आग की वजह से रद्द हुआ मैच, दम घुटने लगा और अस्पताल पहुंच गया यह ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज
पूर्वी ऑस्ट्रेलिया में लगी भयानक आग के कारण शनिवार को महाद्वीप में जारी बिग बैग लीग 2019 का मैच रद्द करना पड़ा। धुएं और खराब वायु गुणवत्ता के कारण न सिर्फ केनबरा में जारी इस मैच को रद्द करना पड़ा बल्कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पीटर सिडल की तबीयत भी खराब हो गई।
दरअसल, बिग बैश लीग में सिडनी थंडर्स और एडिलेड स्ट्राइकर्स के बीच मैच से पहले ही खराब वायु गुणवत्ता की रिपोर्ट सामने आ गई थी। मैच के रिजल्ट के लिए सिर्फ चार गेंदे और फेंके जाने की दरकार थी, लेकिन खेल रोके जाने से पहले पीटर सिडल महज दो ओवर ही गेंदबाजी कर पाए।
मैच रद्द होने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें डॉक्टर से दिखाना पड़ा। मीडिया से बात करते हुए सिडल ने कहा कि, 'फिलहाल मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं, लेकिन उस वक्त हालात बदतर थे, मैं सांस नहीं ले पा रहा था। इस बीच धुएं के कारण यहां नए साल में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाने वाले टेस्ट मैच पर भी खतरा मंडराने लगा है।
यहां यह बताना जरूरी हो जाता है कि, 'ऑस्ट्रेलिया में ऐसे कारणों के चलते पहली बार कोई मैच रद्द हुआ हो। इस मुकाबले में एडिलेड स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन बनाए थे। जवाब में सिडनी थंडर्स 4.2 ओवर में 40/1 बना चुकी थी, तब मैदान पर आग का धुआं फैलने और AQI 200 के पार पहुंचने के बाद रेफरी ने इस मैच को रद्द कर दिया।