आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाले आंद्रे रसेल ने कैरेबियन प्रीमियर लीग के मौजूदा संस्करण में अपनी धाकड़ बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया है। रसेल ने यहां ट्रिनबैगो नाइटराइडर्स के खिलाफ सिर्फ 40 गेंदों में शतक ठोक दिया।
इस विस्फोटक शतक के दौरान आंद्रे रसेल ने 13 छक्के जड़े। रसेल ने 49 गेंदों में नाबाद 121 रनों की पारी खेलकर जमैका को 4 विकेट से जीत दिलाई। बता दें कि इस मैच में ट्रिनबैगो ने जमैका तल्लाव्हास के सामने 224 रन की पहाड़ जैसी चुनौती रखी थी।
इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमैका की शुरुआत बेहद खराब रही। जमैका ने 41 रन के स्कोर पर ही 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद आंद्रे रसेल मैदान पर आए और उन्होंने मैच का पासा ही पलट दिया। रसेल ने मैदान पर आते ही चौकों-छक्कों की बरसात शुरू कर दी। रसेल ने महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
मैदान पर रसेल का तूफान यहीं नहीं थमा। उन्होंने अगले 50 रन सिर्फ 18 गेंदों में पूरे किए। आंद्रे रसेल ने 40 गेंदों में शतक पूरा किया और ये सीपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक है। वहीं आंद्रे रसेल ने दूसरी बार सीपीएल में शतक ठोका है। उनका पहला शतक भी ट्रिनबैगो नाइटराइडर्स के खिलाफ ही था।
फैंस को बता दें कि सीपीएल 2018 में ट्रिनबैगो नाइटराइडर्स के मालिक बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ही हैं। आंद्रे रसेल आईपीएल में शाहरुख की टीम केकेआर से ही खेलते हैं। ऐसे में मैदान पर आंद्रे रसेल के शतक से शाहरुख बुरी तरह धाराशायी हुए होंगे।