Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   india-china-border-dispute-arunachal-pradesh-lac-tensions-trust

दोहरी नीति: अरुणाचल पर दावा और सीमा पर शांति की बात, भारत-चीन संबंधों में बहुत चौड़ी है अविश्वास की खाई

Sat, 28 Nov 2026 06:24 AM IST
अमर उजाला Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Sat, 28 Nov 2026 06:24 AM IST
विज्ञापन
सार
हाल ही में, चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि भारत-चीन सीमा पर स्थिति सामान्य तौर पर स्थिर है और दोनों देश सैन्य तथा कूटनीतिक माध्यमों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं, लेकिन उन्होंने अरुणाचल को चीन का हिस्सा भी बताया।
loader
india-china-border-dispute-arunachal-pradesh-lac-tensions-trust
भारत-चीन संबंध - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर हालात सामान्य और स्थिर होने का दावा करने के बावजूद अरुणाचल प्रदेश पर चीन की ओर से संप्रभुता का सवाल उठाना उसकी दोहरी नीति को ही उजागर करता है। चीन का यह रवैया बताता है कि सीमा विवाद को लेकर उसके रुख में अब भी बुनियादी बदलाव नहीं आया है। उल्लेखनीय है कि  हाल ही में, चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि भारत-चीन सीमा पर स्थिति सामान्य तौर पर स्थिर है और दोनों देश सैन्य तथा कूटनीतिक माध्यमों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं, लेकिन उन्होंने अरुणाचल को चीन का हिस्सा भी बताया। यह बयान ऐसे समय आया है, जब अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबनसिरी क्षेत्र में चीनी सैनिकों की आक्रामक गतिविधियों की खबरों के मध्य दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के बीच कई दिनों तक बातचीत हुई। इससे पहले सितंबर में भी दोनों सेनाओं के कमांडरों के बीच दो दौर की फ्लैग मीटिंग हुई थी। जाहिर है कि सीमा पर तनाव के कारण परस्पर संवाद की जरूरत लगातार बनी हुई है। यह पहली बार नहीं है, जब चीन ने अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा जताया हो। वह समय-समय पर भारतीय नेताओं की राज्य यात्रा और वहां की विकास परियोजनाओं पर भी आपत्ति जताता रहा है। दूसरी ओर, भारत ने हमेशा स्पष्ट किया है कि अरुणाचल प्रदेश उसका अभिन्न अंग है और चीन के ऐसे दावों का कोई आधार नहीं है। चीन की तरफ से दिए जाने वाले ऐसे बयान दर्शाते हैं कि 2020 में गलवां घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद भारत और चीन के संबंधों में पैदा हुआ अविश्वास अब भी पूरी तरह दूर नहीं हुआ है। भारत और जापान के बीच हाल ही में हुई मंत्री स्तरीय टू प्लस टू वार्ता पर चीन की प्रतिक्रिया भी उसके इसी दृष्टिकोण को सामने लाती है। दरअसल, इस दौरान भारत व जापान के बीच सहयोग को चीन ने जापान के बढ़ते सैन्यीकरण से जोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सतर्क रहने की सलाह दी है। गौरतलब है कि वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए रखना दोनों देशों के हित में है। इसके लिए जरूरी है कि सैन्य स्तर पर बनी सहमतियों का ईमानदारी से पालन हो और सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियों या ऐसे विवादास्पद बयानों से बचा जाए, जिनसे तनाव बढ़ सकता है। भारत-चीन संबंधों में सुधार का रास्ता आपसी सम्मान, विश्वास और वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति से होकर गुजरता है। चीन को तय करना है कि वह इस दिशा में आगे बढ़ना चाहता है या अपने पुराने झूठे दावों को दोहराकर द्विपक्षीय संबंधों में अविश्वास की खाई और चौड़ी करना चाहता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed