फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   Parliament and Streets 2 parallel images during CJP Sansad March cause concern weakening dialogue in democracy

संसद, सड़क और समाधान: लोकतंत्र की तस्वीर के दो समानांतर दृश्य चिंताजनक, संवाद की कड़ी के कमजोर पड़ने के संकेत

Tue, 21 Jul 2026 08:59 AM IST
ज्योति भास्कर अमर उजाला, नई दिल्ली।
अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 21 Jul 2026 08:59 AM IST
विज्ञापन
सार
संसद लोकतंत्र की सर्वोच्च संस्था है और सड़क जन आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति का स्वाभाविक मंच। जब दोनों ही जगहें संवाद के बजाय टकराव का प्रतीक बनने लगें, तो चिंता जायज है। संसद के भीतर और बाहर सोमवार को दिखी तनातनी लोकतांत्रिक संवाद की कड़ी के कमजोर पड़ने का ही संकेत देती है।
loader
Parliament and Streets 2 parallel images during CJP Sansad March cause concern weakening dialogue in democracy
सीजेपी का विरोध प्रदर्शन। - फोटो : पीटीआई

विस्तार

संसद भवन के बाहर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव, जबकि भीतर मानसून सत्र का पहला दिन हंगामे और स्थगनों की भेंट चढ़ना-सोमवार को राजधानी में लोकतंत्र की तस्वीर के ये दो समानांतर दृश्य चिंताजनक तो हैं ही, ये उस लोकतांत्रिक चुनौती के भी संकेत हैं, जिसमें संवाद का स्थान धीरे-धीरे टकराव लेता जा रहा है।



चिंता जताने सड़कों पर उतरे हजारों लोग, क्या उनकी बात सुनी जानी चाहिए?
यह निर्विवाद है कि संविधान नागरिकों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और सरकार की नीतियों का विरोध करने का अधिकार देता है। अगर हजारों छात्र, अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक दल अपनी चिंताएं व्यक्त करने के लिए सड़कों पर उतरते हैं, तो उनकी बात सुनी ही जानी चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती भी इसी में है कि असहमति को स्थान मिले और सरकारें जनभावनाओं के प्रति संवेदनशील हों। लेकिन, यह भी उतना ही आवश्यक है कि प्रदर्शन संविधान और कानून की सीमाओं के भीतर हो।


कौन सी आशंका नजरअंदाज करना कठिन?
यदि भीड़ संसद जैसे अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र तक पहुंचने का प्रयास करती है, तो सुरक्षा एजेंसियों का सतर्क होना स्वाभाविक है। साथ ही, यह आशंका भी नजरअंदाज नहीं की जा सकती कि प्रदर्शनकारियों की आड़ में असामाजिक तत्व घुसपैठ कर अराजकता फैलाने का प्रयास कर सकते हैं।

सार्थक बहसों की जगह नारेबाजी और व्यवधान
संसद के भीतर की स्थिति भी कम निराशाजनक नहीं रही। मानसून सत्र का पहला ही दिन कई बार हंगामे और स्थगन की भेंट चढ़ना इस बात का संकेत है कि राजनीतिक दलों के बीच संवाद का संकट गहराता जा रहा है। जब सदन में सार्थक बहसों का स्थान नारेबाजी और व्यवधान लेने लगते हैं, तो लोकतांत्रिक जवाबदेही का सबसे अहम मंच कमजोर पड़ने लगता है।

सरकार का दायित्व क्या?
सदन के सफल संचालन की जिम्मेदारी जितनी सरकार की है, उतनी ही विपक्षी दलों की भी। सरकार का दायित्व है कि वह विपक्ष को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर दे, तो विपक्ष की भूमिका केवल विरोध करने तक सीमित न रहकर, सरकारी नीतियों की तथ्यपरक और रचनात्मक समीक्षा करना भी है।

मतभेदों के बावजूद संवाद जारी रहना अहम
संसद लोकतंत्र की सर्वोच्च संस्था है, तो सड़क, लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति का सबसे स्वाभाविक मंच। यह भी ध्यान रखना होगा कि संसद और सड़क एक-दूसरे के विकल्प नहीं, बल्कि पूरक हैं। सड़क पर उठने वाली आवाजें संसद तक पहुंचनी चाहिए और संसद में होने वाली बहसों का समाधान जनता के बीच दिखाई देना चाहिए। लेकिन अगर हर समस्या का समाधान केवल सड़क पर शक्ति प्रदर्शन या संसद में गतिरोध के रूप में खोजा जाएगा, तो लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का भरोसा ही प्रभावित होगा। भारत जैसे विशाल लोकतंत्र में विचारों का टकराव स्वाभाविक है, पर लोकतंत्र की शक्ति किसी एक पक्ष की जीत में नहीं, बल्कि इस क्षमता में निहित है कि मतभेदों के बावजूद संवाद जारी रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed