मुनरो के रिकॉर्ड शतक से न्यूजीलैंड की वेस्टइंडीज पर बड़ी जीत, सीरीज 2-0 से अपने नाम की
कॉलिन मुनरो (104) के रिकॉर्ड शतक की मदद से न्यूजीलैंड ने बुधवार को तीसरे व अंतिम टी20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज को 119 रन से हराया और सीरीज 2-0 से अपने नाम की। सीरीज का दूसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था जबकि पहले मैच में कीवी टीम ने 47 रन से जीत दर्ज की थी।
माउंट मौन्गानुई में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 243 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 16.3 ओवर में 124 रन बनाकर ढेर हो गई।
न्यूजीलैंड के ओपनर कॉलिन मुनरो को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 53 गेंदों में तीन चौको और 10 छक्को की मदद से 104 रन की पारी खेली। मुनरो टी20 इंटरनेशनल में तीन शतक लगाने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बने। उल्लेखनीय है कि मौजूदा दौरे पर वेस्टइंडीज की टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी।
244 रन के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम कभी मुकाबले में प्रतिस्पर्धी नहीं लगी। आंद्रे फ्लेचर (46) सहित टीम के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई की संख्या का आंकड़ा पार कर सके। स्टार बल्लेबाज क्रिस गेल बिना खाते खोले टिम साउदी के शिकार बने। न्यूजीलैंड की तरफ से टिम साउदी ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। इसके अलावा ट्रेंट बोल्ट और इश सोढ़ी ने दो-दो तथा अनारू किचन को एक सफलता मिली।
मुनरो का सुपरहिट शो, दनादन लगाए छक्के
इससे पहले न्यूजीलैंड को ओपनर्स मार्टिन गप्टिल (63) और कॉलिन मुनरो (104) ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 136 रन की साझेदारी की। एम्रिट ने वॉलटन के हाथों कैच आउट कराकर गप्टिल की पारी का अंत किया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 38 गेंदों में 5 चौको और दो छक्को की मदद से 63 रन बनाए।
इसके बाद मुनरो ने सुपरहिट शो दिखाया और 47 गेंदों में तीन चौको और 10 छक्को की मदद से शतक ठोक दिया। वो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने के मामले में आरोन फिंच और क्रिस गेल के साथ संयुक्त रूप से छठे नंबर पर पहुंचे।
यही नहीं, मुनरो विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन शतक जमाए। इसके बाद टॉम ब्रूस (23) और अन्य बल्लेबाजों की मदद से न्यूजीलैंड ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट ने दो जबकि एम्रिट और जेरोम टेलर ने एक-एक विकेट लिया।