इंग्लैंड की टी-20 टीम जोस बटलर, जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड की वापसी से मजबूत हुई है, लेकिन टीम को ऑलराउंडर बेन स्टोक्स और सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय की कमी खल सकती है। स्टोक्स कैंसर से पीड़ित अपने बिता के पास न्यूजीलैंड लौट गए हैं जबकि रॉय की बाईं तरफ की मांसपेशियों में खिंचाव है। टेस्ट कप्तान जो रूट को टी-20 टीम में जगह नहीं मिली है, लेकिन वह 11 सितंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम का हिस्सा हैं। पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक सलामी बल्लेबाजी करने वाले टॉम बेंटन ने 71, 20 और 46 रन की पारियां खेलकर सुर्खियां बटोरी हैं।
इंग्लैंड: इयोन मॉर्गन (कप्तान), मोईन अली, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो, टॉम बैंटन, सैम बिलिंग्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, टॉम करन, जो डेनली, क्रिस जॉर्डन, डेविड मलान, आदिल रशीद, मार्क वुड, लियाम लिविंगस्टोन, शाकिब महमूद।
बल्लेबाजी ऑस्ट्रेलिया की मजबूत कड़ी
उधर ऑस्ट्रेलिया के पास अनुभवी टी-20 खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टीम को रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचाया है। ऐसे में पिछले एक साल में टेस्ट और एकदिवसीय टीम में प्रभावित करने के बावजूद मार्नस लाबुशेन को टी-20 में पदार्पण के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। टॉप ऑर्डर में वार्नर की वापसी से बल्लेबाजी बहुत मजबूत हुई है। वार्नर के अलावा स्टीव स्मिथ भी टीम के लिए रन मशीन साबित हुए हैं। कप्तान आरोन फिंच के बल्ले से भी रन निकला है।
ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर, ग्लेन मैक्सवेल, एश्टन एगर, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, मार्नस लबुशाने, एंड्रयू टाई, मैथ्यू वेड, मिचेल स्टार्क, एडम जांपा, पैट कमिंस, सीन एबॉट, जोश हेजलवुड, नाथन लियोन, मिशेल मार्श, रिले मेरिडिथ, जोश फिलिप, केन रिचर्डसन और डेनिएल सेम्स
कौन किस पर भारी?
इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 8 टी-20 सीरीज हुई है। इसमें से तीन इंग्लैंड और दो ऑस्ट्रेलिया जीता है, जबकि तीन सीरीज ड्रॉ रही। अब तक इन देशों के बीच खेले गए कुल 16 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने नौ और इंग्लैंड ने छह मैच में बाजी मारी है जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। इंग्लैंड में लगातार बारिश हो रही है। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट और फिर टी-20 सीरीज का मजा बारिश ने किरकिरा किया था। मौजूदा मौसम पूर्वानुमान की माने तो साउथैंप्टन में बादल छाए रहेंगे। तापमान 9 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। यहां टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी।