{"_id":"6b0a2877cea696b18b0f2516","slug":"mercury-in-fairness-creams-online-sale-kidney-damage-india-regulation-2026-11-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"आप जो ऑनलाइन गोरापन खरीद रहे हैं: फेयरनेस क्रीम के नाम पर जहर का कारोबार, कब तय होगी जवाबदेही?","category":{"title":"Opinion","title_hn":"विचार","slug":"opinion"}}
आप जो ऑनलाइन गोरापन खरीद रहे हैं: फेयरनेस क्रीम के नाम पर जहर का कारोबार, कब तय होगी जवाबदेही?
विज्ञापन
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
सार
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
सब्सक्राइब करें
पारे वाली क्रीम पर सख्त निगरानी जरूरी
- फोटो :
अमर उजाला प्रिंट
विस्तार
केरल के मलप्पुरम में 17 साल की एक किशोरी को इंस्टाग्राम पर ऑर्डर की गई फेयरनेस क्रीम (त्वचा गोरी करने वाली क्रीम) के इस्तेमाल के बाद हुई गंभीर किडनी की समस्या के चलते पिछले सप्ताह अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। अस्पताल के अनुसार, जांच में क्रीम के भीतर पारे (मर्करी) की मात्रा भारत में सौंदर्य प्रसाधनों के लिए केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) द्वारा निर्धारित सीमा से कहीं अधिक पाई गई। एक प्रमुख अखबार के मुताबिक, क्रीम में पारे की मात्रा 12,500 पार्ट्स पर मिलियन (पीपीएम) थी, जबकि इसकी स्वीकृत सीमा एक पीपीएम से कम होनी चाहिए।किशोरी का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उसकी त्वचा के जरिये शरीर में पहुंचे पारे को ‘मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी’ से जोड़ा है। यह एक ऐसी बीमारी है, जिसमें किडनी की फिल्टर करने वाली इकाइयां खराब हो जाती हैं और पेशाब के जरिये प्रोटीन बाहर निकलने लगता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी इस पर संज्ञान लिया है। सरकार ने इसके खिलाफ एक सख्त अभियान शुरू किया है, जिसे ‘ऑपरेशन सौंदर्य’ नाम दिया गया है। किशोरी ने एक साल पहले यह क्रीम खरीदी थी, जिसके विज्ञापन में दावा किया गया था कि रोज रात को क्रीम लगाने से मुंहासे व दाग-धब्बे दूर हो जाएंगे। उसने इसकी तीन बोतलें खरीदी थीं। जब तक वह अस्पताल पहुंची, तब तक उसके शरीर में सूजन और अन्य लक्षण दिखने लगे थे। अब उसकी हालत धीरे-धीरे सुधर रही है।
यह इस बात का ताजा उदाहरण है कि ‘गोरी दिखने’ का यह खतरनाक फितूर हमारे युवाओं को किस तरह नुकसान पहुंचा रहा है। पारा त्वचा के माध्यम से शरीर में प्रवेश करता है, गुर्दों में जमा हो जाता है और लगातार इस्तेमाल से तंत्रिका तंत्र को भी प्रभावित करता है। मरीजों में प्रोटीन रिसाव वाले गुर्दे, सूजन, थकान और कभी-कभी कंपकंपी, अनिद्रा या स्मृति विकार जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। ये लक्षण कई हफ्तों तक रोजाना इस्तेमाल के बाद दिख सकते हैं या गंभीर क्षति होने तक छिपे रह सकते हैं। साझा तौलिये, बिस्तर या निकट संपर्क के माध्यम से दूसरों को भी संक्रमण का खतरा रहता है। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक खतरा होता है।
ऐसे उत्पाद केरल तक ही सीमित नहीं हैं। महाराष्ट्र के अकोला में, एक ही परिवार की तीन महिलाओं की किडनी ऐसी ही क्रीम के लंबे इस्तेमाल के बाद खराब हो गई। इसी वर्ष, ग्लोबल मर्करी पार्टनरशिप की एक रिपोर्ट में बताया गया कि विवेकहीन निर्माताओं ने भारी धातुओं का उपयोग असुरक्षित मात्रा में करना शुरू कर दिया है, क्योंकि ये गहरे दाग के रंग को दबा देते हैं, जिससे त्वचा का रंग साफ हो जाता है। कुछ उत्पाद निर्माताओं पर अब सुरक्षा उल्लंघन के लिए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा मामला दर्ज किया गया है। नियामक ने पारा और सीसा की मात्रा स्वीकार्य सीमा से अधिक होने के चलते पांच कॉस्मेटिक उत्पादों को चिह्नित किया है और उपभोक्ताओं को उनका उपयोग न करने की चेतावनी दी है। जांच में भारी धातुओं की अधिक मात्रा की पुष्टि होने के बाद एजेंसी ने इनके निर्माण और बिक्री को लेकर आपराधिक जांच भी शुरू की है।
एफडीए ने जिन उत्पादों की पहचान की है, उनमें गोरी ब्यूटी क्रीम, गोरी ब्यूटी व्हाइटनिंग बॉडी लोशन, गोरी व्हाइटनिंग साबुन, फेस फ्रेश गोल्ड प्लस (ब्यूटी क्रीम और ब्यूटी सीरम) तथा गोल्डन स्टार ब्यूटी क्रीम शामिल हैं। एफडीए की जांच में पाया गया कि इन उत्पादों पर निर्माण और एक्सपायरी डेट जैसी अनिवार्य जानकारियां भी दर्ज नहीं थीं। इनके साबुन की कीमत 30 रुपये और क्रीम तथा लोशन की 160 से 499 रुपये के बीच है। नियामकीय जानकारी अधूरी होने के बावजूद ये उत्पाद आसानी से बाजार में उपलब्ध हैं।
दिल्ली स्थित शोध संगठन टॉक्सिक्स लिंक के 2021 के एक अध्ययन में कहा गया था कि पारा युक्त उत्पादों पर कानूनी प्रतिबंध के बावजूद भारत में इनकी उपलब्धता एक समस्या बनी हुई है। देश के अलग-अलग हिस्सों में अत्यधिक पारे वाली क्रीमों का मिलना इस बात का संकेत है कि इन उत्पादों को रोकने के लिए कहीं अधिक सघन निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था की जरूरत है। अध्ययन के अनुसार, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट में चिह्नित एजेंसियों, और विशेषकर सीमा शुल्क विभागों को, संसाधनों, तकनीकी और वित्तीय सहायता के रूप में अधिक समर्थन की जरूरत हो सकती है, ताकि ये उत्पाद बाजार में न पहुंच सकें। इसलिए इस बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए स्थानीय, राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर समन्वित अनुपालन तंत्र जरूरी हैं। कॉस्मेटिक्स नियम, 2020 के तहत पारे का जानबूझकर इस्तेमाल प्रतिबंधित है, सिर्फ आंखों के आसपास लगाए जाने वाले उत्पादों में प्रिजर्वेटिव के रूप में सीमित उपयोग की छूट है। अन्य उत्पादों में, अनजाने में रह गई पारे की मात्रा एक पीपीएम तक ही हो सकती है। भारत ‘मिनामाता संधि’ का हिस्सा है, जिसने पारे की यही मात्रा निर्धारित की है। ये नियम बिल्कुल स्पष्ट हैं, लेकिन भारतीय उपभोक्ताओं को सामान बेचने वाले प्लेटफॉर्म्स पर अक्सर इन नियमों की अनदेखी की जाती है। यह हानिकारक व्यापार बिना नियमन वाले ऑनलाइन व अनौपचारिक माध्यमों से जारी है, जहां निर्माण संबंधी जानकारी नदारद होती है, बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं और निगरानी या प्रवर्तन बहुत कमजोर होता है।
भारत के स्किन-केयर बाजार का एक बड़ा हिस्सा आज भी इस धारणा पर टिका है कि गोरा रंग आकर्षण, विवाह की संभावनाओं व सामाजिक हैसियत से जुड़ा है। विज्ञापनों की भाषा ‘फेयरनेस’ से बदलकर ‘ग्लो’ और ‘ब्राइटनिंग’ हो गई है, पर पसंद नहीं बदली। जब कोई उत्पाद कुछ ही दिनों में दिखने वाले नतीजों का वादा करता है और उसे फोन से कहीं भी आसानी से मंगाया जा सकता है, तो ऐसे में कारखाने के गेट पर खत्म होने वाला नियमन नाकाफी होता है। मलप्पुरम की किशोरी तो मात्र एक मरीज है, जिसका प्रमाणित संपर्क इस हफ्ते सार्वजनिक हुआ। महाराष्ट्र के मामले दूसरे उदाहरण हैं। आंकड़े बताते हैं कि इन्हीं ऑनलाइन माध्यमों से उत्तर भारत के खरीदारों तक सैकड़ों ऐसे ही उत्पाद पहुंच रहे हैं। जब तक प्लेटफॉर्म, आयातक और नियामक ऑनलाइन कारोबार को केंद्रीय समस्या नहीं मानते, तब तक ऐसे मामले रुक नहीं सकते।