सीए प्रमुख हॉकले ने कहा, भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे से महिला क्रिकेट को मिलेगी लय
सीए के सीईओ निक हॉकले ने कहा कि महिला क्रिकेट को कोविड के कारण पुरुषों से अधिक नुकसान पहुंचा है। मैं भारतीय टीम को धन्यवाद देना चाहता हूं कि पृथकवास से गुजरने की जानकारी होने के बावजूद वे यात्रा के लिए राजी हो गए। यह बड़ा निवेश है।
विस्तार
कोरोना महामारी के कारण पुरुषों से अधिक महिला क्रिकेट को नुकसान हुआ है और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के सीईओ निक हॉकले ने गुरुवार को उम्मीद जताई कि भारतीय टीम आगामी दौरे पर जब यहां आएगी तो एक बार फिर लय मिलेगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत 19 से 24 सितंबर के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के साथ होगी जिसके बाद सितंबर से तीन अक्टूबर तक एकमात्र डे-नाइट टेस्ट मैच खेला जाएगा।
आग्रह स्वीकार करने के लिए बीसीसीआई का आभार जताते हुए हॉकले ने कहा कि इन मैचों से महिला क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा। यूनिसेफ ऑस्ट्रेलिया की भारत कोविड अपील के लिए पैसा जुटाने के इरादे से 12 घंटे की लाइव गेमिंग में हिस्सा लेते हुए हॉकले ने कहा, 'खेल (महिला क्रिकेट) की प्रगति को देखना शानदार है। हम काफी भाग्यशाली रहे कि पिछले साल दुनिया भर में कोविड के प्रकोप से पहले टी-20 विश्व कप का आयोजन करा पाए और इन मैचों से दोबारा लय मिलेगी।'
कोविड के कारण महिला क्रिकेट को अधिक नुकसान पहुंचा है
उन्होंने कहा, 'महिला क्रिकेट को कोविड के कारण पुरुषों से अधिक नुकसान पहुंचा है। मैं भारतीय टीम को धन्यवाद देना चाहता हूं कि पृथकवास से गुजरने की जानकारी होने के बावजूद वे यात्रा के लिए राजी हो गए। यह बड़ा निवेश है।' हॉकले ने कहा, 'टी-20 विश्व कप के फाइनल में हार के बाद भारत पलटवार (ऑस्ट्रेलिया पर) की कोशिश करेगा।'
पिछले साल मार्च में टी-20 विश्व कप के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 85 रन से हार झेलनी पड़ी थी। भारतीय महिला टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे का अंत सात से 11 अक्तूबर तक तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के साथ होगा। एडीलेड में 2006 के बाद ऑस्ट्रेलिया में यह भारतीय महिला टीम का पहला टेस्ट होगा।
यह महिला क्रिकेट के इतिहास का दूसरा डे-नाइट टेस्ट होगा। पहला टेस्ट 2017 में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला गया था जो ड्रॉ रहा। यह 2014 के बाद पहली बार होगा जब भारतीय टीम एक कैलेंडर वर्ष में दो टेस्ट मैच खेलेगी। भारत को 16 जून से इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिस्टल में भी एकमात्र टेस्ट खेलना है।