मैदान पर हुई जमकर हाथापाई, क्रिकेटर पर लगा आजीवन बैन
क्रिकेट का मैदान हो या किसी अन्य खेल का, हर खेल में खिलाड़ी आपस में भिड़ते ही हैं। मैदान पर आपने अक्सर खिलाड़ियों को स्लेजिंग या बहस करते देखा होगा। और इसके लिए ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के क्रिकेटर खासे बदनाम भी रहे हैं।
अभी हाल ही की सबसे बड़ी घटना भारत और श्रीलंका के बीच खेली गई टेस्ट सीरीज के दौरान हुई जब भारतीय तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और मेजबान श्रीलंका के खिलाड़ियों के बीच कई बार तीखी बहसबाजी हुई थी। लाइव मैच के दौरान इस बहसबाजी से नाराज आईसीसी के मैच रेफरी ने इशांत पर एक टेस्ट मैच का बैन लगा दिया जबकि श्रीलंका के कई खिलाड़ियों पर जुर्माना ठोंक दिया गया था।
लेकिन अभी मैदान पर जो कुछ हुआ उसने अब तक के सारे स्लेजिंग और झगड़े को ही पीछे छोड़ दिया। मैच के दौरान हुआ यह झगड़ा इतना जबर्दस्त था कि 14 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके एंडरसन एक खिलाड़ी पर ही आजीवन बैन लगा दिया गया। जबकि दूसरे खिलाड़ी पर 6 महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया।
विकेटकीपर ने छेड़ा तो बल्ले से मारने की कोशिश की
मैदान पर खिलाड़ियों के बीच अब तक स्लेजिंग और बहसबाजी ही होती रही है, लेकिन अब तो मैदान पर मारपीट भी होने लगी है।
मारपीट की यह चौंकाने वाली घटना हुई भारत से हजारों किमी दूर बरमूडा में। पिछले हफ्ते बरमूडा में खेले गए घरेलू बरमूडा लीग (चैंपियन ऑफ चैंपियंस) के फाइनल मैच के दैरान यह अप्रिय घटना घटी। लीग में क्लीवलैंड काउंटी क्रिकेट क्लब और विलो कट्स क्लब के बीच मुकाबला खेला जा रहा था। मैच के दौरान बरमूडा के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेसन एंडरसन और विपक्षी बल्लेबाज जॉर्ज ओ' ब्रायन के बीच बहस और झगड़ा के बाद मामला मारपीट पर आ गया। दोनों मैदान पर ही आपस में मारपीट करने लगे।
एंडरसन जिन्होंने बरमूडा के लिए लिस्ट-ए में 9 और 5 टी-20 मैच खेले हैं। यह झगड़ा जब शुरू हुआ तो उस समय वह विकेटकीपिंग कर रहे थे और छोर बदलेने के दौरान उनकी बल्लेबाज से बहस चलती रही कि इस बीच बल्लेबाज ब्रायन ने उसकी ओर बल्ले के प्रहार कर दिया।
झगड़े के तुरंत बाद एंडरसन को मैदान से कर दिया बाहर
मैच के दौरान जब जॉर्ज ओ' ब्रायन बल्लेबाजी कर रहे थे तो विकेटकीपर एंडरसन बार-बार उन्हें परेशान करने की कोशिश कर रहे थे। इस बीच छोर बदलने के दौरान दोनों में कुछ बात हुई और दोनों एक-दूसरे को मारने की कोशिश करने लगे। एंडरसन ने ब्रायन पर पंच लगा दिया और उसकी इस हरकत से नाराज बल्लेबाज ने उसकी ओर बल्ला से प्रहार कर दिया। इसके बाद मैदान पर दोनों के बीच जमकर लड़ाई शुरू हो गई।
लड़ाई होता देख खिलाड़ी और अधिकारियों के अलावा बरमूडा पुलिस सर्विस के कई सदस्य स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए मैदान की ओर दौड़ पड़े।
क्लीवलैंड काउंटी क्रिकेट क्लब की ओर से खेलने वाले जेसन एंडरसन को क्लब के अध्यक्ष ने तुरंत प्रभाव से मैदान के बाहर भेज दिया। इस घटना के बाद मैच फिर से शुरू किया गया और 72 रनों से क्लीवलैंड क्लब ने यह मैच जीत लिया।
बरमूडा क्रिकेट बोर्ड ने मैच के बाद वीडियो फुटेज देखा और फिर पाया कि 14 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके एंडरसन कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 4 के उल्लंघन के दोषी है और इसके लिए उन पर बरमूडा में किसी भी तरह के क्रिकेट खेलने पर आजीवन बैन लगा दिया। जबकि ओ' ब्रायन पर लेवल 3 के उल्लंघन का दोषी पाया गया और किसी भी तरह से क्रिकेट खेलने से 6 माह के लिए प्रतिबंधित कर दिया।
झगड़े का पूरा वीडियो देखें--