{"_id":"6b0234dbd72fdf7b2b071740","slug":"shri-krishna-breaks-kansa-massive-bow-mathura-dhanush-yagya-2026-11-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"राम की तरह कृष्ण ने भी तोड़ा धनुष: कन्हैया के पराक्रम से विचलित हो गया था कंस, कांप उठा था राजभवन","category":{"title":"Opinion","title_hn":"विचार","slug":"opinion"}}
राम की तरह कृष्ण ने भी तोड़ा धनुष: कन्हैया के पराक्रम से विचलित हो गया था कंस, कांप उठा था राजभवन
विज्ञापन
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
सार
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
सब्सक्राइब करें
धनुष टूटते ही कांप उठा कंस का राजमहल
- फोटो :
अमर उजाला प्रिंट
विस्तार
कंस के निमंत्रण पर श्रीकृष्ण और बलराम के साथ अक्रूर ने मथुरा में प्रवेश किया। अक्रूर पहले उन्हें अपने घर ले गए। कंस के भय से चिंतित होकर उन्होंने दोनों से कहा, ‘पुत्रो! अभी तुम्हें अपने पिता वसुदेव के घर नहीं जाना चाहिए। कंस तुम्हारे कारण ही वसुदेव को प्रताड़ित करता है। तुम्हारा पहला कर्तव्य उनके सुख और सुरक्षा का ध्यान रखना है।’ यह सुनकर श्रीकृष्ण ने अक्रूर से कहा, ‘यदि आपकी अनुमति हो, तो हम दोनों मथुरा नगरी और उसके राजमार्गों को देखते हुए कंस के राजभवन पहुंचकर उससे भेंट करेंगे।’मथुरा भ्रमण करते हुए दोनों भाई कंस के राजभवन जा पहुंचे। दोनों गोपवेश में थे, पर उनके व्यक्तित्व में ऐसा तेज था कि वे साधारण बालक नहीं लगते थे। वे अपने प्रत्येक कार्य को अत्यंत सावधानी और गोपनीयता से कर रहे थे। उनकी गतिविधियों से किसी को उनके वास्तविक उद्देश्य का अनुमान नहीं हो पा रहा था। दोनों हिमालय के वन में विचरण करने वाले दो शक्तिशाली सिंहों के समान निर्भीक होकर कंस के राजभवन में स्थित उसकी धनुषशाला में प्रवेश कर गए। वहां उन्होंने एक विशाल धनुष देखा, जिसे विशेष रूप से कंस के उत्सव के लिए सजाया गया था। वह इतना भारी और विशाल था कि उसे उठाना तो दूर, उस पर प्रत्यंचा चढ़ाना तक इंद्र सहित सभी देवताओं के लिए असंभव माना जाता था। श्रीकृष्ण और बलराम ने वहां उपस्थित शस्त्ररक्षक से पूछा, ‘यह कौन-सा धनुष है, जिसके कारण यहां इतना बड़ा उत्सव आयोजित किया जा रहा है? यदि तुम्हें आपत्ति न हो, तो हमें इसका दर्शन करा दो।’
रक्षक ने कृष्ण और बलराम को वह विशाल धनुष दिखा दिया। उसे देखकर श्रीकृष्ण, अपने भाई बलराम को देखकर मुस्कुराए और फिर उन्होंने बिना किसी कठिनाई के उस विशाल धनुष को दोनों हाथों से उठा लिया और उसका भार परखने लगे। फिर, उन्होंने उसे अपनी इच्छानुसार झुकाया और उस पर प्रत्यंचा चढ़ा दी। इसके बाद, उन्होंने धनुष को पूरी शक्ति से खींचा। उनके असाधारण बल के सामने वह विशाल धनुष टिक न सका और भीषण गर्जना के साथ बीच से टूट गया। धनुष टूटने की आवाज इतनी भयंकर थी कि पूरा राजभवन कांप उठा। उसका प्रचंड नाद चारों दिशाओं में गूंजने लगा और ऐसा प्रतीत हुआ, मानो कोई भीषण तूफान अचानक नगर पर टूट पड़ा हो।
धनुषशाला और अंतःपुर में उपस्थित लोग भयभीत हो उठे। श्रीकृष्ण और बलराम धनुष तोड़ने के बाद बिना किसी घबराहट के वहां से बाहर निकल गए। उधर, धनुषशाला का रक्षक इस घटना से भयभीत हो गया। वह तुरंत कंस के दरबार में पहुंचा और डरते हुए पूरी घटना सुना दी। उसने बताया कि दो असाधारण युवक धनुषशाला में आए। एक युवक का शरीर श्यामवर्ण का था और दूसरा गौरवर्ण था। दोनों के व्यक्तित्व में अद्भुत आकर्षण था। रक्षक ने आगे कहा कि श्यामवर्ण युवक ने उस विशाल धनुष को ऐसे उठा लिया, मानो वह कोई साधारण वस्तु हो। उसने सहजता से उस पर प्रत्यंचा चढ़ाई और उसे खींचते ही धनुष बीच से टूट गया। रक्षक ने भयभीत होकर कहा कि वह नहीं जानता कि वे दोनों वीर कौन थे, लेकिन उनके पराक्रम को देखकर उसे किसी बड़े संकट की आशंका हो रही है।
कंस धनुष टूटने की घटना से विचलित हो उठा। वह सोचने लगा, ‘उस बालक ने सबके सामने वह विशाल धनुष तोड़ दिया। यह अवश्य ही वही बालक है, जिसे मारने के फेर में मैंने अपनी बहन के छह निर्दोष पुत्रों को पत्थर पर पटककर मार डाला। किंतु, अब समझ में आ रहा है कि मनुष्य अपने पुरुषार्थ से दैव के विधान को नहीं टाल सकता। नारद ने मेरे विषय में जो भविष्यवाणी की थी, वह अब सत्य होने जा रही है।’ यह सोचकर कंस ने रक्षक को विदा कर दिया और स्वयं राजभवन में जा पहुंचा।