Something Big Is Happening: 1 से 5 साल में बदल जाएगी दुनिया, AI प्रोफेशनल ने बताया खतरनाक सच
Something Big Is Happening में मैट शूमर एक चौंकाने वाली हकीकत सामने रखते हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब उस स्तर तक पहुंच चुका है, जहां वह इंसानों का काम उनसे बेहतर करने लगा है। उनके अनुभव इशारा करते हैं कि यह कोई दूर का भविष्य नहीं, बल्कि ऐसा बदलाव है जो अभी इसी समय हमारी जिंदगी और नौकरियों पर दस्तक दे रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर अब तक ज्यादातर चर्चाएं अनुमान, भविष्यवाणी और संभावनाओं के आस-पास घूमती रही हैं। हालांकि, कुछ चेतावनियां ऐसी होती हैं जो भविष्य के डर के साथ साथ वर्तमान के अनुभव से भी जन्म लेती हैं। इसी बीच Something Big Is Happening नाम से एक आर्टिकल इन दिनों काफी चर्चा में है। इसे एआई इंडस्ट्री में काम कर रहे Matt Shumer ने लिखा है।
शूमर का यह लेख काफि चिंताजनक है और वह इस बारे में बात नहीं करता कि एआई क्या कर सकता है बल्कि वह साफ शब्दों में बताता है कि एआई क्या कर चुका है। यह आर्टिकल उस बारे में बताता है कि जब एक अनुभवी टेक प्रोफेशनल को यह एहसास हुआ कि जिस काम के लिए उसकी विशेषज्ञता की जरूरत थी, वही काम अब मशीन उससे बेहतर ढंग से कर रही हैं। यह कोई अचानक आई क्रांति नहीं, बल्कि तेजी से बढ़ती क्षमताओं की एक ऐसी श्रृंखला है, जिसे बाहर से देखने वाले लोग अभी ठीक से समझ नहीं पा रहे हैं।
इस लेख की सबसे गंभीर बात यह है कि यह डर फैलाने की कोशिश नहीं करता। इसमें न तो सनसनी है, न ही भविष्य का अंधा अनुमान। इसके बजाय यह एक शांत लेकिन गहरी चिंता व्यक्त करता है कि जिस बदलाव को आम लोग अभी जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया मान रहे हैं, वह बदलाव पहले ही शुरू हो चुका है। शायद उसी तरह जैसे 2020 की शुरुआत (कोरोना महामारी आने से पहले) में हुआ था। दुनिया को इसका एहसास तब होगा, जब पीछे लौटने का रास्ता बहुत छोटा रह जाएगा। आगे मैट शुमर ने जो लिखा है उसका हिंदी अनुवाद है -
मैट शुमर
फरवरी 2020 को याद कीजिए, अगर आप बहुत ध्यान से देख रहे होते, तो शायद आपने कुछ लोगों को विदेशों में फैल रहे एक वायरस के बारे में बात करते सुना होता। लेकिन ज्यादातर लोग इस बारे में ध्यान नहीं दे रहे थे। शेयर बाजार अच्छे से काम कर रहा था। बच्चे स्कूल जा रहे थे। आप रेस्टोरेंट में जाकर अच्छे भोजन का लुत्फ उठा रहे थे, लोगों से हाथ मिला रहे थे, यात्राओं की प्लानिंग कर रहे थे। इस बीच अगर कोई कहता कि वह टॉयलेट पेपर जमा कर रहा है, तो आपको लगता कि वह इंटरनेट के किसी अजीब कोने में ज्यादा समय बिता रहा है।
इसके बाद लगभग तीन हफ्तों के अंदर पूरी दुनिया बदल गई। आपका ऑफिस बंद हो गया। बच्चों का स्कूल ट्यूशन जाना बंद हो गया। आपकी जिंदगी कुछ इस तरह बदली, जिसके बारे अगर एक महीने पहले कोई आपको बताता, तो आप उस पर विश्वास नहीं करते। मुझे लगता है हम फिर उसी तरह के दौर में हैं। मैं सच में मानता हूं कि हम अभी ये कुछ ज्यादा ही बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है वाले चरण में हैं। हालांकि, इस बार जो आने वाला है, वह कोविड से कहीं ज्यादा बड़ा है। मैंने पिछले छह साल एआई स्टार्टअप बनाने और इस क्षेत्र में निवेश करने में बिताए हैं। मैं इसी दुनिया में रहता हूं। और मैं यह उन लोगों के लिए लिख रहा हूं जो इस दुनिया (AI World) में नहीं हैं। मेरा परिवार, मेरे दोस्त, वे लोग जिनकी मुझे परवाह है, जो बार-बार मुझसे पूछते हैं, तो एआई का असली मामला क्या है? और मैं उन्हें हमेशा एक सभ्य, कॉकटेल-पार्टी वाला जवाब देता रहा हूं। क्योंकि अगर मैं ईमानदार जवाब देता, तो लगता जैसे मैं पागल हो गया हूं।
कुछ समय तक मुझे लगा, ठीक है, यही सही है। लेकिन अब जो मैं कह रहा हूं और जो वास्तव में हो रहा है, उनके बीच का अंतर बहुत ज्यादा हो गया है। मैं जिन लोगों की परवाह करता हूं, उन्हें सच जानने का हक है, चाहे वह सच सुनने में कितना ही अजीब क्यों न लगे।
भले ही मैं एआई में काम करता हूं, लेकिन जो होने वाला है, उस पर मेरा लगभग कोई नियंत्रण नहीं है। सच कहूं तो पूरे एआई इंडस्ट्री के ज्यादातर लोगों का भी नहीं। भविष्य को कुछ सौ लोग आकार दे रहे हैं, कुछ गिनी-चुनी कंपनियों में काम करने वाले शोधकर्ता। एक अकेला एआई मॉडल, जिसे कुछ महीनों तक एक छोटी टीम ट्रेन करती है, पूरी तकनीक की दिशा बदल सकता है। हम में से ज्यादातर लोग बस उन्हीं नींवों पर काम कर रहे हैं, जो हमने खुद नहीं बनाई। हम भी इसे होते हुए देख रहे हैं बस फर्क इतना है कि हम जमीन को पहले हिलते हुए महसूस कर लेते हैं।
अब कभी बाद में बात करेंगे वाला समय नहीं है, यह अभी हो रहा है और जरूरत है कि आप इसे समझें। यह मेरे साथ पहले हो चुका है। टेक इंडस्ट्री के बाहर के लोग एक बात नहीं समझते कि एआई को लेकर जो लोग अभी अलार्म बजा रहे हैं, वे भविष्य की भविष्यवाणी नहीं कर रहे। वे बता रहे हैं कि उनके साथ पहले ही क्या हो चुका है और चेतावनी दे रहे हैं कि अब आपके साथ ये होने वाला है। शुरुआत में एआई धीरे-धीरे बेहतर हो रहा था। बीच-बीच में बड़े सुधार होते थे, लेकिन उनके बीच इतना समय होता था कि आप उसे समझ सकें। फिर 2025 मे एआई मॉडल बनाने की नई तकनीकों ने गति को अचानक तेज कर दिया। और फिर और तेज और फिर उससे भी तेज।
हर नया मॉडल सिर्फ बेहतर नहीं था, वह पिछले वाले से कई गुना बेहतर था। और नए मॉडल आने के बीच का समय कम होता जा रहा था। फिर 5 फरवरी को कुछ बदल गया। 5 फरवरी को एक ही दिन में दो बड़े एआई मॉडल आए एक OpenAI से (GPT-5.3 Codex), और एक Anthropic से (Opus 4.6), तभी मुझे एहसास हुआ। ऐसा नहीं कि जैसे बत्ती जली हो, बल्कि जैसे अचानक समझ आ गया हो कि पानी कब का चढ़ चुका है और अब छाती तक आ गया है। सच यह है, अब मुझे अपने तकनीकी काम की जरूरत नहीं। अब मैं एआई को साधारण अंग्रेजी में बताता हूं कि मुझे क्या बनवाना है और वह बस बन जाता है। कोई कच्चा ड्राफ्ट नहीं। कोई सुधार की जरूरत नहीं। पूरा तैयार काम। मैं चार घंटे के लिए कंप्यूटर से उठ जाता हूं और लौटकर देखता हूं कि काम मुझसे बेहतर तरीके से हो चुका है। कुछ महीने पहले तक मैं एआई से बार-बार चर्चा करता था। अब मैं सिर्फ परिणाम बताता हूं और छोड़ देता हूं।
इसे एक उदाहरण से समझें। मैं एआई से कहता हूं मुझे एक एप बनाना है। इसका काम करने का तरीका और दिखने में कुछ ऐसा होगा। यूजर फ्लो, डिजाइन सब तुम तय करो। इसके बाद एआई हजारों लाइनों का कोड लिखता है। खुद एप खोलता है। बटन क्लिक करता है। फीचर्स टेस्ट करता है। अगर कुछ सही नहीं लगता, तो खुद ही बदलता है। बार-बार सुधार करता है जब तक उसे खुद संतुष्टि न हो जाए। सब कुछ फाइनल होने के बाद वह मुझसे कहता है, अब आप टेस्ट कर सकते हैं। ज्यादातर समय, वह परफेक्ट होता है। मैं कोई बढ़ा-चढ़ाकर बात नहीं कर रहा हूं। यह मेरा सोमवार का अनुभव था। इस बार एआई में कुछ नया था। यह सिर्फ आदेश नहीं मान रहा था। यह फैसले ले रहा था। पहली बार मुझे ऐसा लगा जैसे इसमें जजमेंट, टेस्ट और सही क्या है की समझ है। इस बारे में कहा जाता था कि एआई में ये चीजें कभी नहीं आएंगी। अब फर्क करना मुश्किल हो रहा है कि यह सच में है या नहीं, क्योंकि असर वही है।
एआई लैब्स ने शुरुआत से ही एक सोच-समझकर तय की गई रणनीति अपनाई। उन्होंने सबसे पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को कोड लिखने में माहिर बनाने पर अपना ध्यान केंद्रित किया। इसकी वजह सीधी है एआई को विकसित करने में खुद भारी मात्रा में कोड की जरूरत होती है। अगर एआई यह कोड खुद लिख सकता है, तो वह अपने अगले अपग्रेडेड वर्जन के निर्माण में भी सहायता दे सकता है। यानी एक ऐसा चक्र, जहां ज्यादा समझदार एआई बेहतर कोड लिखें और वही बेहतर कोड उससे भी ज्यादा समझदार एआई को जन्म दे।
एआई को कोडिंग में उत्कृष्ट बनाना केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं थी, बल्कि वह दरवाजा था जिसने बाकी सभी क्षमताओं के रास्ते खोल दिए। इसी कारण सबसे पहले सॉफ्टवेयर इंजीनियरों के काम में बदलाव दिखाई दिया। यह किसी खास पेशे को निशाना बनाने का परिणाम नहीं था बल्कि उस दिशा का स्वाभाविक असर था जहां पर एआई के विकास की पहली मार पड़ी। अब यह चरण पूरा हो चुका है और अब एआई की यह क्षमता दूसरे क्षेत्रों की ओर बढ़ रही है।
पिछले एक साल में टेक प्रोफेशनल्स ने जिस बदलाव को महसूस किया है, जहां एआई एक मददगार औजार से आगे बढ़कर ऐसा सिस्टम बन गया है जो कई काम उनसे बेहतर कर रहा है। वही अनुभव अब बाकी पेशों के सामने आने लगे हैं। कानून, फाइनेंस, हेल्थकेयर, अकाउंटिंग, कंसल्टिंग, लेखन, डिजाइन, विश्लेषण और कस्टमर सर्विस। यह बदलाव दस साल बाद नहीं आएगा। इन सिस्टम्स को बनाने वाले लोग खुद कहते हैं कि समयसीमा एक से पांच साल की है। कुछ का मानना है कि इससे भी कम और हाल के महीनों में जो प्रगति देखने को मिली है, उसे देखते हुए लगता है कि यह बदलाव हमारी उम्मीद से कहीं जल्दी सामने आ सकता है।
ज्यादातर लोग एआई मॉडल का फ्री वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं। वह एक साल पीछे है। यह ऐसा है जैसे आप फ्लिप फोन देखकर स्मार्टफोन की दुनिया को जज कर रहे हों। जो लोग पैसे देकर, रोजाना एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं, वे जानते हैं क्या आने वाला है। नौकरियां क्यों अलग तरह से खतरे में हैं? यह पिछली ऑटोमेशन जैसी नहीं है। एआई किसी एक स्किल को नहीं बदल रहा। यह सोचने का काम बदल रहा है। अगर आपका काम स्क्रीन पर होता है, पढ़ना, लिखना, विश्लेषण, निर्णय, तो एआई उसमें आ रहा है।
आपको क्या करना चाहिए? डरने के लिए नहीं लिख रहा। बल्कि इसलिए कि अभी भी जल्दी करने का फायदा है। एआई को गंभीरता से इस्तेमाल करें। पेड वर्जन लें। सबसे बेहतर मॉडल चुनें, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी इसे अपने असली काम में लगाएं। दिन में एक घंटा एआई के साथ प्रयोग करें। छह महीने में आप 99 प्रतिशत लोगों से आगे होंगे। यह कोई ट्रेंड नहीं है। यह काम करता है। यह तेजी से बेहतर हो रहा है। और दुनिया की सबसे ताकतवर संस्थाएं इसमें अरबों-खरबों लगा रही हैं। अगले 2 से 5 साल अजीब होंगे। भ्रमित करने वाले होंगे। जो लोग अभी जुड़ेंगे जिज्ञासा के साथ, तत्कालता के साथ, वे सबसे बेहतर निकलेंगे। यह भविष्य की चर्चा नहीं है। भविष्य आ चुका है। बस अभी आपके दरवाजे पर दस्तक नहीं दी है। वह जल्द दस्तक देगा।
सबसे जरूरी बात यह है कि एआई से केवल छोटे-मोटे सवाल पूछकर ही संतुष्ट न हों। यही वह गलती है जो ज्यादातर लोग करते हैं। वे एआई को गूगल की तरह इस्तेमाल करते हैं और फिर कहते हैं कि इसमें खास क्या है। असल फायदा तब सामने आता है, जब आप इसका इस्तेमाल अपने वास्तविक काम के लिए करते हैं।
अगर आप वकील हैं, तो सिर्फ कानूनी जानकारी पूछने तक सीमित न रहें पूरा कॉन्ट्रैक्ट एआई को दें और उससे कहें कि वह ऐसे सभी क्लॉज खोजे जो आपके क्लाइंट के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं। अगर आप फाइनेंस में हैं तो बिखरे हुए और उलझे डाटा वाली स्प्रेडशीट दें और कहें कि वह उससे पूरा फाइनेंशियल मॉडल तैयार करे। अगर आप मैनेजर हैं तो अपनी टीम का तिमाही डाटा डालें और एआई से पूछें कि इसमें असली कहानी क्या है? जो लोग तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, वे एआई को हल्के-फुल्के प्रयोग की तरह नहीं ले रहे, वे जानबूझकर उन कामों को ऑटोमेट करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनमें पहले घंटों लगते थे। शुरुआत उसी काम से करें, जिसमें आपका सबसे ज्यादा समय जाता है।
यह मानकर न चलें कि कोई काम एआई के लिए बहुत मुश्किल है। पहले आजमाएं। वकील सिर्फ रिसर्च तक न रुकें, पूरा मामला दें और उससे काउंटर ड्राफ्ट बनवाएं। अकाउंटेंट सिर्फ नियम समझाने को न कहें, क्लाइंट का पूरा रिटर्न दें और देखें कि एआई क्या पकड़ता है। पहली कोशिश पर परिणाम परफेक्ट न हो, तो भी कोई बात नहीं। सवाल को दोबारा ढालें, ज्यादा संदर्भ दें, फिर प्रयास करें। आप हैरान हो सकते हैं कि कितना कुछ काम कर जाता है। और एक बात याद रखें, अगर आज कोई काम एआई थोड़ा-बहुत भी कर पा रहा है, तो छह महीने बाद वही काम लगभग बेहतरीन स्तर पर होने की पूरी संभावना है। इस तकनीक की दिशा सिर्फ आगे की ओर है, पीछे की नहीं।
यह साल आपके करियर का सबसे निर्णायक साल साबित हो सकता है। यह बात डराने के लिए नहीं कही जा रही, बल्कि सचेत करने के लिए है। इस समय एक छोटा-सा मौका मौजूद है, जब ज्यादातर लोग और कंपनियां अभी भी एआई को गंभीरता से नहीं ले रही हैं। ऐसे माहौल में वह व्यक्ति सबसे ज्यादा मूल्यवान बन जाता है, जो मीटिंग में यह कह सके कि उसने वही विश्लेषण एआई की मदद से एक घंटे में कर लिया, जिसमें पहले तीन दिन लगते थे। यह फायदा भविष्य में नहीं, अभी मिल रहा है। इसलिए इन टूल्स को सीखिए, उनमें दक्ष बनिए और दिखाइए कि उनसे क्या-क्या संभव है। जो लोग समय रहते आगे बढ़ते हैं, वही बदलाव की दिशा समझकर दूसरों को रास्ता दिखाते हैं। यह अवसर हमेशा खुला नहीं रहेगा।
साथ ही अपनी आर्थिक स्थिति पर भी ध्यान दें। बचत बढ़ाएं, अनावश्यक कर्ज लेने से बचें और अपने खर्चों में लचीलापन रखें, ताकि बदलाव तेज होने पर आपके पास विकल्प हों। जहां आप खड़े हैं, उस पर सोचिए और उन क्षमताओं पर ध्यान दीजिए जिन्हें बदलना सबसे मुश्किल है, जैसे वर्षों में बने रिश्ते, भरोसा, शारीरिक मौजूदगी वाला काम और कानूनी जिम्मेदारी वाले रोल।
अपने बच्चों को भी नए समय के लिए तैयार करें। केवल पारंपरिक करियर रास्तों पर भरोसा करने के बजाय उन्हें सीखने, बनाने और बदलते हालात के साथ ढलने की आदत सिखाएं। इसी बदलाव में एक सकारात्मक पक्ष भी है, अब सपनों को साकार करने की बाधाएं पहले से कहीं कम हो गई हैं। सीखना, बनाना और प्रयोग करना पहले से सस्ता और आसान है। सबसे जरूरी बात यह है कि बदलाव के साथ खुद को ढालने की आदत डालें, क्योंकि यही आज के दौर की सबसे बड़ी ताकत है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।