Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   trump-putin-xi-jinping-shenzhen-meeting-china-global-power

अमेरिका की बेचैनी की वजह है: ट्रंप-पुतिन और शी की बैठक में चीन का दबदबा, बाकी सब दिखे फीके

Wed, 25 Nov 2026 06:38 AM IST
Surendra Kumar सुरेंद्र कुमार
Updated Wed, 25 Nov 2026 06:38 AM IST
विज्ञापन
सार
शेनझेन में ट्रंप एससीओ सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, पुतिन व जिनपिंग की मुलाकात जैसा प्रभाव पैदा करना चाहते थे, पर ऐसा हो नहीं सका।
loader
trump-putin-xi-jinping-shenzhen-meeting-china-global-power
शेनझेन में जिनपिंग का शक्ति प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला प्रिंट

विस्तार

बीते 19 नवंबर को शेनझेन में एपेक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बैठक की काफी चर्चा हुई, लेकिन इस बैठक से कोई ठोस नतीजा तो नहीं निकला, उल्टे राष्ट्रपति ट्रंप की हताशा ही झलक रही थी। दरअसल इस साल सितंबर में, जब किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री मोदी, रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई, तो उनके मुस्कुराते हुए चेहरे अखबारों के पहले पन्ने पर छा गए। तब कई रणनीतिक विचारकों ने दावा किया था कि इस तस्वीर ने व्हाइट हाउस में हलचल मचा दी है!


पुतिन और शी के साथ बैठक करके राष्ट्रपति ट्रंप वही प्रभाव पैदा करना चाहते थे, लेकिन वैसा हो नहीं सका। शेनजेन में हुई बैठक की तस्वीर सब कुछ बयां कर देती है: गोल मेज के बीच में चीनी राष्ट्रपति बैठे हैं, उनके दाईं ओर रूसी राष्ट्रपति पुतिन हैं और बाईं ओर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप हैं। इन दृश्यों को देखकर ऐसा लगता है, मानो शी किसी मुख्य देवता की तरह बैठे हों, और उनके दोनों तरफ बैठे राष्ट्रपति किसी चिंतित मित्र की तरह उनसे समर्थन की गुहार लगा रहे हों। वास्तव में यह पूरी तरह से शी जिनपिंग का शो था, जिसे दुनिया भर में लाखों लोगों ने देखा।


हमेशा सुर्खियों में रहना पसंद करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति ने शायद ही कभी इतना निराश या फीका महसूस किया होगा! इस ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन में एक तरह के शांति समझौते की घोषणा की गई, जो मूल रूप से चार बिंदुओं पर बनी उनकी सहमति से जुड़ा है। पहला बिंदु परमाणु जोखिम को कम करने से जुड़ा है, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया है कि परमाणु युद्ध कोई नहीं जीत सकता, इसलिए ऐसा युद्ध लड़ा ही नहीं जाना चाहिए। यह उम्मीद करना ही नादानी थी कि चीन (जिसके पास लगभग 600 परमाणु हथियार माने जाते हैं) अमेरिका और रूस के साथ परमाणु हथियारों की संख्या सीमित करने पर सहमत हो जाएगा। ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने और पेट्रोलियम उत्पादन बढ़ाने से जुड़ी दूसरी बात का मतलब यह है कि तेल बाजार में रूसी आपूर्ति का प्रवाह नहीं रुकेगा। यानी चीन और भारत जैसे देश, अमेरिका के दंडात्मक प्रतिबंधों का सामना किए बिना, रूस से तेल का आयात जारी रख सकते हैं। संयुक्त राष्ट्र सुधारों के संबंध में तीसरा बिंदु सबसे कमजोर है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के विस्तार के लिए न तो कोई स्पष्ट मानदंड है और न ही कोई प्रतिबद्धता, जबकि भारत, ब्राजील, जापान, जर्मनी और अफ्रीकी संघ दो दशकों से अधिक समय से इसकी मांग कर रहे हैं। चौथा बिंदु अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय से जुड़ा है, जिसमें यह अपेक्षा की गई है कि वह सरकारी अधिकारियों को मिलने वाली छूट का सम्मान करे। लेकिन यह संभव नहीं है। संयुक्त राष्ट्र के 124 सदस्य देशों ने इस संधि को स्वीकार किया है, इसलिए वे अदालत के फैसलों को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अजीब बात है कि कोई ठोस नतीजा न निकलने के बावजूद, तीनों ही पक्ष अपने-अपने देश की जनता के सामने खुद को विजेता बता सकते हैं।

पुतिन इस बात से खुश हैं कि उन्हें ट्रंप और शी के बराबर एक वैश्विक नेता के रूप में स्वीकार किया गया है, भले ही वह यूक्रेन को हरा नहीं पाए हैं, लेकिन अमेरिकी और यूरोपीय प्रतिबंधों के बावजूद, रूस अपना तेल बेचना जारी रख सकता है! मध्यावधि चुनाव में करारी हार के बावजूद, ट्रंप दावा कर सकते हैं कि वे अब भी दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेता हैं, जो अहम फैसले लेते हैं, परमाणु निरस्त्रीकरण का प्रस्ताव रखते हैं, ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर करते हैं और यूक्रेन व पश्चिम एशिया के संकटों का समाधान तलाशते हैं। शी निश्चित रूप से बहुत खुश होंगे; एनवीडिया से जुड़े खुलासों के बावजूद ट्रंप उनसे मिलने आए। पश्चिमी एशिया और यूक्रेन संघर्ष में बना मौजूदा गतिरोध चीन को बहुत ज्यादा परेशान नहीं करता है। ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ भी चीन को पिछले साल 14 खरब अमेरिकी डॉलर का वैश्विक व्यापार अधिशेष हासिल करने से नहीं रोक पाए। शेनझेन के दृश्य और अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा उन्हें दिया गया सम्मान इस बात में कोई संदेह नहीं छोड़ते कि चीन अब एक बड़ी ताकत बन चुका है और शायद वही अगला ‘नंबर वन’ है!    
edit@amarujala.com
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed