वित्तीय वर्ष: परंपरा, चुनौतियां और संभावनाएं
वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से 31 मार्च तक इसलिए निर्धारित किया गया क्योंकि यह ब्रिटेन की वित्तीय प्रणाली से मेल खाता था। 1867 में इसे भारत में लागू किया गया, ताकि ब्रिटिश प्रशासन अपनी वित्तीय गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित कर सके।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वित्तीय वर्ष (Financial Year) किसी भी देश की आर्थिक और प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार होता है। भारत में वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से शुरू होकर 31 मार्च को समाप्त होता है। यह व्यवस्था ब्रिटिश शासनकाल से चली आ रही है और आज भी बनी हुई है। हालांकि, समय-समय पर इसे बदलने की मांग उठती रही है, जिससे आर्थिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
भारतीय संविधान में वित्तीय वर्ष का कोई सीधा उल्लेख नहीं है, लेकिन संविधान के अनुच्छेद 112 के तहत वार्षिक वित्तीय विवरण (बजट) प्रस्तुत करने की बात कही गई है। यह परंपरा ब्रिटिश शासन से चली आ रही है और वर्तमान में इसे सरकारी अधिनियमों के माध्यम से विनियमित किया जाता है।
भारत में वित्तीय वर्ष की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से 31 मार्च तक इसलिए निर्धारित किया गया क्योंकि यह ब्रिटेन की वित्तीय प्रणाली से मेल खाता था। 1867 में इसे भारत में लागू किया गया, ताकि ब्रिटिश प्रशासन अपनी वित्तीय गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित कर सके। हालांकि, दुनिया के कई देशों में वित्तीय वर्ष अलग-अलग समयावधियों में होता है, जैसे अमेरिका में 1 अक्टूबर से 30 सितंबर, ऑस्ट्रेलिया में 1 जुलाई से 30 जून, चीन: 1 जनवरी से 31 दिसंबर और जापान में 1 अप्रैल से 31 मार्च की अवधि में प्रचलित है।
भारत में इसे कैलेंडर वर्ष (1 जनवरी से 31 दिसंबर) के अनुरूप नहीं रखा गया क्योंकि इससे कृषि उत्पादन, मानसून चक्र और कर संग्रह की प्रक्रिया में जटिलताएँ उत्पन्न हो सकती थीं। भारत एक कृषि प्रधान देश है, जहाँ खरीफ और रबी फसलों की कटाई एवं विक्रय का समय वित्तीय वर्ष की मौजूदा अवधि के अनुरूप बैठता है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रमुख चुनौतियां
भारत में नए वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कई आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक चुनौतियां सामने आएंगी। वैश्विक स्तर पर रूस-यूक्रेन युद्ध और इजरायल-हमास संघर्ष जैसे भू-राजनीतिक तनावों का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है, जिससे कच्चे तेल और गैस की कीमतों में अस्थिरता के चलते मुद्रास्फीति और चालू खाता घाटा बढ़ने की आशंका है।
महंगाई और ब्याज दरों का दबाव भी एक बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि खाद्य पदार्थों और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है और भारतीय रिजर्व बैंक को ब्याज दरों में संतुलन बनाना पड़ सकता है। रोजगार और औद्योगिक विकास के मोर्चे पर नई नौकरियों के सृजन और एमएसएमई क्षेत्र को समर्थन देने की जरूरत होगी, वहीं विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में तेज़ी बनाए रखना भी आवश्यक होगा।
राजकोषीय घाटा और कर संग्रह सरकार के लिए एक अहम चुनौती रहेगी, क्योंकि चुनावी साल के खर्चों के बाद वित्तीय अनुशासन बनाए रखना जरूरी होगा। कृषि क्षेत्र में अनियमित मानसून और जलवायु परिवर्तन से फसल उत्पादन प्रभावित हो सकता है, जिससे किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य और कृषि सुधारों पर नए कदम उठाने की आवश्यकता होगी।
डिजिटल और तकनीकी बदलाव के संदर्भ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ब्लॉकचेन और डिजिटल करेंसी जैसी नई तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ साइबर सिक्योरिटी को भी मज़बूत करना जरूरी होगा।
बुनियादी ढांचे के विकास और ऊर्जा संकट से निपटने के लिए रेलवे, सड़क, बिजली और जल आपूर्ति जैसी सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान देना होगा, जबकि ग्रीन एनर्जी और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अधिक निवेश करने की आवश्यकता होगी।
लोकसभा चुनाव 2024 के बाद की नीतिगत स्थिरता भी एक अहम मुद्दा होगी, जिसमें नई सरकार की आर्थिक नीतियां और निवेशकों का विश्वास बनाए रखने की चुनौती रहेगी। इन सबके बीच, सरकार को एक संतुलित नीति अपनानी होगी ताकि आर्थिक विकास की गति बनी रहे और सामाजिक-आर्थिक असमानताओं को कम किया जा सके। भारत में वार्षिक बजट वित्तीय वर्ष के आधार पर तैयार किया जाता है।
पहले बजट 28 फरवरी को पेश किया जाता था, लेकिन 2017 से इसे 1 फरवरी को प्रस्तुत किया जाने लगा, ताकि सरकार को नीतियों को लागू करने के लिए अधिक समय मिल सके। मार्च के अंतिम दिनों में सरकारी विभागों में बजट खर्च करने की होड़ मच जाती है, जिससे कई बार अनावश्यक खर्चे भी हो जाते हैं।
कंपनियां अपनी बैलेंस शीट, वार्षिक रिपोर्ट और कर भुगतान इसी अवधि के आधार पर करती हैं, जिससे यह एक मानक समयसीमा बन चुकी है। पूरे वित्तीय वर्ष की आर्थिक गतिविधियों का आकलन करके सरकार अगले वर्ष की नीतियाँ निर्धारित करती है।
वित्तीय वर्ष में बदलाव के मांग उठती रही
भारत में वित्तीय वर्ष को बदलकर जनवरी-दिसंबर करने की मांग समय-समय पर उठती रही है। यदि इसे बदला जाता है, तो इसके कुछ संभावित लाभ और चुनौतियाँ हो सकती हैं. बदलाव के पक्ष में तर्क यह कि बदलाव से वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ तालमेल बैठाने में मदद मिलेगी और नीति निर्माण में कृषि और मौसम चक्र के अनुसार अधिक लचीलापन रहेगा।
जबकि बदलाव के कारण आशंका जताई जाती है कि बदलाव से सरकारी और कॉर्पोरेट क्षेत्र को नई प्रणाली में समायोजन करने में समय लगेगा। तथा लेखांकन, कर और अन्य प्रक्रियाओं में बड़े बदलाव की जरूरत होगी। जबकि कृषि उत्पादन, मानसून चक्र और कर संग्रह की प्रक्रिया में जटिलता आदि मुद्दे तो पहले से ही प्रभावी रहे हैं।
वित्तीय वर्ष केवल एक प्रशासनिक अवधारणा नहीं है, बल्कि यह अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी है। इसे बदलने को लेकर कई तर्क दिए जाते हैं, लेकिन इसका कोई भी बदलाव गहन अध्ययन और तैयारी के बिना संभव नहीं होगा।
भारत के आर्थिक और सामाजिक परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ही कोई निर्णय लिया जाना चाहिए। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत हमेशा आर्थिक नीतियों की नई दिशा तय करने का अवसर लाती है, और इसका समुचित उपयोग करना प्रत्येक नागरिक और व्यवसाय के लिए आवश्यक है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।