AusVsBan: दूसरा टेस्ट कल से, इज्जत बचाने उतरेगा ऑस्ट्रेलिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के ढाका में खेले गए पहले टेस्ट में हार के बाद 4 सितंबर से चिटगांव में दूसरा टेस्ट खेला जाएगा। सोमवार से शुरू हो रहे इस टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम की इज्जत दांव पर लगी है। पहले ही सीरीज में 1-0 से पिछड़ चुकी आस्ट्रेलियाई टीम के पास दूसरे टेस्ट में जीत के अलावा कोई विकल्प नहीं है। पहले टेस्ट में 20 रन की रोमांचक जीत हासिल करने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज बांग्लादेश यदि दूसरे टेस्ट को ड्रॉ कराने में भी सफल होती है तो वह 1-0 से सीरीज अपने नाम करने में कामयाब हो जाएगी।
पहले टेस्ट में हार का सामना करने के बाद घर में आलोचना का शिकार हुई ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बंगाल टाइगर्स को मात देना आसान नजर नहीं आ रहा है। ऑस्ट्रेलिया के कोच डेरल लेहमन ने कहा, हार के बाद हो रही आलोचना टीम को को चुभ रही हैै। लेकिन जब आप हारते हैं तो आलोचना होना ठीक है। लेकिन बांग्लादेश को घर में मात देना मुश्किल काम है।
इस दौरे से पहले ऑस्ट्रेलिया ने 9 साल पहले साल 2006 में बांग्लादेश का दौरा किया था। दौरे में खेले गए एक टेस्ट में एक पारी और 80 रन से जीत हासिल की थी। नाइटवॉच मैन के रूप में बल्लेबाजी करने उतरे तेज गेंदबाज जेसन गेलेस्पी ने उस मैच में दोहरा शतक जड़ा था। लेकिन अब तकरीबन एक दशक में बांग्लादेशी टीम का चरित्र बदल गया है। ऐसे में मेहमान टीम को बांग्लादेशी स्पिनर्स का सामना करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
ढाका टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के दोनों पारियों में 20 में से 19 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने हासिल किए थे। ऐसे में चिटगांव में भी पिच के स्पिनर्स के अनुकूल होने की संभावना है। ऑस्ट्रेलियाई टीम में स्पिनर स्टीव ओ'कीफ की वापसी हुई है जिन्होंने भारत के खिलाफ पुणे टेस्ट में 12 विकेट हासिल कर कंगारू टीम को जीत दिलाई थी। हालांकि सीरीज में उसे 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन कोच लेहमन को यकीन है कि ओ'कीफ भारत दौरे को अपने प्रदर्शन को दूसरे टेस्ट में दोहराने में सफल होंगे।
दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को मात देना नामुमकिन नहीं: तैजुल इस्लाम
ढाका में ऑस्ट्रेलिया का आखिरी विकेट लेकर बांग्लादेश को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले स्पिनर तैजुल इस्लाम ने कहा , मुझे लगता है कि चिटगांव की पिच ढाका की तरह ही होगी। हम सीरीज जीतने के लिए वैसी ही पिच मिलने की आशा कर रहे हैं। उन्होंने कहा हममें सीरीज 2-0 से अपने नाम करने की क्षमता है। हमने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ ऐसा करने के करीब पहुंच गए थे। इसलिए मुझे ऑस्ट्रेलिया को दोबारा मात देना मुझे असंभव नजर नहीं आ रहा है।
बांग्लादेश पिछले साल इंग्लैंड को चिटगांव में मात देने के करीब पहुंच गया था। उसे अंतिम दिन 2 विकेट शेष रहते 33 रन बनाने थे। लेकिन इंग्लैंड के तेज गेंजबाज बेन स्टोक्स ने अंतिम 2 विकेट लेकर इंग्लैंड को जीत दिला दी थी। इसके बाद दूसरा टेस्ट जीतकर बांग्लादेश ने सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली थी।
बांग्लादेश अपने देश में अबतक केवल इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीत चुका है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम को सीरीज में मात देकर उसके पास खुद को साबित करने का बड़ा मौका है।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं।
ऑस्ट्रेलिया: स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर, एश्टन एगर, हिल्टन कार्टराइट, पैट कमिंस, पीटर हैंड्सकॉम्ब, मैथ्यू वेड, स्टीव ओ'कीफ, उस्मान ख्वाजा, नाथय लियोन, ग्लैन मैक्सवेल, मैट रैन्शा, मिचेल स्वैपसन, जैक्सन बर्ड
बांग्लादेश: मुश्फिकर रहीम, तमीम इकबाल, सौम्य सरकार, इमरौल कायस, शाकिब अल हसन, नासिर हुसैन, शब्बीर रहमान, मेहदी हसन, शैफुल इस्लाम, तैजुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, मौमिनुल हक, लिटौन दास, तासकिन अहमद