ENG vs BAN: इंग्लैंड का बांग्लादेश दौरा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित! आईपीएल के दूसरे फेज में खेल सकेंगे इंग्लिश खिलाड़ी
इंग्लैंड का बांग्लादेश दौरा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो सकता है। दरअसल, इंग्लैंड को बांग्लादेश के खिलाफ सितंबर-अक्तूबर में तीन वन-डे और इतने ही मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी थी लेकिन इसे फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। अगर ऐसा हुआ तो इंग्लैंड के सभी बड़े खिलाड़ी आईपीएल के बाकी बचे मुकाबले में खेल सकेंगे। गौरतलब है कि आईपीएल 2021 के दूसरे सत्र का आगाज 19 सितंबर से होगा। वहीं, इंग्लैंड को अक्तूबर में पाकिस्तान दौरे पर भी जाना है, जहां उसे 14-15 अक्तूबर दो टी-20 मैच खेलने हैं। इसको लेकर भी अभी कोई निश्चित शेड्यूल नहीं है। हालांकि, इसे आयोजित कराने को लेकर पीसीबी योजना बना रहा है।
19 सितंबर को मुंबई और चेन्नई के बीच होगी भिड़ंत
बीसीसीआई की तरफ से जारी आधिकारिक घोषणा के मुताबिक, आईपीएल के दूसरे फेज के पहले दिन यानी 19 सितंबर को पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और तीन बार की विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स की भिड़ंत होगी। बता दें कि आईपीएल के बाकी बचे 31 मुकाबले 27 दिन में दुबई, शारजाह और अबु धाबी में खेले जाएंगे। 10 अक्तूबर को पहला क्वालीफायर दुबई में जबकि 11 अक्तबूर को एलिमिनेटर शारजाह में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा क्वालीफायर 13 अक्तूबर को शारजाह में खेला जाएगा। 15 अक्तूबर को दुबई में फाइनल खेला जाएगा।
चार मई को स्थगित हुआ था आईपीएल
बता दें कि कई टीमों में कोरोना के मामले सामने आने के बाद आईपीएल के 14वें सीजन को चार मई को स्थगित कर दिया गया था। दो मई तक कुल 29 मुकाबले खेले गए थे। आईपीएल 2021 के स्थगित होने तक दिल्ली कैपिटल्स आठ मैचों में छह जीत के साथ पहले स्थान पर है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स पांच मैचों में जीत के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है। वहीं, विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी पांच मैचों में जीत के साथ तीसरे स्थान पर है।
17 अक्तूबर से टी-20 विश्व कप
टी-20 विश्व कप 2021 का आयोजन भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) किया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 17 अक्तूबर से होगी जबकि फाइनल 14 नवंबर को खेला जाएगा। बीसीसीआई इस प्रमुख टूर्नामेंट का मेजबान बना रहेगा। 16 टीमों का टूर्नामेंट यूएई के तीन शहरों (दुबई, शारजाह और अबुधाबी) और ओमान में खेला जाएगा। टी-20 विश्व कप में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत देखने को मिलेगी, क्योंकि सुपर-12 स्टेज में दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में जगह मिली है।