चेतेश्वर पुजारा के लिए इंग्लैंड में दर्शकों ने किया हंगामा
भारतीय टीम के टेस्ट विशेषज्ञ बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा इस समय इंग्लैंड में हैं और काउंटी क्रिकेट में व्यस्त हैं। भारत में अभी उनके लिहाज से कोई क्रिकेट खेला नहीं जा रहा है, ऐसे में उन्होंने इंग्लैंड की तेज पिचों पर लय हासिल करने के लिए इस बार काउंटी क्रिकेट में खेलने का फैसला लिया।
वह काउंटी में यॉर्कशायर के लिए खेल रहे हैं। लेकिन कल यॉर्कशायर और वारविकशायर के बीच मुकाबले के दौरान उनके साथ एक अनोखी घटना घटी।
पूरा मामला तब हुआ जब पुजारा 23 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे और वह क्रीज पर टिक चुके थे और बड़ी पारी खेलने की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान अपनी पारी में वह 4 चौके भी लगाने में सफल रहे, लेकिन इस बीच उनके बल्ले से बाहरी किनारा लेते हुए गेंद विकेटकीपर पीटर मैके के पास गई जिस उन्होंने लपक लिया। हालांकि यह विवादित कैच था लेकिन अंपायर ने पुजारा को आउट करार दे दिया। अंपायर के फैसले के बाद मैदान पर विवाद शुरू हो गया और फिर इस प्रकरण में मैच देख रहे दर्शक भी शामिल हो गए।
अंपायरों के विवादित फैसले के बाद दर्शकों ने किया हंगामा
भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा जब 23 रन पर खेल रहे थे, इस बीच आयरलैंड के तेज गेंदबाज बॉएड रैंकीन की गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लिया जिसे विकेट के पीछे पीटर मैके ने लपक लिया।
हालांकि टीवी रिप्ले में यह साफ दिख रहा था कि गेंद ठप्पा खाकर क्षेत्ररक्षक के पास गई और लग रहा था कैच पूरी तरह से साफ तरीके से नहीं लपका गया है। हालांकि अंपायर स्टीव गैरेट ने स्क्वायर लेग अंपायर जर्मी लॉयउ से बातचीत की और फिर पुजारा को आउट करार दे दिया।
अंपायर के फैसले के बाद पुजारा हेडिंग्ले ड्रेसिंग रूम की ओर बढ़ रहे थे कि यॉर्कशायर के समर्थक वारविकशायर के खिलाड़ियों के खिलाफ हूटिंग करने लगे। यॉर्कशायर के समर्थक विपक्षी खिलाड़ियों के खेल भावना नहीं दिखाने पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अंपायरों को भी दर्शकों की नाराजगी झेलनी पड़ी थी।
बाद में एक क्रिकेट वेबसाइट के अनुसार, वारविकशायर के कोच डग ब्राउन ने दावा किया कि 20 साल के युवा विकेटकीपर मैके ने गेंद को सही तरीके से लपका था।